Last Updated:
Manjrekar on Vaibhav Sooryavanshi: भारत के वंडर बॉय के नाम से मशहूर हो चुके 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर संजय मांजरेकर ने एक हैरान करने वाला बयान दिया है. मांजरेकर ने कहा है कि वैभव की टी20 में टीम इंडिया के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, लेकिन अगर उन्हें आलोचकों की इज्जत पानी है तो वैभव को तीनों फॉर्मेट में अपना दम दिखाना होगा.
वैभव सूर्यवंशी पर संजय मांजरेकर ने दिया बयान
नई दिल्ली: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी की हर तरफ चर्चा हो रही है. अंडर-19 और घरेलू क्रिकेट के बाद वैभव इस समय आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए धूम मचा रहे हैं. इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने एक शतक लगा चुके हैं. वैभव की धुआंधार बल्लेबाजी को देख ये कहा जा रहा है कि आईपीएल खत्म होने के बाद उनकी टीम इंडिया में एंट्री हो जाएगी, लेकिन पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने वैभव को लेकर एक हैरान करने वाला बयान दिया है.
मांजरेकर का मानना है कि वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार हैं, लेकिन फिलहाल केवल टी20 फॉर्मेट के लिए, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उन्हें अभी कुछ क्षेत्रों पर काम करने की जरूरत है.वैभव पिछले साल अपने पहले आईपीएल सीजन में शतक लगाकर चर्चा में आए थे. इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट और अंडर-19 स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें इस साल की शुरुआत में अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रनों की पारी भी शामिल है. आईपीएल 2026 में उन्होंने 10 मैचों में 237.64 के स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए है.
टी20 में वैभव के लिए शुभमन और यशस्वी होंगे चुनौती-मांजरेकर
मांजरेकर का मानना है कि वैभव ने टीम इंडिया में दावेदारी पेश करने के लिए पर्याप्त प्रदर्शन किया है. मांजरेकर ने स्पोर्टस्टार से बात करते हुए कहा कि आईपीएल और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के प्रदर्शन को देखते हुए, जहां उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ शतक लगाया था वह तैयार नजर आते हैं. साथ ही, मांजरेकर ने कहा कि शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे सलामी बल्लेबाजों की मौजूदगी के कारण सूर्यवंशी के लिए टीम में जगह बनाना आसान नहीं होगा. उन्होंने बताया कि सूर्यवंशी उन टी20 बल्लेबाजों के समूह का हिस्सा हैं जो शॉट खेलने के लिए जगह बनाते हैं, लेकिन अगर वह लंबे फॉर्मेट में खेलना चाहते हैं तो उनकी तकनीक में बदलाव की जरूरत है.
मांजरेकर के अनुसार, पिछले कुछ सालों के सफल टी20 बल्लेबाजों की तरह सूर्यवंशी गेंद की लाइन से दूर रहकर शॉट खेलते हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में गेंद के करीब आने की सलाह दी जाती है. उन्होंने कहा कि इंग्लैंड, “ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका जैसी जगहों पर गेंद से दूर रहकर आप रन नहीं बना पाएंगे.” उन्होंने अंत में यह भी जोड़ा कि अगर आप अपने बच्चे को मशहूर और अमीर बनाना चाहते हैं तो टी20 बल्लेबाजी ठीक है, लेकिन अगर आप आलोचकों से इज्जत पाना चाहते हैं तो उसे गेंद की लाइन में आकर खेलना सीखना होगा.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


