Last Updated:
UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अपना दूसरा कैबिनेट विस्तार किया है. कैबिनेट में शामिल नए चेहरों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि काफी अलग-अलग है. किसी ने 12वीं पास किया है तो कोई एलएलबी और पीएचडी.
UP Cabinet Expansion : कैबिनेट में शामिल कई नेता सिर्फ 12वीं पास हैं.
UP Cabinet Expansion : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कई नए चेहरों को सरकार में जगह मिली है. मंत्रिमंडल में शामिल नेताओं की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी काफी अलग-अलग है. कोई सिर्फ 12वीं पास है तो किसी ने एलएलबी और पीएचडी तक की पढ़ाई की है. लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठन में मजबूत पकड़ और सामाजिक समीकरणों के आधार पर इन नेताओं को योगी कैबिनेट में शामिल किया गया है.
इन नए मंत्रियों में पश्चिम यूपी से लेकर पूर्वांचल और बुंदेलखंड तक के नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है. आइए जानते हैं योगी सरकार के मंत्रिमंडल के नए चेहरों की पढ़ाई-लिखाई के बारे में.
भूपेंद्र सिंह चौधरी
मंत्रिमंडल में शामिल होने वालों में भूपेंद्र सिंह चौधरी का नाम अहम है. 30 जून 1966 को जन्मे भूपेंद्र सिंह 12वीं पास हैं. उन्होंने 1990 में राम मंदिर आंदोलन से सक्रिय राजनीति शुरू की. भाजपा संगठन में जिला मंत्री से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर तय किया. योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री और बाद में कैबिनेट मंत्री भी रहे.
कैलाश सिंह राजपूत
कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक कैलाश सिंह राजपूत भी नए मंत्रिमंडल के चेहरों में शामिल हैं. एलएलबी तक शिक्षित कैलाश राजपूत कई बार विधायक रह चुके हैं. उन्होंने भाजपा और बसपा दोनों दलों से चुनाव जीतकर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है.
हंसराज विश्वकर्मा
वाराणसी से विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा को भी मंत्री बनाया गया है. काशी विद्यापीठ से ग्रेजुएशन करने वाले हंसराज विश्वकर्मा राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे और लंबे समय तक संगठन में काम किया. उन्हें हाल ही में विधान परिषद के लिए मनोनीत किया गया था.
कृष्णा पासवान
फतेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान ने भी महिला चेहरे के रूप में जगह बनाई है. 12वीं पास कृष्णा पासवान चार बार विधायक चुनी जा चुकी हैं और दलित वर्ग में मजबूत पकड़ रखती हैं.
मनोज पांडेय
रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक मनोज पांडेय को भी मंत्री बनाया गया है. कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने वाले मनोज पांडेय पहले समाजवादी पार्टी में कैबिनेट मंत्री और मुख्य सचेतक रह चुके हैं. 2024 में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया था.
सुरेंद्र दिलेर
अलीगढ़ की खैर सीट से विधायक सुरेंद्र दिलेर भी योगी सरकार के नए मंत्रिमंडल में शामिल हैं. लखनऊ यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर चुके सुरेंद्र दिलेर ने हाल ही में उपचुनाव जीतकर विधानसभा में एंट्री की है.
About the Author

Praveen Singh is an experienced journalist with approximately 10 years of experience in the field of media and journalism. Currently, he is associated with News18 Hindi, where he works on the Education & Career…और पढ़ें


