Bengal Violence LIVE: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है. प्रदेश के अनेक हिस्सों से भाजपा और टीएमसी के कार्यर्ताओं के बीच टकराव की खबरें सामने आ रही हैं. इस बीच मंगलवार रात सेंट्रल कोलकाता के ऐतिहासिक न्यू मार्केट (हॉग मार्केट) इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बुलडोजर के साथ पहुंचे एक ग्रुप ने कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक कार्यालय को निशाना बनाया. जानकारी के मुताबिक, न्यू मार्केट यूनियन का टीएमसी कार्यालय इस कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य था, जिसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. घटना के वीडियो और तस्वीरें तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिससे इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया. घटना के बाद घबराए दुकानदारों ने अपनी दुकानें तुरंत बंद कर दीं और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए. यह इलाका कोलकाता के सबसे व्यस्त व्यापारिक केंद्रों में से एक माना जाता है, जहां अचानक हुई इस घटना ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया. दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल में अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है. बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने वाली है.
कोलकाता के न्यूज मार्केट में बुलडोजर चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए न्यू मार्केट और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बरकरार है. घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा, ‘कोलकाता का ऐतिहासिक न्यू मार्केट. बंगाली ‘परिवर्तन’ का जश्न मना रहे हैं.’ टीएमसी के एक अन्य वरिष्ठ नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने भी आरोप लगाया कि यह कार्रवाई प्रशासन की मौजूदगी में की गई. उन्होंने दावा किया कि पुलिस की अनुमति से बुलडोजर लाकर दुकानों और कार्यालय को तोड़ा गया, जबकि केंद्रीय बल के जवान मौके पर मौजूद थे. वहीं, स्थानीय निवासियों और कुछ व्यापारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जिस ढांचे को तोड़ा गया, वह अवैध निर्माण था. उनका कहना है कि यह जगह पहले एक दुकानदार से जबरन ली गई थी और बाद में उसे यूनियन कार्यालय में बदल दिया गया.
टीएमसी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. पार्टी ने दावा किया कि बीजेपी समर्थकों की भीड़ ने इलाके में हिंसा और तोड़फोड़ की, जिससे व्यापारियों में दहशत फैल गई. टीएमसी ने इसे गुंडागर्दी और बुलडोजर राजनीति करार देते हुए कहा कि वह ऐसे प्रयासों का विरोध करेगी. टीएमसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी आरोप लगाए कि उनके नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं को इस तरह की कार्रवाई के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है. साथ ही केंद्रीय बलों पर मूक दर्शक बने रहने का आरोप भी लगाया गया, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. चुनाव परिणामों के बाद राज्य में बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच यह घटना स्थिति को और संवेदनशील बना सकती है.
Bengal Violence Live: रो पड़े बंगाल बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, कहा- नबन्ना नहीं राइटर्स से चलेगी सरकार
बंगाल हिंसा लाइव: पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में भावुक होते हुए पार्टी की जीत को हिंसा के शिकार कार्यकर्ताओं और बेघर हुए लोगों को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि यह जीत उन लोगों के लिए है जिनकी सरेआम हत्या कर दी गई और हम कुछ नहीं कर पाए. इंटरव्यू के दौरान वे रो पड़े. शमिक भट्टाचार्य ने प्रशासनिक बदलाव के संकेत देते हुए कहा कि राज्य सरकार का सचिवालय अब राइटर्स बिल्डिंग से संचालित किया जाएगा, न कि नबन्ना से. उन्होंने नीले-सफेद रंग की राजनीति को बदलने और कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की बात कही. भाजपा के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष ने हिंसा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की घोषणा करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं और पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कई कार्यकर्ता मारे गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने सौगत रॉय पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जनता उन पर भरोसा नहीं करेगी. शमिक भट्टाचार्य ने यह भी बताया कि नरेंद्र मोदी समेत सभी मुख्यमंत्री गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर की जयंती पर आयोजित भव्य समारोह में शामिल होंगे.
Bengal Next CM Live: राहुल गांधी द्वारा लोकतंत्र पर सवाल उठाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण – शहनवाज हुसैन
बंगाल का नया सीएम लाइव: भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस नेता राहुल – गांधी के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा लोकतंत्र पर सवाल उठाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, खासकर जब वे विपक्ष के नेता हैं. हुसैन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक तय एजेंडे के तहत काम कर रहे हैं और असम व पश्चिम बंगाल चुनावों में मिली हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान देश में भ्रम फैलाने की कोशिश हैं. हुसैन ने जोर देकर कहा कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है और जनता का भरोसा इसमें कायम है.
Bengal Violence Live: अभिषेक बनर्जी के आवास से हटाई गई सुरक्षा
बंगाल हिंसा लाइव: तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी के ‘शांतिनिकेतन’ आवास से सुरक्षा हटा ली गई है. कोलकाता स्थित इस आवास के बाहर के दृश्य सामने आए हैं, जिनमें सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है. हालांकि, सुरक्षा हटाए जाने के कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. सुरक्षा में इस बदलाव को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है. पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक इस फैसले पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं, तृणमूल कांग्रेस की तरफ से भी इस पर प्रतिक्रिया का इंतजार है.
Bengal Violence Live: संघर्ष अब और तेज करना होगा – संजय राउत
बंगाल हिंसा लाइव: शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत ने विपक्षी एकजुटता को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि मौजूदा राजनीतिक हालात में इंडिया गठबंधन को अपना संघर्ष और तेज करना होगा. उन्होंने संकेत दिया कि विपक्षी दल अब अधिक आक्रामक रणनीति अपनाने की तैयारी में हैं. राउत ने बताया कि शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत की है. इसके अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उनसे संवाद किया है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के कई अन्य नेता भी आपस में संपर्क में हैं और आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श जारी है. उन्होंने जोर देकर कहा, ‘अब लड़ाई को और तीव्र करना पड़ेगा. संघर्ष को अधिक जोरदार बनाना होगा और हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं.’ राउत के इस बयान को विपक्षी खेमे की सक्रियता बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. ममता बनर्जी के संदर्भ में राउत ने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन उनके साथ मजबूती से खड़ा है. उन्होंने कहा, ‘ममता बनर्जी के साथ इंडिया अलायंस हमेशा था, है और रहेगा.’
Bengal Next CM Live: पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम के बाद राहुल गांधी हमलावर
बंगाल का नया सीएम लाइव: राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘कभी सीटें वोट चोरी के ज़रिए छीनी जाती हैं, तो कभी पूरी सरकार ही. लोकसभा में भाजपा के 240 सांसदों में से लगभग हर छठा सांसद वोट चोरी के जरिए जीता है. उन्हें पहचानना मुश्किल नहीं है – क्या भाजपा की ही भाषा में उन्हें घुसपैठिया कहा जाए? और हरियाणा? वहां तो पूरी की पूरी सरकार ही घुसपैठिया है. जिन संस्थाओं को वे अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर करती हैं – वे खुद रिमोट कंट्रोल से चलती हैं. उन्हें असली डर सच से है, क्योंकि अगर निष्पक्ष चुनाव हों, तो आज भी वे 140 सीटें नहीं जीत सकते.’
वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार।
लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। पहचानना मुश्किल नहीं – क्या उन्हें BJP की भाषा में “घुसपैठिए” कहें?
और हरियाणा? वहाँ तो पूरी सरकार ही “घुसपैठिया” है।
जो संस्थाएँ अपनी जेब में…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 6, 2026
Bengal Next CM Live: आज भाजपा विधायकों की बैठक, 8 मई को कोलकाता पहुंचेंगे अमित शाह
बंगाल का नया सीएम लाइव: पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आज यानी 6 मई 2026 को कोलकाता में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बड़ी बैठक होने जा रही है. इस बीच, खबर आ रही है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 मई को कोलकाता पहुंच सकते हैं.
Bengal Next CM Live: हिंदुओं को खुश नहीं होना चाहिए – उदित राज
बंगाल का नया सीएम लाइव: कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, ‘कांग्रेस को असम में 21 MLAs में से 20 मुसलमान जीते हैं और बंगाल में दोनों ही मुस्लिम हैं. यह स्वाभाविक नहीं है , भारी गड़बड़ी हुई है. बीजेपी ने ऐसा कराया ताकि कांग्रेस को मुसलमानों की पार्टी माना जाने लगे और क्षेत्रीय दलों का अंत हो. हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार के चुनाव भी धांधली से जीते गए हैं. इससे हिंदुओं को खुश नहीं होना चाहिए. इस नैरेटिव से हिंदुओं का विकास रुक जाएगा, क्योंकि मुसलमानों के खिलाफ धर्म को मुद्दा बना दिया गया है न कि विकास को.’
Bengal Violence Live: हावड़ा में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीट कर हत्या
बंगाल हिंसा लाइव: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में चुनावी माहौल के बीच हिंसा की एक और घटना सामने आई है. उदयनारायणपुर इलाके में भाजपा के एक कार्यकर्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जाधव बार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि 4 मई को जाधव बार चुनावी रुझानों में भाजपा की बढ़त की खुशी मना रहे थे और घर लौट रहे थे, तभी कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े लोगों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि हमलावरों ने लाठियों से बेरहमी से पिटाई की और बाद में उनका शव नाले में फेंक दिया. स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
Bengal Violence Live: बीरभूम के नानूर में TMC वर्कर की हत्या
बंगाल हिंसा लाइव: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नानूर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक स्थानीय नेता की हत्या से इलाके में तनाव फैल गया है. पुलिस के अनुसार, संतोषपुर गांव में नानूर अंचल कमेटी के सदस्य अबीर शेख की कथित तौर पर एक अन्य समूह के साथ विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है. पुलिस ने बताया कि शेख की मौके पर ही मौत हो गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. वहीं, नानूर से नवनिर्वाचित टीएमसी विधायक बिधान माझी ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस वारदात को अंजाम दिया.
Bengal Next CM Live: ममता बनर्जी सीएम की कुर्सी को पैतृक संपत्ति न समझें – दिलीप घोष
बंगाल का नया सीएम लाइव: ममता बनर्जी ने कहा है कि वह सीएम की कुर्सी नहीं छोड़ेंगी. इसपर बीजेपी नेता दिलीप घोष ने रिएक्शन दिया है. खड़गपुर से भाजपा के विजयी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, ‘दुनिया छोड़नी पड़ती है…गद्दी तो दो दिन की है. वे इस भ्रम में न रहें कि यह उनकी पैतृक संपत्ति है. जनता ने उन्हें 15 साल समय दिया, लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार और हिंसा के अलावा कुछ नहीं किया. लोगों का जीना हराम कर दिया. एक डॉक्टर बेटी की हत्या हो गई और उसको न्याय नहीं मिला. उनकी मां का अपमान किया गया. ममता क्या कह रही हैं, उससे दुनिया को मतलब नहीं है.’
Bengal Violence Live: नॉर्थ 24 परगना में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
बंगाल हिंसा लाइव: नॉर्थ 24 परगना जिले के नाजाट इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है. मंगलवार को हुई इस घटना में स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई, जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. झड़प के दौरान एक पुलिसकर्मी समेत कुल चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई. फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
Bengal Chunav Post-Poll Clash Live: मुख्य चुनाव आयुक्त का पुलिस-प्रशासन को सख्त संदेश
बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशकों सहित सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को लगातार गश्त करने के आदेश दिए हैं. सीईसी ने स्पष्ट किया कि हिंसा भड़काने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा. प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं.


