Last Updated:
Viral Snake Incident: केरल के कासरगोड में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां एक सांप के शरीर में सोने की अंगूठी फंस गई. कई दिनों तक तड़पने के बाद वन विभाग की टीम ने अंगूठी काटकर उसकी जान बचाई. यह अनोखी घटना अब तेजी से वायरल हो रही है.
केरल में जब सांप के गले में फंस गई अंगूठी
केरल के कासरगोड जिले में इन दिनों गर्मी इतनी बढ़ गई है कि जंगलों में रहने वाले सांप ठंडी जगहों की तलाश में शहरों और घरों की ओर रुख कर रहे हैं. इसी बीच अदूर के पाटीकल में रवि के घर से एक ऐसा नजारा सामने आया, जिसे देखकर लोग दंग रह गए. यहां एक सांप मेज पर चढ़ा मिला जिसके शरीर में सोने की अंगूठी फंसी हुई थी. मानो किसी नागराज ने सचमुच ‘गोल्डन रिंग’ पहन रखी हो.
कैसे फंसी सांप के शरीर में सोने की अंगूठी?
घर के लकड़ी के टेबल रनर में परिवार के एक दिवंगत सदस्य की सोने की अंगूठी रखी थी. कुछ दिन पहले यह अंगूठी सांप के शरीर में इस तरह फंस गई कि उसका बीच का हिस्सा अंगूठी के घेर में आ गया. अंगूठी तंग होने लगी और नागराज यानी यह चेरा सांप बुरी तरह झटपटाने लगा. कई दिनों तक अंगूठी में फंसे रहने से उसकी हालत गंभीर हो गई थी.
बच्चों ने खोला टेबल, सामने था ‘गोल्डन रिंग’ वाला नागराज
रवि के घर के बच्चों ने जब टेबल रनर खोला तो अंदर सांप को देखकर घबरा गए. उन्हें लगा कि यह कोई जहरीला नाग है जो कभी भी हमला कर सकता है. डर के बावजूद बच्चों और परिवार ने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दी. इसी दौरान सांप अंगूठी में फंसा होने के कारण तड़पता रहा मानो शरीर से अंगूठी उतारने की कोशिश कर रहा हो.
रेस्क्यू टीम पहुंची, ऐसे बचाया नागराज की जान
जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो जांच में पता चला कि यह एक चेरा प्रजाति का सांप है जो ज़्यादातर मामलों में इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होता. लेकिन इस बार खतरा उल्टा नागराज पर ही था. अंगूठी उसके शरीर में इतनी मजबूती से फंस चुकी थी कि वह न ठीक से चल पा रहा था न ही खुद को छुड़ा पा रहा था. रेस्क्यू टीम ने बड़ी सावधानी से सोने की अंगूठी काटी ताकि सांप को चोट न लगे. कुछ देर की मशक्कत के बाद अंगूठी को चेरा के शरीर से अलग कर दिया गया. अंगूठी कटते ही झटपटाता हुआ सांप जैसे राहत की सांस लेता दिखा. इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया.
परिवार पहले डरा, फिर हुआ हैरान
शुरुआत में परिवार वाले इस ‘गोल्डन रिंग’ वाले सांप को देखकर सहम गए थे लेकिन जब उन्हें पता चला कि सांप जहरीला नहीं है और खुद मुसीबत में फंसा है तो वे भी हैरान रह गए. उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि घर में रखी किसी प्रियजन की सोने की अंगूठी इस तरह एक सांप के शरीर में फंसकर उसकी जान पर बन सकती है.


