22.2 C
Munich

17 साल बाद हुआ ऐसा… 21 साल के बल्लेबाज ने डेब्यू मैच में जड़ा शतक, चोटिल हुआ, फिर भी नहीं डिगा हौसला

Must read


होमखेलक्रिकेट

17 साल बाद हुआ ऐसा, 21 साल के बैटर ने डेब्यू मैच में शतक जड़कर रचा इतिहास

Last Updated:

Azan Awais Test century on debut: पाकिस्तान के 21 वर्षीय युवा बल्लेबाज अजान अवैस ने बांग्लादेश के खिलाफ ढाका टेस्ट में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है. वह 17 साल बाद विदेशी सरजमीं पर डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बने हैं. चोटिल होने के बावजूद अजान ने शानदार साहस दिखाया और 103 रनों की जुझारू पारी खेली. घरेलू क्रिकेट में 10 शतक लगाने वाले अजान दिग्गज जावेद मियांदाद और यूनिस खान जैसे दिग्गजों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं.

Zoom

बाएं हाथ के ओपनर अजान अवैस ने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में शतकीय पारी खेली.

नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट में जब भी ‘संकटमोचक’ बल्लेबाजों की बात होती है, तो जेहन में जावेद मियांदाद या यूनिस खान जैसे नाम आते हैं. रविवार को ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एक 21 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने यह साबित कर दिया कि वह इसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है. बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शानदार शतक जड़कर न केवल अपनी टीम को संभाला, बल्कि रिकॉर्ड बुक में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया।

अजान अवैस (Azan Awais) ने वह कर दिखाया जो पिछले 17 सालों में कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज नहीं कर सका था. वह 2009 के बाद विदेशी धरती पर अपने पदार्पण मैच में शतक बनाने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि 2009 में फवाद आलम (Fawad Alam) और उमर अकमल (Umar Akmal) ने हासिल की थी. अजान अब पाकिस्तान के उन चुनिंदा 14 खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अपने पहले ही टेस्ट में सैकड़ा जड़ा है. इस फेहरिस्त में मियांदाद और यूनिस जैसे दिग्गज शामिल हैं, लेकिन विदेशी पिच पर इस कारनामे को अंजाम देना अजान की उपलब्धि को और भी खास बनाता है.

बाएं हाथ के ओपनर अजान अवैस ने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में शतकीय पारी खेली.

खौफनाक बाउंसर और अजान का जवाबी हमला
अजान की यह 103 रनों की पारी (165 गेंद, 14 चौके) सिर्फ तकनीक का नहीं, बल्कि अदम्य साहस का प्रमाण थी. मैच के दौरान बांग्लादेशी तेज गेंदबाज नाहिद राणा की एक तेज बाउंसर सीधे उनके हेलमेट पर जा लगी.अजान कुछ देर के लिए सुध-बुध खो बैठे और उन्हें दो बार ‘कन्कशन टेस्ट’ से गुजरना पड़ा. आमतौर पर युवा बल्लेबाज ऐसी चोट के बाद रक्षात्मक हो जाते हैं, लेकिन अजान ने ‘जवाबी हमले’ की रणनीति अपनाई। उन्होंने उसी गेंदबाज (नाहिद राणा) के एक ओवर में लगातार तीन चौके जड़कर बांग्लादेशी आक्रमण की लय बिगाड़ दी. दूसरे दिन 85 रनों पर नाबाद लौटने के बाद, उन्होंने तीसरे दिन सुबह धैर्य के साथ अपना शतक पूरा किया.

घरेलू क्रिकेट की तपिश ने बनाया हीरा
अजान की इस सफलता के पीछे उनके घरेलू क्रिकेट के आंकड़े और अनुभव की बड़ी भूमिका है. उनके जोड़ीदार इमाम-उल-हक ने उनकी जमकर तारीफ करते हुए कहा कि अजान का घरेलू रिकॉर्ड उनकी काबिलियत की गवाही देता है. 2024-25 की कायदे-आजम ट्रॉफी में अजान ने 76.73 की औसत से 844 रन बनाकर चयनकर्ताओं को मजबूर कर दिया कि उन्हें नेशनल कैप सौंपी जाए.

सियालकोट से ढाका तक का सफर
2004 में सियालकोट में जन्मे अजान हमेशा से बड़े मैचों के खिलाड़ी रहे हैं. 2023 के अंडर-19 एशिया कप में भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन हो या 2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वोच्च स्कोरर रहना, अजान ने हर स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। इंग्लैंड के खिलाफ ‘शाहीन’ दौरे पर उनके प्रदर्शन ने यह सुनिश्चित कर दिया था कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार हैं.

पाकिस्तान की ओपनिंग समस्या का समाधान?
पाकिस्तान लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट में एक ठोस सलामी जोड़ी की तलाश में था. अजान की तकनीक, दबाव झेलने की क्षमता और जरूरत पड़ने पर गियर बदलने की कला ने उन्हें तीनों फॉर्मेट के लिए एक लंबी रेस का घोड़ा साबित कर दिया है. ढाका में उनके इस शतक ने न केवल पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में खड़ा किया है, बल्कि दुनिया को आगाह कर दिया है कि पाकिस्तान का नया ‘बैटिंग एंकर’ आ चुका है. अजान की यह पारी केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि आने वाले सुनहरे दौर का आगाज है.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article