13.6 C
Munich

Aaj Ka Mausam Live | Today Weather Live | मौसम फिर लेगा यू-टर्न, इन राज्यों में होगी राहत वाली बारिश, दिल्ली से यूपी-बिहार तक IMD का अलर्ट

Must read


Today Weather News Live Updates: अप्रैल के शुरुआती दिनों में मिली राहत के बाद अब धीरे-धीरे देशभर में सूरज का सितम बढ़ता दिख रहा है. देशभर में अब लू के थपेड़ों के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है. वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 14 अप्रैल को देशभर के मौसम में बड़े स्तर पर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. एक ओर जहां उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान तेजी से बढ़ने वाला है, वहीं पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और कुछ दक्षिणी हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. कई राज्यों में हीटवेव और उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान और राजस्थान के आसपास ऊपरी हवा में बना चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) अभी भी सक्रिय है. इसके अलावा बिहार के उत्तर-पूर्वी हिस्से और असम के मध्य भाग में भी इसी तरह की मौसमी प्रणाली बनी हुई है. उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक फैला पूर्व-पश्चिम ट्रफ और बिहार से तमिलनाडु तक फैला उत्तर-दक्षिण ट्रफ देश के बड़े हिस्से में मौसम को प्रभावित कर रहा है. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर तेज रफ्तार वाली सब-ट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जो आने वाले दिनों में मौसम को और अस्थिर बना सकती है. 15 अप्रैल की रात से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ भी पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा.

43 डिग्री के पार पहुंचा पारा

देश के तापमान की बात करें तो अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है. मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी तापमान में 2 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी. पूर्वी भारत में भी गर्मी का असर तेज होगा, जबकि दक्षिण भारत में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद स्थिरता देखने को मिलेगी. इस समय देश में सबसे ज्यादा तापमान महाराष्ट्र के अकोला में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

इन राज्यों में लू का अलर्ट

हीटवेव की बात करें तो सौराष्ट्र-कच्छ, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 14 से 19 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है. वहीं बिहार, ओडिशा, गुजरात, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान करेगा. यह स्थिति खासकर उन इलाकों में ज्यादा गंभीर हो सकती है, जहां पहले से ही तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है.

किन राज्यों में बारिश के आसार?

बारिश की बात करें तो पूर्वोत्तर भारत में व्यापक स्तर पर बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. कुछ जगहों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. पश्चिम बंगाल और सिक्किम के उप-हिमालयी क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना है. वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 19 अप्रैल के बीच बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा.

दिल्ली में सूरज खूब ढाहएगा सितम

दिल्ली में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे राजधानी में गर्मी का असर तेजी से बढ़ेगा. फिलहाल तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा, लेकिन अगले 24 घंटे के बाद यह सामान्य से ऊपर पहुंच सकता है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं.

दिल्ली में न्यूनतम तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे रातें भी गर्म महसूस होंगी. फिलहाल किसी बारिश या तूफान की संभावना नहीं है, लेकिन हवा में नमी बढ़ने से उमस का एहसास हो सकता है. कुल मिलाकर राजधानी में आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में फिलहाल तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी शुरू होगी. खासकर पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 2 से 4 डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा. हालांकि फिलहाल किसी बड़े बारिश सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं.

उत्तराखंड में मौसम अपेक्षाकृत थोड़ा राहत भरा रह सकता है. यहां 17 और 18 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट भी आ सकती है. हालांकि निचले इलाकों में गर्मी का असर बना रहेगा और दिन के समय तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है.

बिहार और झारखंड में उमस वाली गर्मी करेगी परेशान

बिहार में अगले कुछ दिनों में गर्म और उमस भरा मौसम देखने को मिलेगा. तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा. हवा में नमी अधिक रहने से उमस बढ़ेगी और हीट इंडेक्स ज्यादा महसूस होगा. हालांकि कुछ इलाकों में हल्की गरज-चमक की संभावना से थोड़ी राहत मिल सकती है.

झारखंड में भी तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ 17 और 18 अप्रैल को हीटवेव की स्थिति बन सकती है. यहां दिन के समय तेज गर्मी और लू जैसी स्थिति लोगों को प्रभावित करेगी. हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बादल छाने से अस्थायी राहत मिल सकती है. कुल मिलाकर बिहार और झारखंड दोनों राज्यों में गर्मी का असर धीरे-धीरे तेज होता जाएगा.

कुल मिलाकर, 14 अप्रैल का मौसम देशभर में विविधता से भरा रहेगा. जहां एक ओर पूर्वोत्तर और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और तूफान का असर रहेगा, वहीं दूसरी ओर मैदानी और मध्य भारत में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान करेगी. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में कम निकलने की सलाह दी है.

14 अप्रैल को देशभर में कैसा रहेगा मौसम?
देश में एक तरफ पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान रहेगा, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज गर्मी और हीटवेव का असर बढ़ेगा.

किन क्षेत्रों में बारिश की संभावना है?
असम, मेघालय, अरुणाचल, नागालैंड जैसे पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के अलावा पश्चिम बंगाल और सिक्किम सहित जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड जैसे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

क्या कहीं भारी बारिश का अलर्ट है?
हां, अरुणाचल प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

किन राज्यों में लू चलने की चेतावनी है?
सौराष्ट्र-कच्छ, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है.

कहां उमस भरा मौसम परेशान करेगा?
बिहार, गुजरात, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है.

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
तेज गर्मी और लू से बचने के लिए धूप में कम निकलें, पानी ज्यादा पिएं और हल्के कपड़े पहनें. वहीं बारिश और तूफान वाले इलाकों में सतर्क रहें.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article