Last Updated:
Firozabad Glass Industry: उत्तर प्रदेश का फिरोजाबाद शहर पूरी दुनिया में अपनी कांच की कलाकारी के लिए मशहूर है. इसे सुहाग नगरी तो कहा ही जाता है, लेकिन यहां सिर्फ चूड़ियां ही नहीं बनतीं, बल्कि कांच से बनी ऐसी कई शानदार चीजें हैं जिन्हें देखकर आप दंग रह जाएंगे. घर की सजावट से लेकर किचन के बर्तनों तक, फिरोजाबाद के कारीगर कांच को एक नया रूप दे देते हैं. आइए जानते हैं यहां मिलने वाले कुछ खास कांच के आइटम्स और उनकी कीमत के बारे में.
डिजाइनर कांच के गिलास: फिरोजाबाद शहर कांच की नगरी के नाम से जाना जाता है और यहां कांच के सैकड़ों उद्योग हैं. इन कारखानों में कांच के गिलास भी तैयार किए जाते हैं, जिन पर कारीगरों द्वारा अलग-अलग और बेहद खूबसूरत डिजाइन बनाई जाती है. ये गिलास देखने में बहुत ही आकर्षक लगते हैं. इनकी कीमत 250 रुपये प्रति सेट से शुरू होती है, जिसमें 4 से 6 गिलास मिलते हैं.

कांच के आलीशान झूमर: फिरोजाबाद में घरों, होटलों और रेस्टोरेंट्स को सजाने के लिए बेहतरीन झूमर बनाए जाते हैं. ये झूमर पूरी तरह कांच के क्रिस्टल से तैयार होते हैं, जो इनकी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं. यहां झूमरों की कई अलग-अलग डिजाइन बनाई जाती हैं और ये छोटे-बड़े हर साइज में उपलब्ध हैं. इनकी कीमत 2500 रुपये से शुरू होकर लाखों रुपये तक जाती है.

कांच की बोतलें: यहां कांच की चूड़ियों के अलावा फैक्ट्रियों में बोतलों का भी भारी निर्माण होता है. ये बोतलें सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भेजी जाती हैं. यहां छोटी और बड़ी हर साइज की बोतलें बनाई जाती हैं, जिनका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल शराब और अन्य चीजों की पैकिंग के लिए किया जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

हैंडीक्राफ्ट लैंप: कांच की फैक्ट्रियों में अलग-अलग डिजाइन के हैंडीक्राफ्ट लैंप भी तैयार किए जाते हैं. पहले कारखानों में सादा कांच से लैंप का ढांचा तैयार किया जाता है, फिर हैंडीक्राफ्ट कारीगर घर पर इन्हें सजाते हैं. इन लैंपों को सुंदर बनाने के लिए उन पर रंग-बिरंगे नग लगाए जाते हैं और लाइट की फिटिंग की जाती है. इनकी कीमत 250 रुपये प्रति सेट से शुरू होती है.

किचन के लिए कांच के जार: यहां दुकानों पर आपको बहुत ही सस्ते और अच्छी क्वालिटी के कांच के जार मिल जाएंगे. इन जार का इस्तेमाल लोग अचार या अन्य सामान रखने के लिए करते हैं. ये अलग-अलग साइज में उपलब्ध हैं और इनकी कीमत 150 रुपये प्रति पीस से शुरू होती है. फैक्ट्रियों में इन्हें खास ऑर्डर पर भी तैयार किया जाता है.

मेलामाइन (Melamine) के बर्तन: फिरोजाबाद में कांच के अलावा मेलामाइन से भी बर्तन बनाए जाते हैं. मेलामाइन एक खास तरह का केमिकल है जिससे चम्मच, प्लेट, कटोरी और गिलास तैयार किए जाते हैं. इन्हें सांचों की मदद से बनाया जाता है और फिर उन पर सुंदर कलर और डिजाइन की जाती है. ये बर्तन देखने में बहुत खूबसूरत होते हैं और इनका सेट 500 रुपये से शुरू हो जाता है.

सजावटी कांच के खिलौने: फिरोजाबाद में घर को सजाने के लिए कांच के छोटे-बड़े शो-पीस भी बनाए जाते हैं. कुशल कारीगरों द्वारा कांच से मोर, बत्तख, घोड़ा, हाथी, हिरण और कई तरह के सजावटी आइटम तैयार किए जाते हैं. लोग इन्हें अपने कमरों की शोभा बढ़ाने के लिए खरीदते हैं. इनकी कीमत मात्र 15 रुपये प्रति पीस से शुरू हो जाती है.

चमकदार कांच के मोती: यहां कांच की चूड़ियों और बर्तनों के अलावा कांच के मोती भी बनाए जाते हैं. इन मोतियों का इस्तेमाल माला बनाने में किया जाता है. फैक्ट्रियों में कांच की लंबी और पतली रॉड को अलग-अलग साइज में काटकर ये मोती तैयार होते हैं. ये कई रंगों में मिलते हैं और इनसे बनी मालाएं बहुत सुंदर लगती हैं. इन मोतियों की कीमत 1500 रुपये प्रति किलो से शुरू होती है.


