8 C
Munich

Bengal Chunav Results 2026 LIVE | Falta Seat Repolling | BJP vs TMC | ‘इस बार हिन्‍दू 2 और 2 मिलकर 22 हुए हैं’, बंगाल में BJP ने भरी हुंकार

Must read


Bengal Chunav Results 2026 LIVE: भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट के सभी मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया है. इस सीट पर 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराध और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन पाए जाने के बाद दोबारा चुनाव कराए जाने की घोषणा चुनाव आयोग ने की है. टीएमसी के दबंग नेता जहांगीर खान इसी विधानसभा सीट से प्रत्‍याशी हैं. फाल्‍टा में फिर से वोटिंग कराने के चुनाव आयोग के आदेश के बाद भाजपा और टीएमसी में ठन गई है. आयोग के आदेश के बाद भाजपा नेता अमित मालवीय ने X पर पोस्‍ट जारी कहा कि पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर मॉडल ध्‍वस्‍त हो गया है. इसपर टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने काफी तीखा रिप्‍लाई देते हुए अमित मालवीय से कहा कि वे दिल्‍ली से अपने गॉडफादर को ले आएं और फाल्‍टा से चुनाव लड़वा लें.

दरअसल, चुनाव आयोग ने अपने आदेश में कहा, ‘पश्चिम बंगाल के 144 फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन हुआ था, इसलिए चुनाव आयोग निर्देश देता है कि सहायक मतदान केंद्रों सहित सभी 285 मतदान केंद्रों पर नए सिरे से मतदान कराया जाए. सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक नए सिरे से मतदान होगा, जबकि मतगणना 24 मई को होगी.’ यह घोषणा दक्षिण 24 परगना जिले के इस निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय लोगों के व्यापक विरोध प्रदर्शन के कुछ घंटों बाद आई है. मतगणना के बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने की मांग की थी. हासिमनगर गांव में तनाव बढ़ने के साथ ही भाजपा के झंडे लिए महिलाओं समेत बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया था. इसके तुरंत बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को भारी संख्या में मौके पर तैनात किया गया और उन्होंने निवासियों को पर्याप्त सुरक्षा उपायों का आश्वासन दिया.

पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में स्वतंत्रता के बाद से सबसे अधिक मतदान हुआ, जिसमें 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को हुए दोनों चरणों में औसत मतदान प्रतिशत लगभग 93 प्रतिशत रहा. राष्ट्रीय स्तर पर इससे पहले सबसे अधिक मतदान 2013 में त्रिपुरा में हुआ था, जब मतदान प्रतिशत 91.82 प्रतिशत था. पश्चिम बंगाल में इससे पहले सबसे अधिक मतदान 2011 के विधानसभा चुनावों में हुआ था, जिसने 34 साल के वाम मोर्चा शासन के अंत और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार की शुरुआत को चिह्नित किया था. मतगणना 4 मई को होगी और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे. इस बार कुछ को छोड़कर अधिकांश एग्जिट पोल ने तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन के अंत और राज्य में सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी की है.

Bengal Chunav Results LIVE: भाजपा अगर 500-700 वोटों से आगे हो, तो दोबारा गिनती की मांग करें – सीएम ममता

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के काउंटिंग एजेंटों को निर्देश दिया कि वे उन बूथों पर तत्काल दोबारा गिनती की मांग करें, जहां भाजपा 500 से 700 वोटों के अंतर से आगे चल रही हो. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं और मतगणना एजेंटों के साथ हुई एक वर्चुअल बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किए. उन्होंने मतगणना एजेंटों को सलाह दी कि वे रविवार रात मतगणना केंद्रों के पास ही रुकें, ताकि सोमवार को वे समय पर वहां पहुंच सकें. डेढ़ घंटे चली इस बैठक के दौरान उन्होंने तालमेल और सतर्कता की आवश्यकता पर जोर दिया. सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतगणना केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने और एकजुट होकर काम करने को कहा. उन्होंने मतगणना प्रक्रिया के दौरान ध्यान रखने योग्य प्रमुख बातों के बारे में भी उन्हें जानकारी दी. टीएमसी सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने मतगणना के दौरान कड़ी निगरानी पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर भाजपा 500-700 वोटों से लेकर 1 हजार वोटों तक के अंतर से आगे चल रही है, वहां तत्काल वोटों की दोबारा गिनती की मांग उठाई जानी चाहिए.

Bengal Chunav Results LIVE: चुनाव आयोग ने फाल्‍टा में पोलिंग बूथ को लेकर उठाए गंभीर सवाल

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: चुनाव आयोग (ECI) और राज्य के विशेष पर्यवेक्षक की रिपोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया में भारी अनियमितताओं और प्रशासनिक विफलता की पुष्टि की है. करीब 60 मतदान केंद्रों (कुल संख्या का 21%) पर EVM की बैलेट यूनिट पर काली टेप और गोंद चिपकाया गया था, ताकि मतदाता अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट न दे सकें. एक हैरान करने वाले खुलासे में यह पाया गया कि बैलेट यूनिट के बटनों पर इत्र लगाया गया था, ताकि यह पहचान की जा सके कि किस मतदाता ने किस विशेष उम्मीदवार को वोट दिया है. चुनाव आयोग ने कहा है कि EVM के साथ की गई इस संगठित छेड़छाड़ ने वास्तविक जनादेश का पता लगाना असंभव बना दिया है.

Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में इस बार भाजपा की होगी जीत भाजपा कैंडिडेट राकेश सिंह

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पोर्ट विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार राकेश सिंह ने चुनाव प्रचार के बीच मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा. उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि पश्चिम बंगाल में शांति बनी रहे. राकेश सिंह ने दावा किया कि इस बार हिंदू मतदाता एकजुट होकर मतदान करेंगे और बीजेपी को जीत मिलेगी. उन्‍होंने कहा कि इस बार हिन्‍दू दो और दो मिलकर 22 हुए हैं, ऐसे में इस बार जीत होगी. उल्लेखनीय है कि कोलकाता पोर्ट सीट पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम वर्तमान विधायक हैं, जो 2016 और 2021 में लगातार दो बार यहां से चुनाव जीत चुके हैं. इस सीट पर मुकाबला इस बार काफी दिलचस्प माना जा रहा है.

Bengal Eletion Repolling LIVE: फाल्‍टा में हिन्‍दुओं को डराया-धमकाया जाता है – बीजेपी सांसद जगन्‍नाथ सरकार

पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा, ‘टीएमसी के शासन में फाल्टा में कभी निष्पक्ष मतदान नहीं होता. हिंदू गांवों के निवासियों को डराया-धमकाया जाता है और उन्हें मतदान से दूर रखा जाता है. यदि वे वोट देना भी चाहें, तो उन्हें केवल टीएमसी के पक्ष में ही मतदान करने के लिए मजबूर किया जाता है. कई इलाकों में ऐसा ही माहौल बना हुआ है. हालांकि, इस बार चुनाव आयोग ने बहुत प्रभावी और निर्णायक कदम उठाए हैं. इसके परिणामस्वरूप जनता आगे बढ़कर मतदान करने के लिए उत्साहित हुई है. अब 21 मई को पुनर्मतदान होना तय है. यह एक बेहतरीन फैसला है और बिल्कुल वही है जिसकी जरूरत थी.’

Bengal Chunav Results LIVE: पश्चिम बंगाल के पूर्व CEO ने चुनाव आयोग को दिया A+ ग्रेड

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल के मुख्‍य चुनाव अधिकारी देबाशीष सेन ने 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर अहम टिप्पणी की है. उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह हिंसा मुक्त और शिकायत मुक्त रहा, जिसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग को A+ ग्रेड दिया. हालांकि, SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि करीब 2.7 लाख मतदाता वोट नहीं डाल सके (जो लोकतंत्र के लिहाज से सही नहीं है) इसलिए इस पर उन्होंने B माइनस ग्रेड दिया. ईवीएम पर उठने वाले सवालों को खारिज करते हुए सेन ने कहा कि मशीनों के साथ छेड़छाड़ करना आसान नहीं है. उन्होंने बताया कि सीरियल नंबर, स्ट्रॉन्ग रूम व्यवस्था और कई सुरक्षा उपाय मौजूद हैं. साथ ही ईवीएम की चिप मशीन लैंग्वेज में लिखी होती है, जिससे उसमें गड़बड़ी करना लगभग असंभव है.

Bengal Chunav Results LIVE: ‘ममता-अभिषेक को जनता ने सिखाया सबक’, भाजपा उम्‍मीदवार का टीएमसी पर हमला

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भाजपा उम्मीदवार तपस चंद्र रॉय ने तृणमूल कांग्रेस और सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधा है. मानिकतला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार तपस चंद्र रॉय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, ‘आज भी हिंसा हुई और लोगों को वोट डालने नहीं दिया गया. अभिषेक बनर्जी जीते, क्योंकि वे लोगों को वोट नहीं डालने देते और सेलो टेप लगा देते हैं. आगे देखेंगे कि वे कितने वोटों से जीतते हैं.’ तपस चंद्र रॉय ने आगे कहा, ‘जनता ने पश्चिम बंगाल सरकार, सत्ताधारी पार्टी, सीएम ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को सबक सिखा दिया है. वे हमें क्या सबक सिखाएंगे? ममता बनर्जी को याद रखना चाहिए कि 2011 में सत्ता में आने के बाद 2013 से 2024 तक सभी चुनाव गुंडों और पुलिस के सहारे संचालित किए गए.’

Bengal Chunav Results LIVE: फाल्‍टा में अब कब चुनाव और कब मतगणना?

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल के 144 फाल्‍टा विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अनियमितताओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोपों के मद्देनजर चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है. आयोग ने सभी 285 मतदान केंद्रों, जिनमें सहायक केंद्र भी शामिल हैं, पर दोबारा मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। यह पुनर्मतदान 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा. वहीं, नए सिरे से डाले गए मतों की गिनती 24 मई 2026 को की जाएगी. आयोग के इस कदम को निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.

Bengal Chunav Results LIVE: फाल्‍टा में कई साल से लोग वोट नहीं कर पा रहे थे – दिलीप घोष

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: खड़गपुर से भाजपा उम्मीदवार दीलिप घोष ने बड़ी बात कही है. उन्‍होंने कहा, ‘फाल्टा में लोग कई साल से वोटिंग नहीं कर पाते थे, इसलिए चुनाव आयोग ने वहां पहले से ही कड़ाई की है. कल (शनिवार 2 मई 2026) लोगों ने प्रतिवाद किया कि हमें वोट देने से रोका जा रहा है. पूरे विधानसभा क्षेत्र में फिर से मतदान होगा और यह होना भी चाहिए. यह लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार का सवाल है और चुनाव आयोग ने उसका सम्मान किया है.’

Bengal Chunav Results LIVE: चुनावी धांधली के सबूत मिलने पर ‘काउंटरमैंड’ का प्रावधान, जानें कब रद्द होता है चुनाव

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए भारत का चुनाव आयोग (ECI) समय-समय पर सख्त कदम उठाता है. इन्हीं में से एक महत्वपूर्ण कदम है ‘काउंटरमैंड’ (countermand), जिसके तहत किसी निर्वाचन क्षेत्र में हुए चुनाव को रद्द कर दिया जाता है और वहां दोबारा मतदान कराया जाता है. चुनाव आयोग यह कदम तब उठाता है, जब उसे बड़े पैमाने पर चुनावी गड़बड़ी या धांधली के ठोस सबूत मिलते हैं. चुनाव आयोग के अनुसार, यदि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो जाएं, तो पूरे चुनाव को निरस्त करना आवश्यक हो जाता है. ऐसी स्थिति में प्रमुख कारणों में वोटरों को रिश्वत देना या प्रलोभन देना शामिल है. यदि यह पाया जाता है कि मतदाताओं को पैसे, उपहार या अन्य लालच देकर प्रभावित करने की कोशिश की गई है, तो यह आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन माना जाता है. इसके अलावा बूथ कैप्चरिंग यानी मतदान केंद्रों पर जबरन कब्ज़ा करना भी चुनाव रद्द करने का एक बड़ा आधार है. इसमें असामाजिक तत्व या किसी दल के समर्थक मतदान प्रक्रिया को अपने नियंत्रण में लेकर निष्पक्ष मतदान को प्रभावित करते हैं. साथ ही यदि सुनियोजित तरीके से धांधली की गई हो (जैसे फर्जी वोटिंग, ईवीएम में छेड़छाड़ या अधिकारियों की मिलीभगत) तो भी चुनाव आयोग ‘काउंटरमैंड’ का फैसला ले सकता है.

Bengal Chunav Results LIVE: बिधाननगर कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर टीएमसी-बजेपी समर्थकों में झड़प

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: कोलकाता के बिधाननगर कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर शनिवार रात उस समय तनाव बढ़ गया, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के समर्थकों के बीच झड़प हो गई. दोनों पक्षों के बीच पहले नारेबाजी और जवाबी नारे लगे, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गए. बीजेपी का आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके द्वारा लगाए गए कैंप पर पार्टी के झंडे लगा दिए, जिससे विवाद शुरू हुआ और बाद में झड़प में बदल गया. वहीं, टीएमसी ने पलटवार करते हुए दावा किया कि केंद्रीय बलों ने उनके समर्थकों पर लाठीचार्ज किया. स्थिति कुछ समय के लिए काफी तनावपूर्ण बनी रही. मौके पर पहुंची केंद्रीय बलों और पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की. पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए भीड़ को हटने की चेतावनी दी और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को अलग करने के लिए बैरिकेडिंग की. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है.

Bengal Chunav Results LIVE: ‘TMC को 200 से ज्‍यादा सीटें आएंगी’, काउंटिंग से पहले कॉन्फिडेंस में ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने 4 मई को होने वाली मतगणना से पहले अपनी पार्टी की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है. उन्होंने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में TMC 200 से अधिक सीटें जीतने जा रही है. ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल के अनुमान को खारिज करते हुए कहा कि ये भविष्यवाणियां शेयर बाजार को प्रभावित करने के लिए की जाती हैं. उनका कहना था कि इन अनुमानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और मतगणना एजेंटों से अपील की कि वे बीजेपी और उसके सहयोगियों द्वारा चलाए जा रहे प्रोपेगेंडा से प्रभावित न हों. मुख्यमंत्री ममता ने कहा, ‘TMC कम से कम 200 से अधिक सीटें जीतेगी, बल्कि इससे भी ज्यादा हो सकती हैं.’ उन्होंने पार्टी कैडर को सतर्क रहने और मतगणना के दौरान पूरी निगरानी रखने का निर्देश दिया. मतगणना से दो दिन पहले, Mamata Banerjee और Abhishek Banerjee ने सभी TMC मतगणना एजेंटों के साथ एक अहम बैठक भी की, जिसमें मतगणना के दिन की रणनीति और तैयारियों पर चर्चा की गई. राज्य में चुनावी मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है, जहां TMC और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है. अब सबकी नजरें 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जो पश्चिम बंगाल की सियासी तस्वीर साफ करेगी.

Bengal Chunav Results LIVE:टीएमसी के पास कुछ घंटे ही बचे, बंगाल में भाजपा के डबल इंजन की सरकार बनना तय: गौरव वल्लभ

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भविष्यवाणी करते हुए कहा कि टीएमसी के भ्रष्टाचार और अराजकता के मॉडल के अंतिम 24 घंटे बचे हैं. गौरव वल्लभ ने न्‍यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ‘अब भाजपा और डबल इंजन की सरकार डबल गति से बंगाल में बनने जा रही है. हम मां, माटी और मानुष को न्याय दिलाएंगे, जिसके साथ ममता बनर्जी ने धोखा किया है.’ उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल को उसका पुराना वैभव लौटाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है. पहले कहा जाता था कि जो बंगाल सोचता है, देश कल सोचता है. हम बंगाल को फिर से उसी वैभव पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. गौरव वल्लभ ने टीएमसी पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और भय का मॉडल चलाने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘यह मॉडल अब समाप्त होने वाला है. मात्र 24 घंटे बचे हैं. अब बंगाल में टीएमसी वापस नहीं आ सकती.’

Bengal Chunav Results LIVE: टीएमसी के नेता डरे हुए हैं – भाजपा कैंडिडेट पूर्णिमा चक्रवर्ती

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि TMC के नेता भयभीत हैं, क्योंकि पिछले 15 वर्षों में उन्होंने कोई ठोस काम नहीं किया. चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य में महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ हुआ है और जनता अब बदलाव चाहती है. उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 4 तारीख को नतीजे भाजपा के पक्ष में आएंगे और राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उनके इस बयान से चुनावी माहौल और गर्म हो गया है.

Bengal Chunav Results LIVE: EVM स्‍ट्रॉन्‍ग रूम पर चुनाव आयोग ने मानी टीएमसी की बात!

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर सियासत तेज हो गई है. बेलेघाटा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार कुणाल घोष ने स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने बिना प्रतिनिधि की मौजूदगी के स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर आवाजाही पर आपत्ति दर्ज कराई थी. घोष के मुताबिक, चुनाव आयोग ने इस मुद्दे पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए भरोसा दिया है कि भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं बनेगी. उन्होंने यह भी बताया कि डाक मतपत्रों के स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर पहले सीसीटीवी या लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था नहीं थी, लेकिन शिकायत के बाद अब वहां कैमरे लगा दिए गए हैं. टीएमसी उम्मीदवार ने दावा किया कि अब हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और पार्टी कार्यकर्ता चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं, ताकि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे.

Bengal Eletion Repolling LIVE: जहांगीर खान के फाल्‍टा विधानसभा क्षेत्र में कई बूथों की वीडियोग्राफी अधूरी या पूरी तरह से गायब

पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में हालिया मतदान के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्पेशल ऑब्जर्वर और जिला निर्वाचन अधिकारी की जांच में कई मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की बात सामने आई है. जांच रिपोर्ट के अनुसार, कई बूथों की वीडियोग्राफी अधूरी या पूरी तरह से गायब पाई गई. कुछ स्थानों पर रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई गई है, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठे हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ बूथों पर मतदान शुरू होने से लेकर दोपहर तक कोई वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं थी. इसके अलावा, मतदान केंद्रों पर नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए हैं. जांच में पाया गया कि कुछ जगहों पर मतदाताओं के साथ आए ‘कंपैनियन’ द्वारा वोट डाले गए. वहीं, एक ही व्यक्ति के कई बार वोटिंग कंपार्टमेंट में जाने और एक ही समय में दो लोगों के मतदान कक्ष में मौजूद रहने जैसी घटनाएं भी दर्ज की गईं. रिपोर्ट में पोलिंग एजेंट द्वारा मतदाता की जगह वोट डालने जैसे गंभीर आरोपों का भी उल्लेख किया गया है. साथ ही, अनधिकृत व्यक्तियों के बार-बार मतदान कक्ष में प्रवेश करने और मतदान अधिकारियों के बार-बार अंदर जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं. जांच में यह भी पाया गया कि कई मामलों में अधिकारियों की मौजूदगी या कार्रवाई का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं मिला, जिससे एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठे हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ स्थानों पर मतदाताओं को डराने और मतदान में बाधा डालने के आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी, क्योंकि संबंधित समय की वीडियो फुटेज उपलब्ध नहीं थी. इसके अलावा, बैलेट यूनिट के बटन पर काले टेप या इत्र लगाने के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है. अंततः स्पेशल ऑब्जर्वर और जिला निर्वाचन अधिकारी ने निष्कर्ष निकाला है कि कई मतदान केंद्रों पर पूरी चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

Bengal Eletion Repolling LIVE: फाल्‍टा में यह क्‍या हो रहा है…अमित मालवीय ने लगाए गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: पश्चिम बंगाल के फाल्टा इलाके में मतदाताओं को धमकाने के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है. भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि अतीबुर शेख, हबीब शेख और हबीब मोल्ला को पुलिस ने हिरासत में लिया है. उनके मुताबिक ये तीनों मुख्य आरोपी इसराफिल चौकीदार के करीबी सहयोगी हैं. मालवीय ने आरोप लगाया कि मामले का मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि मुख्य आरोपी गिरफ्त से बाहर रहते हैं, जबकि सहयोगियों पर कार्रवाई होती है. भाजपा नेता ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राज्य पुलिस की निष्पक्षता और कार्रवाई की मंशा पर भी सवाल खड़े किए हैं.

Bengal Eletion Repolling LIVE: फाल्‍टा सीट पर पुनर्मतदान को लेकर भाजपा-टीएमसी में तकरार

पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: बंगाल में स्‍ट्रॉन्‍गमैन की छवि रखने वाले टीएमसी नेता जहांगीर खान की फाल्‍टा विधानसभा सीट पर फिर से मतदान कराने के चुनाव आयोग के फैसले के बाद प्रदेश में घमासान मच गया है. अमित मालवीय ने आयोग के आदेश के बाद कहा कि डायमंड हार्बर मॉडल ध्‍वस्‍त हो गया है. इसपर टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने फाल्‍टा से किसी भी भाजपा नेता को चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली है.





Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article