9.8 C
Munich

संगम नगरी में अब गोवा-मुंबई जैसा रोमांच! प्रयागराज में शुरू हुआ वॉटर एडवेंचर स्पोर्ट्स, जानें क्या है खास

Must read


Last Updated:

Prayagraj News: प्रयागराज के संगम तट पर अब गोवा और मुंबई जैसा रोमांच दिखेगा. नगर निगम ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत यमुना नदी में ₹2.50 करोड़ की लागत से ‘वॉटर एडवेंचर स्पोर्ट्स’ की शुरुआत की है. अब सैलानी मात्र ₹200 में स्पीड बोट, जेट स्काई और बनाना राइड का आनंद ले सकेंगे. साथ ही, 30-सीटर बोट पर जन्मदिन और एनिवर्सरी जैसे इवेंट्स भी मनाए जा सकेंगे. यह पहल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि कयाकिंग-कैनोइंग जैसे खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच भी तैयार करेगी.

Zoom

Prayagraj News: तीर्थराज प्रयाग की पहचान अब सिर्फ गंगा-यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम तक ही सीमित नहीं रहेगी. धार्मिक पर्यटन के लिए मशहूर यह शहर अब एडवेंचर के शौकीनों के लिए भी नया ठिकाना बनने जा रहा है. संगम नगरी के लोगों को अब वॉटर स्पोर्ट्स और रोमांच के लिए मुंबई या गोवा के समंदर की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा. नगर निगम प्रयागराज ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत यमुना की लहरों पर वॉटर एडवेंचर स्पोर्ट्स का शानदार आगाज कर दिया है.

ढाई करोड़ की लागत से बदला यमुना तट का नजारा
नगर निगम ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत करीब 2.50 करोड़ रुपए की लागत से इस योजना को धरातल पर उतारा है. मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने हाल ही में यमुना रिवर बैंक बोट क्लब पर इसका विधिवत शुभारंभ किया. मेयर के मुताबिक, प्रयागराज में गंगा और यमुना जैसी विशाल नदियों का संगम है, जहां वॉटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं थीं. हालांकि, लंबे समय तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब नगर निगम बोर्ड ने प्रस्ताव पारित कर इसे हकीकत में बदल दिया है.

स्पीड बोट से लेकर जेट स्काई तक, सब कुछ है यहां
एडवेंचर स्पोर्ट्स के संचालक अभिषेक सिंह ने बताया कि बोट क्लब पर पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं जुटाई गई हैं. अब यमुना की लहरों पर ‘स्पीड बोट’ और ‘जेट स्काई’ (स्पीड स्कूटर) दौड़ते नजर आएंगे. इसके अलावा, सैलानियों के मनोरंजन के लिए कई अन्य प्रकार की नावें भी मंगाई गई हैं.

इन सुविधाओं का उठा सकेंगे लुत्फ:

  1. स्पीड बोट और जेट स्काई: एडवेंचर लवर्स के लिए सबसे खास आकर्षण.
  2. बनाना राइड: परिवार और दोस्तों के साथ मस्ती के लिए बेहतरीन विकल्प.
  3. 7-सीटर बाय लाइनर: बोट क्लब से संगम तक की सैर के लिए आरामदायक सवारी.
  4. 30-सीटर कैटा मरीन बोट: यह एक बड़ी बोट है जिस पर आप इवेंट्स सेलिब्रेट कर सकते हैं.

यमुना की लहरों पर मनाएं जन्मदिन और शादी की सालगिरह
प्रयागराज के लोगों के लिए अब सेलिब्रेशन का अंदाज भी बदलने वाला है. अब आप अपनी मैरिज एनिवर्सरी, बर्थडे पार्टी या हल्दी सेरेमनी जैसे यादगार पलों को यमुना के बीचों-बीच सेलिब्रेट कर सकते हैं. इसके लिए 30 सीटर ‘कैटा मरीन बोट’ की व्यवस्था की गई है. यह एक चलता-फिरता इवेंट वेन्यू होगा, जो आपके खास दिनों को और भी हसीन बना देगा.

खिलाड़ियों के लिए खुले अंतरराष्ट्रीय स्तर के रास्ते
वॉटर स्पोर्ट्स सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा. नगर निगम की इस पहल से स्थानीय खिलाड़ियों को भी पंख लगेंगे. बोट क्लब पर कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग की व्यवस्था की गई है. अंतरराष्ट्रीय कयाकिंग खिलाड़ी नितिन चंद्र और कोच रोहित निषाद का मानना है कि प्रयागराज में अब तक केवल राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं ही होती थीं, लेकिन नई सुविधाओं और आधुनिक उपकरणों के आने के बाद अब यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित हो सकेंगे. इससे स्थानीय प्रतिभाओं को ग्लोबल प्लेटफॉर्म मिलेगा.

जेब पर नहीं पड़ेगा बोझ: बेहद किफायती है किराया
नगर निगम ने इस एडवेंचर को आम जनता की पहुंच में रखने के लिए किराए पर विशेष ध्यान दिया है. मेयर उमेश चंद्र केसरवानी के अनुसार, समुद्र में चलने वाली हाई-टेक स्पीड बोट का किराया मात्र 200 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है. इसी तरह जेट स्काई और अन्य राइड्स के दाम भी काफी कम रखे गए हैं, ताकि हर वर्ग का व्यक्ति इस रोमांच का हिस्सा बन सके.

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
संगम नगरी में वॉटर एडवेंचर शुरू होने से न केवल शहर के लोग उत्साहित हैं, बल्कि दूसरे शहरों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रयागराज वॉटर स्पोर्ट्स के एक बड़े केंद्र के रूप में देश के मानचित्र पर उभरेगा. तो देर किस बात की? इस वीकेंड यमुना तट पहुंचिए और लहरों के बीच इस नए रोमांच का अनुभव कीजिए.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article