Last Updated:
Dhaulpur District Judge On PM Modi Appeal: धौलपुर के जिला जज संजीव मागो पिछले दस साल से रोज साइकिल से दफ्तर और जिम जाते हैं, युवाओं को फिटनेस, अनुशासन, सही खानपान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं. संजीव मागो रोज सुबह व्यायाम और जिम भी जाते हैं. उनकी फिटनेस और अनुशासित दिनचर्या को देखकर धौलपुर के युवा भी अब स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहे हैं. कई युवा उनकी जीवनशैली से प्रेरित होकर साइकिलिंग और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल कर रहे हैं.
धौलपुर. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील की थी. इसके बाद कई प्रशासनिक अधिकारी और नेताओं ने अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम कर दी. वहीं राजस्थान के धौलपुर में जिला जज संजीव मागो पिछले 10 वर्षों से साइकिल चलाकर लोगों को फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं.
धौलपुर के जिला जज संजीव मागो आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं. वे अदालत जाने से लेकर जिम और घरेलू कामों तक के लिए साइकिल का ही इस्तेमाल करते हैं. उनका मानना है कि साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और व्यक्ति कई बीमारियों से दूर रहता है. उनका कहना है कि फिट रहने के लिए उम्र नहीं, बल्कि मेहनत और जुनून की जरूरत होती है.
फिटनेस और अनुशासन से दे रहे प्रेरणा
संजीव मागो रोज सुबह व्यायाम और जिम भी जाते हैं. उनकी फिटनेस और अनुशासित दिनचर्या को देखकर धौलपुर के युवा भी अब स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहे हैं. कई युवा उनकी जीवनशैली से प्रेरित होकर साइकिलिंग और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल कर रहे हैं.
जिला जज संजीव मागो ने बताया कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है. उनका कहना है कि हर व्यक्ति को रोजाना कम से कम 2 से 3 किलोमीटर साइकिल जरूर चलानी चाहिए. इससे शरीर एक्टिव रहता है और शुगर व डायबिटीज जैसी बीमारियों को नियंत्रित रखने में भी मदद मिलती है.
खानपान पर ध्यान देने की सलाह
उन्होंने युवाओं को खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह भी दी. उनका कहना है कि बाजार का तला-भुना खाना शरीर को नुकसान पहुंचाता है. युवाओं को हरी सब्जियां, दूध और पौष्टिक भोजन को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए. इससे शरीर लंबे समय तक स्वस्थ और फिट बना रहता है.
वहीं एडीजे गोपाल सैनी ने भी साइकिलिंग को स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए फायदेमंद बताया. उन्होंने कहा कि यदि लोग ज्यादा से ज्यादा साइकिल का उपयोग करेंगे तो पेट्रोल और डीजल की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और लोग शारीरिक रूप से भी मजबूत बनेंगे.
युवाओं के लिए मिसाल बने जिला जज
धौलपुर के जिला जज संजीव मागो की यह पहल लोगों को फिटनेस, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है. उनकी सादगी और स्वस्थ जीवनशैली आज युवाओं के लिए मिसाल बन चुकी है. धौलपुर के कई युवाओं ने भी फिट रहने के लिए साइकिलिंग और व्यायाम शुरू कर दिया है. संजीव मागो अब जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत और आदर्श के रूप में पहचाने जा रहे हैं.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें


