Last Updated:
दिल्ली से सटे नोएडा में हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस चौकन्नी है. यही वजह है कि लेबर डे के मौके पर नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह खुद उन प्रभावित इलाकों में मुआयना करने पहुंचीं, जहां मजदूरों के प्रदर्शन के दौरान पथराव और आगजनी हुई थी. हालांकि अब वहां स्थिति बिल्कुल सामान्य है.
श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के दौरान प्रभावित क्षेत्रों का लेबर डे के मौके पर पहुंचीं नोएडा पुलिस कमिश्नर.
गौतमबुद्ध नगरः नोएडा में जिन जगहों पर श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन हुए थे, अब वहां हालात बिल्कुल सामान्य हैं. श्रमिक अपना हर रोज की तरह आते हैं और काम पर चले जाते हैं. यानी कि कुल मिलाकर श्रमिकों के प्रदर्शन के बाद अब प्रभावित इलाकों में हालात सामान्य बन गए हैं. हालांकि लेबर डे के मौके पर शुक्रवार को एक बार फिर नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह नोएडा के इंडस्ट्रियल इलाके में फोर्स के साथ घूमती नजर आईं.
क्या बोलीं नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह
न्यूज 18 इंडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि आज सभी जगह पर हालात सामान्य हैं. कंपनियां खुली हुई हैं. श्रमिकों ने उसमें काम संभाला है. कुछ कंपनियों में जहां पर छुट्टियां होती हैं, वहां पर आज छुट्टी दी गई है. श्रमिक ऑर्गेनाइजेशन ने अपना लेबर डे का जो कार्यक्रम होता है, वह मनाया है. पिछले कुछ दिनों में श्रमिकों से लगातार संवाद स्थापित हुआ था. उन्हें समझाया गया था और उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से श्रमिकों के हित में निर्णय लिए गए थे, जिसका अच्छा फल भी देखने को मिला.
सही तरीके से काम कर रहे हैं श्रमिक
उन्होंने कहा कि हम लोग लगातार इस तरह की चीज कर रहे थे. अलग-अलग अफसर को अलग-अलग जगह पर तैनात कर रहे थे. लोगों से संवाद कर रहे थे, उसी में आज भी यह व्यवस्था की गई है. उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रमिकों के हित में जितने भी निर्णय लिए हैं, उससे श्रमिक संतुष्ट हैं और वह अपना काम सुचारु रूप से कर रहे हैं. आज लेबर डे पर हमारे वहां जो भी कॉल आई थी, उनमें यूनियंस जो अपने लेबर डे मना रहे थे, वह भी सकुशल संपन्न किए गए.
मजदूर दिवस पर नोएडा में बढ़ाई गई सुरक्षा
नोएडा में हाल में श्रमिकों द्वारा बड़े पैमाने पर किए गए विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर प्रशासन और पुलिस ने एक मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस से पहले सुरक्षा बढ़ा दी है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी थी. पुलिस ने बताया कि पूरे जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और औद्योगिक इकाइयों और प्रमुख चौराहों सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गहन निगरानी की जा रही है. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 (जो पांच से अधिक लोगों के गैरकानूनी जमावड़े पर रोक लगाती है) 30 अप्रैल से आठ मई तक लागू की गई है. पुलिस ने बताया कि प्रमुख औद्योगिक इकाइयों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, लघु औद्योगिक समूहों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर टीमें तैनात की गई हैं, जबकि मोबाइल गश्ती इकाइयां लगातार निगरानी रख रही हैं.
About the Author

Prashant Rai am currently working as Chief Sub Editor at News18 Hindi Digital, where he lead the creation of hyper-local news stories focusing on politics, crime, and viral developments that directly impact loc…और पढ़ें


