मंगलुरु: दिवाली पर कहीं रोशनी की सजावट होती है तो कहीं मिठाइयां बांटी जाती हैं लेकिन कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के बेल्थंगडी में दिवाली का जश्न एक अलग ही अंदाज में मनाया जाता है. यहां त्योहार के मौके पर ‘डोसा हब्बा’ यानी डोसा महोत्सव का आयोजन होता है. इस बार उत्सव में एक लाख से ज्यादा डोसे तैयार किए गए. इन्हें बनाने के लिए 15 क्विंटल चावल, 2 क्विंटल उड़द दाल, 100 किलो घी और बड़ी मात्रा में सब्जियों का इस्तेमाल किया गया. इतना ही नहीं लोगों के लिए चाय और कॉफी बनाने में करीब 700 लीटर दूध भी लगा.
बेल्थंगडी में आयोजित इस उत्सव में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. पिछले साल इस कार्यक्रम में 80 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया था. खास बात यह है कि यह आयोजन पिछले सात वर्षों से किया जा रहा है. इसका मकसद दक्षिण कन्नड़ इलाके की पारंपरिक डोसा संस्कृति को बचाए रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है.
क्या है ‘डोसा हब्बा’ और क्यों होता है इसका आयोजन?
‘हब्बा’ कन्नड़ भाषा में उत्सव या त्योहार को कहते हैं. इसी वजह से डोसा महोत्सव को ‘डोसा हब्बा’ नाम दिया गया है. दक्षिण कन्नड़ के तटीय इलाके में दिवाली के दौरान उद्दीन डोसा बनाने और परिवार के साथ मिलकर खाने की पुरानी परंपरा रही है लेकिन बदलती जीवनशैली और भागदौड़ के बीच पारंपरिक खानपान की कई परंपराएं पीछे छूट रही हैं. इसी संस्कृति को बचाने के उद्देश्य से बेल्थंगडी में पिछले सात साल से डोसा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में आसपास के इलाकों के लोग भी उत्साह से हिस्सा लेते हैं.
एक लाख से ज्यादा डोसे बनाने में लगा इतना सामान
इस बार डोसा हब्बा में एक लाख से ज्यादा डोसे तैयार किए गए. इतने बड़े स्तर पर डोसे बनाने के लिए खाने-पीने की चीजों का भी भारी इंतजाम किया गया था. आयोजन में इस्तेमाल की गई सामग्री इस प्रकार रही:-
– चावल: करीब 15 क्विंटल
– उड़द दाल: करीब 2 क्विंटल
– सब्जियां: करीब 4 क्विंटल
– प्याज: करीब 2 क्विंटल
– घी: करीब 100 किलो
– दूध: करीब 700 लीटर
इन डोसों को चटनी, अचार और सब्जी के कुरमा के साथ परोसा गया. बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन तैयार करने और उसे लगातार परोसने का इंतजाम किया गया था.
हर मिनट तैयार हो रहे थे 10 डोसे
इस महोत्सव में डोसे बनाने के लिए रसोइयों की टीम जुटी हुई थी. रसोइये तेजी से डोसे तैयार कर रहे थे. जानकारी के मुताबिक, एक मिनट में करीब 10 डोसे बनाए जा रहे थे. लोग कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोगों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया. डोसे के साथ चटनी, अचार और सब्जी कुरमा परोसा गया. दिनभर डोसे बनाने और लोगों को खिलाने का सिलसिला चलता रहा. इससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा.
20 हजार कप चाय-कॉफी का भी इंतजाम
डोसा हब्बा में आने वाले लोगों के लिए सिर्फ डोसे ही नहीं, बल्कि चाय और कॉफी की भी व्यवस्था की गई थी. इसके लिए करीब 700 लीटर दूध का इस्तेमाल किया गया. आयोजन के दौरान लगभग 20 हजार कप चाय औ कॉफी परोसी गईं. इस तरह डोसा महोत्सव केवल खाने-पीने का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि लोगों के एक साथ जुटने और अपनी स्थानीय परंपरा का जश्न मनाने का मौका भी बना.
पिछले साल भी उमड़ी थी 80 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़
डोसा हब्बा की लोकप्रियता का अंदाजा पिछले साल के आयोजन से भी लगाया जा सकता है. पिछले साल इस महोत्सव में 80 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे थे. उस दौरान भी करीब 15 क्विंटल चावल से एक लाख से अधिक डोसे तैयार किए गए थे. डोसे बनाने के लिए 10 रसोइयों की टीम जुटी थी. वे प्रति मिनट करीब 10 डोसे तैयार कर रहे थे.
सात साल से बचाई जा रही है डोसा बनाने की परंपरा
बेल्थंगडी का डोसा हब्बा अब इलाके की एक खास पहचान बन गया है. इस आयोजन के जरिए स्थानीय लोग अपनी पारंपरिक खानपान संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं. दिवाली के मौके पर परिवार के साथ डोसा बनाने और खाने की पुरानी परंपरा को सामूहिक उत्सव का रूप दिया गया है. यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते हैं.
