Last Updated:
Abhishek Sharma equals Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी20 में विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. अभिषेक शर्मा ने ये कारनामा आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में किया है.
अभिषेक शर्मा ने की विराट कोहली की बराबरी
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 31वें मैच में अभिषेक शर्मा ने अपनी तूफानी बैटिंग से धूम मचा दी. सनराइजर्स हैदराबाद के इस ओपनर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 68 गेंद में नाबाद 135 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में अभिषेक शर्मा ने 10 छक्के और 10 चौके भी लगाए. आईपीएल करियर में अभिषेक शर्मा का ये दूसरा शतक था. इसके साथ ही उन्होंने टी20 फॉर्मेट में विराट कोहली के एक बड़े उपलब्धि की भी बराबरी कर ली.
दरअसल, अभिषेक शर्मा ने टी20 में विराट कोहली के 9 शतकों की बराबरी की है. अभिषेक शर्मा के भी इस फॉर्मेट में अब 9 शतक हो गए हैं. टी20 में शतकों के मामले में विराट और अभिषेक से आगे अब सिर्फ डेविड वॉर्नर (10 शतक), बाबर आजम (12 शतक) और क्रिस गेल (22 शतक) हैं.
अभिषेक ने ट्रेविस हेड के साथ की तूफानी शुरुआत
वहीं, इस मुकाबले की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ट्रेविस हेड के साथ मिलकर अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सनराइजर्स हैदराबाद को शानदार शुरुआत दी. पारी के आखिर में जब अभिषेक थोड़ा थके हुए दिखे, तब हेनरिक क्लासेन ने 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर तेजी से रन जोड़े. सनराइजर्स के लिए ट्रेविस ने भी 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 26 गेंद में 37 रनों की पारी खेली. इसके अलावा टीम के कप्तान ईशान किशन ने भी 13 गेंद में 25 रन कूट दिए. ईशान किशन ने अपनी इस पारी में 2 चौके और 1 छक्का लगाया.
सनराइजर्स ने पावरप्ले में 67 रन बनाए, लेकिन दिल्ली की टीम ने 7 से 15 ओवर के बीच 116 रन दे दिए, जो बिल्कुल भी ठीक नहीं था. अभिषेक की पारी की खासियत थी कि उन्होंने गेंदबाज के हिसाब से अपने बैट का स्विंग बदला, खासकर नगिडी के खिलाफ, जिन्हें उन्होंने देर से और सामने खेला. ऐसा लग रहा था कि अभिषेक अपनी रेंज-हिटिंग दिखाने के मूड में थे, क्योंकि उनके ज्यादातर छक्के विकेट के सामने लगे.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


