Last Updated:
IPL 2026 Playoff Schedule: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है. इस सीजन में टॉप-4 के लिए चली कांटे की टक्कर के बाद आखिरकार खिताबी जंग के लिए चार महारथी मिल गए हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने प्लेऑफ का टिकट कटा लिया है. अंकतालिका में जहां विराट कोहली की RCB टॉप पर रही, वहीं रियान पराग की राजस्थान रॉयल्स ने चौथे स्थान के रूप में आखिरी पायदान हासिल किया. अब इन चारों टीमों के बीच 26 मई से खिताबी मुकाबला जीतने की अंतिम लड़ाई शुरू होगी. आइए जानते हैं कौन सी टीम किस पायदान पर रही और कब, कहां इनके बीच महामुकाबले खेले जाएंगे.
आईपीएल 2026 प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चारों टीमें तय हो चुकी हैं. मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए टूर्नामेंट के 69वें मुकाबले के नतीजे के साथ ही टॉप-4 टीमों की स्थिति क्लियर हो गई. राजस्थान रॉयल्स ने यह मुकाबला जीतकर 16 अंक हासिल किए और अंकतालिका में चौथे स्थान पर फिनिश करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाने वाली चौथी टीम बन गई. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ का टिकट कटा चुकी थीं. राजस्थान की मुंबई पर जीत ने पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना तोड़ दिया और ये दोनों टीमें बाहर हो गईं. आइए टॉप-4 में पहुंचने वाली टीमों के सफर के बारे में जानते हैं प्लेऑफ के मैचों के बारे में जानते हैं कि कब और कहां कौन सी टीमें आपस में भिड़ेंगी.
आईपीएल 2026 के नॉकआउट चरण का शेड्यूल बेहद दिलचस्प है. टॉप-2 में रहने वाली RCB और गुजरात को फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे, जबकि तीसरे और चौथे नंबर की टीमों (SRH और RR) के लिए हर मैच करो या मरो का होगा. आरसीबी ने जबरदस्त खेल दिखाया और 14 मैचों में 9 जीत और 5 हार के साथ 18 अंक हासिल किए. गुजरात टाइटंस की भी यही स्थिति रही. हालांकि, उनका नेट रन रेट कम रहा, जिससे उसने दूसरे पायदान पर फिनिश किया. सनराइजर्स हैदराबाद ने भी 9 जीत के साथ 18 अंक हासिल किए. हैदराबाद रन रेट के आधार पर तीसरे स्थान पर रही. राजस्थान रॉयल्स ने 8 जीत के साथ टॉप-4 में अपनी जगह पक्की की.
कब और कहां खेले जाएंगे प्लेऑफ के मुकाबले.
क्वालिफायर 1: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस
आरसीबी और गुजरात के बीच 26 मई 2026 (मंगलवार) को प्लेऑफ का पहला मुकाबला खेला जाएगा, जब ये दोनों टीमें क्वालीफायर-1 में आमने-सामने होंगी. मैच शाम 7:30 बजे से हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला में होना है. इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाएगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालिफायर 2 में एक और मौका मिलेगा.
एलिमिनेटर: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स
हैदराबाद और राजस्थान की टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला तय हुआ है. यह मैच क्वालीफायर-1 के अगले दिन यानी 27 मई को होगा. शाम 7:30 बजे से मुल्लांपुर में जंग होनी है. इस मैच के साथ ही टूर्नामेंट से एक और टीम बाहर हो जाएगी. दरअसल, हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा. दूसरी ओर, जीतने वाली टीम क्वालिफायर 2 में प्रवेश करेगी, जिसकी टक्कर क्वालीफायर-1 की हारने वाली टीम से होगी.
क्वालिफायर 2 और ग्रैंड फिनाले
29 मई को दूसरा क्वालीफायर खेला जाएगा, जिसमें पहले क्वालीफायर की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीमें फाइनल का टिकट पक्का करने उतरेंगी. यह मैच शाम 7:30 बजे से मुल्लांपुर में शुरू होगा. इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनेगी. इसके बाद होगा वो मुकाबला (ग्रैंड फिनाले), जिसके इंतजार में फैंस भी हैं. क्वालिफायर 1 की विजेता और क्वालिफायर 2 की विजेता टीमें 31 मई को खिताबी मैच खेलेंगी. यह महामुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. जीतने वाली टीम को आईपीएल 2026 की चमचमाती ट्रॉफी दी जाएगी.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


