Last Updated:
Rinku Singh Statement on KKR first win: आईपीएल 2026 में लगातार मिल रही हार के सिलसिले को तोड़ते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. मैच के बाद टीम के उपकप्तान रिंकू सिंह ने माना कि इस जीत में किस्मत का बड़ा हाथ था. रिंकू सिंह जब बल्लेबाजी के लिए आए, तो शुरुआत में ही राजस्थान के फील्डर ने उनका एक कैच छोड़ दिया. रिंकू ने इसे ही मैच का टर्निंग पॉइंट बताया.
केकेआर की जीत के बाद क्या-क्या बोले रिंकू सिंह?
नई दिल्ली. रिंकू सिंह ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 53 रन बनाकर आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स को पहली जीत दिलाई. कोलकाता नाइटराइडर्स को इससे पहले खेले 6 मुकाबलों में 5 हार का सामना करना पड़ा था, जबकि एक मैच बारिश के चलते रद्द हुआ. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली जीत से केकेआर की टूर्नामेंट में वापसी की उम्मीद जरूर जागी होगी. टीम इस जीत से अंकतालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है. जब लक्ष्य हासिल करना मुश्किल लग रहा था, तब रिंकू ने धैर्य और कंट्रोल के साथ आक्रामकता दिखाते हुए टीम को जीत दिलाई.
मैच के बाद उन्होंने कहा, ‘जोश तो था लेकिन कोई हिचक नहीं थी.’ उन्होंने आगे कहा, ‘कभी-कभी ऐसा होता है जब चीजें आपके हिसाब से नहीं होतीं तो आप जोश महसूस करते हैं. लेकिन ऐसा नहीं था कि मैं अपने शॉट खेलने में हिचक रहा था या मुझे कोई दुविधा थी. मेरी सोच यही थी कि खेल को आखिर तक ले जाऊं.’
केकेआर की जीत के बाद क्या-क्या बोले रिंकू सिंह?
इस सीजन में बड़ी पारी की तलाश में रहे इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने शुरुआत में मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और मैच का रुख केकेआर की तरफ कर दिया. रिंकू ने इस बारे में कहा, ‘कभी-कभी ऐसा ही होता है. दिमाग ठीक से काम नहीं करता और आप ऐसे शॉट खेल लेते हैं. लेकिन शुक्र है कि किस्मत मेरे साथ थी और आखिरकार हम मैच जीत गए.’ रिंकू ने माना कि इस पारी का उन्हें लंबे समय से इंतजार था और यह उनके आत्मविश्वास के लिए बहुत जरूरी थी. उन्होंने कहा, ‘मैंने काफी पारियां खेली थीं और एक बड़ी पारी का इंतजार कर रहा था. यह मेरे लिए बहुत अच्छी पारी थी और मेरे आत्मविश्वास के लिए भी बहुत जरूरी थी.’
पहली जीत पर क्या बोले कप्तान?
कप्तान अजिंक्य रहाणे ने खास तौर पर रिंकू और गेंदबाजों की तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘मुझे रिंकू, अनुकूल (रॉय) और वरुण (चक्रवर्ती) के लिए सच में बहुत खुशी है. जिस तरह से वरुण ने गेंदबाजी की. अनुकूल का घरेलू टूर्नामेंट भी शानदार रहा.’ राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने फील्डिंग में हुई उन गलतियों पर अफसोस जताया जो मैच का नतीजा तय करने में अहम साबित हुईं. पराग ने कहा, ‘मुझे लगा था कि यह 170 रन वाला विकेट है, लेकिन हम 10 रन पीछे रह गए. गलती हमारी तरफ से हुई. हम कैच नहीं छोड़ सकते, इसी वजह से हम मैच हार गए.’ रिंकू का कैच उनकी पारी की शुरुआत में ही छूट गया था, जब वह 8 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


