Last Updated:
Who is Akshat Raghuwanshi hits first ball of IPL career for a six: मध्यप्रदेश के 22 वर्षीय बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी ने अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर तहलका मचा दिया. मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना डेब्यू आईपीएल मैच खेल रहे इस युवा स्टार ने विल जैक्स की पहली ही गेंद को 89 मीटर दूर मारा और इस लीग इतिहास के ऐसे 11वें बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने आईपीएल करियर की शुरुआत सिक्स के साथ की.
अक्षत रघुवंशी ने आईपीएल करियर की पहली गेंद पर ही जड़ा सिक्स.
नई दिल्ली. आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में नया नाम जुड़ चुका है. 22 साल के बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी ये कारनामा करने वाले आईपीएल इतिहास के 11वें बल्लेबाज बने हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए अपने डेब्यू आईपीएल मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अक्षत ने पहली ही गेंद को सिक्स के लिए भेजा. अक्षत क्रीज पर आए तो उनके सामने विल जैक्स थे, जिनकी हेंड को इस युवा बैटर ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से 89 मीटर दूर मारकर 6 रन बटोरे. दिलचस्प यह है कि वह भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को अपना आइडल मानते हैं और उन्हीं के सामने अपने आईपीएल डेब्यू मैच में पहली गेंद पर छक्का लगाया. आइए जानते हैं इस युवा स्टार के बारे में…
पहली ही गेंद पर जमाया सिक्स
वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 11वें ओवर की चौथी गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत के रूप में चौथा विकेट गंवाया. पंत के आउट होने के बाद क्रीज पर आए डेब्यूटेंट अक्षत रघुवंशी. सामने थे विल जैक्स. राउंड द विकेट से जैक्स ने एक फुल लेंथ गेंद फेंकी, जिसपर अक्षत ने जोर से बल्ला घुमाया. संपर्क और टाइमिंग इतनी अच्छी थी कि गेंद बल्ले से लगकर सीधा बाउंड्री रोप के पार जाकर गिरी. हालांकि, वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए. एक और डेब्यूटेंट रघु शर्मा ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया. अक्षत 7 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए.
कौन हैं अक्षत रघुवंशी?
लखनऊ की टीम ने पिछले साल की नीलामी में अक्षत को 2.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. 2025 के मध्य प्रदेश लीग में अपने शानदार प्रदर्शन की वजह से वे काफी डिमांड में थे. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाने की काबिलियत ने उन्हें 2026 सीजन के सबसे भरोसेमंद युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है.
बचपन से ही था क्रिकेट का जुनून
रघुवंशी का क्रिकेट का सफर बहुत कम उम्र में शुरू हो गया था. ग्वालियर में अपने पिता की देखरेख में उन्होंने महज तीन साल की उम्र से ही बल्ला थाम लिया था. उम्र के साथ वे खेल में बेहतर होते गए और 2021-22 के रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने अपनी असली पहचान बनाई. मध्य प्रदेश की टीम से खेलते हुए उन्होंने मेघालय के खिलाफ अपने पहले ही मैच में शानदार शतक जड़ दिया और दूसरे मैच में भी अर्धशतक बनाकर अपनी काबिलियत साबित की.
घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन
सिर्फ लाल गेंद ही नहीं, रघुवंशी ने कप्तानी में भी हाथ आजमाया है. उन्होंने ‘वीनू मांकड़ ट्रॉफी’ में मध्य प्रदेश की U-19 टीम की कप्तानी की. लिस्ट ए क्रिकेट में 17 पारियों में 361 रन बनाए. औसत भले ही 22.81 का है, लेकिन उनके खेलने के आक्रामक अंदाज ने सबका ध्यान खींचा. अक्षत ने T20 फॉर्मेट में 7 मैचों में 63 रन बनाए हैं, जहां उनका स्ट्राइक रेट 131.25 रहा है, जो उनके बड़े हिट लगाने की क्षमता को दर्शाता है.
मध्य प्रदेश लीग से मिली पहचान
रोहित शर्मा को अपना आदर्श मानने वाले इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने सबसे ज्यादा सुर्खियां ‘मध्य प्रदेश लीग’ में बटोरीं. वहां उन्होंने सिर्फ 4 मैचों में 177.04 के स्ट्राइक रेट से 239 रन कूट डाले, जिसमें 56 गेंदों पर 115 रनों की एक तूफानी पारी भी शामिल थी. उन्हें उनके निडर अंदाज और उनके सिग्नेचर शॉट ‘नौ-लुक अपर कट’ के लिए जाना जाता है. किस्मत का खेल देखिए रघुवंशी को अपना IPL डेब्यू अपने ही रोल मॉडल रोहित शर्मा के सामने खेलने को मिला और उन्होंने छक्का जड़कर अपनी काबिलियत दिखाई. आने वाले मुकाबलों में वह बड़ी पारी खेलकर टीम को अपनी ताकत दिखाने का प्रयास करेंगे.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


