Last Updated:
Ashoke Dinda Moyna Assembly Election Results 2026: पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा पश्चिम बंगाल की मोयना विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार जीत चुके हैं. 42 साल के अशोक डिंडा ने बीजेपी के टिकट पर तृणमूल कांग्रेस पार्टी के अपने निकटतम उम्मीदवार चंदन मंडल पर एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की.
अशोक डिंडा लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए
कोलकाता: आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है. ममता बनर्जी का 15 साल का किला ढह चुका है. तृणमूल कांग्रेस पार्टी (टीएमसी) के खिलाफ बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिला है. इस जीत में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी अशोक डिंडा की भी हिस्सेदारी है. डिंडा पूर्वी मिदनापुर जिले के मोयना विधानसभा सीट से जीत चुके हैं. भारत के लिए 25 इंटरनेशल मैच खेलने वाले अशोक डिंडा ने खबर लिखे जाने तक टीएमसी के अपने निकटतम उम्मीदवार चंदन मंडल के खिलाफ लगभग 15 हजार से ज्यादा वोट की लीड बनाए हुए थे.
लगातार दूसरी बार विधायक बने डिंडा
25 मार्च 1984 को कलकत्ता के मेदनीपुर में पैदा हुए अशोक डिंडा पिछली बार भी विधानसभा चुनाव जीतने में कामयाब रहे थे. तब उन्होंने इसी मोयना सीट से टीएमसी के सीटिंग एमएलए संग्राम कुमार दोलाई को 1260 से ज्यादा वोट से हराया था. संग्राम कुमार ने पिछले विधान सभा चुनाव में यही सीट 12 हजार से ज्यादा वोटों से जीती थी.
2009 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू
साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ नागपुर टी-20 से इंटरनेशनल डेब्यू करने वाला यह तेज गेंदबाज मई 2010 में अपना पहला वनडे खेलता है, लेकिन उनका करियर सिर्फ 13 वनडे और नौ टी-20 के बाद ही सिमट गया. अशोक डिंडा के पास 116 प्रथम श्रेणी मैच तो 98 लिस्ट ए मुकाबलों में क्रमश: 420 और 151 विकेट दर्ज हैं.
बंगाल क्रिकेट का बड़ा नाम हैं अशोक डिंडा
कोलकाता से लगभग तीन घंटे की दूरी पर स्थित नाइचनपुर गांव के अशोक डिंडा को नेट अभ्यास में कुछ ओवर गेंदबाजी करते हुए कोच अटल देव बर्मन ने देखा. डिंडा की जिंदगी तब बदली जब, उनकी एंट्री कालीघाट क्लब में हुई. 2005 में बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया और अपनी तेज गति से कई लोगों को प्रभावित किया. अशोक डिंडा को बाउंस भी मिलता था. 2008 में आईपीएल के पहले सीजन के लिए कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम में देर से शामिल होने के बावजूद डिंडा ने 13 मैच में 6.66 की इकॉनमी रेट से नौ विकेट लिए. इसके बाद उन्हें ईरानी ट्रॉफी के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में जगह मिली. एक साल बाद वह भारतीय टी-20 टीम में थे.
असफल क्रिकेटर से सफल राजनेता तक का सफर
बीजेपी को बंगाल में अपने कदम जमाने के लिए ऐसे चेहरों की जरूरत थी, जो उन्हें वोट दिला सके. पिछले चुनाव में बॉलीवुड स्टार मिथुन पार्टी के स्टार प्रचारक थे. इसी क्रम में अशोक डिंडा पर भी पार्टी ने भरोसा जताया और उन्हें टिकट देकर चुनाव लड़वाया. ये दांव काम कर गया. अब लगातार दूसरी बार विधायक बनने के बाद कहा जा सकता है कि टीम इंडिया से बार-बार अंदर-बाहर होने वाले डिंडा राजनीति के मैदान पर टिके हुए हैं.
किन आईपीएल टीम से खेल चुके डिंडा?
टीम इंडिया के लिए आखिरी बार 2013 में मैदान पर उतरने वाले अशोक डिंडा आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की ओर से भी खेल चुके हैं. उन्हें 2015 विश्व कप के संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया था, लेकिन वे अंतिम टीम में जगह नहीं बना पाए. 2008 से लेकर 2017 तक 78 आईपीएल मैच में उनके नाम 68 विकेट हैं.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रेटजी मेकिंग का रोल संभाल रहे अ…और पढ़ें


