Last Updated:
IPL 2026 Matheesha Pathirana: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 60वें मैच में श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीसा पाथिराना ने कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए अपना डेब्यू किया, लेकिन 8 गेंद डालने के बाद ही वह मैदान छोड़कर चले गए. गेंदबाजी के दौरान पाथिराना को हैमस्ट्रिंग हुआ था. पाथिराना को केकेआर ने ऑक्शन में 18 करोड़ में खरीदा था.
केकेआर के लिए डेब्यू में चोटिल हुए पाथिराना
नई दिल्ली: अंजिक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता नाइटराइडर्स ने अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस को 29 रनों से हराया. इस जीत के साथ ही केकेआर ने प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. गुजरात के खिलाफ मैच में केकेआर की बल्लेबाजी जबरदस्त रही. इस मुकाबले के लिए गेंदबाजी में टीम ने श्रीलंकाई पेसर मथीसा पाथिराना को मैदान पर उतारा. पाथिराना का केकेआर के लिए ये डेब्यू मैच था, लेकिन वह कुछ नहीं कर पाए.
पाथिराना सिर्फ 1.2 ओवर यानी 8 गेंद ही डाल पाए थे कि उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई, जिससे पाथिराना को मैदान छोड़ना पड़ा. केकेआर लंबे समय से पाथिराना के फिट होने का इंतजार कर रही थी, लेकिन जब वह फिट हुए तो अपने पहले ही मैच में फिर से चोटिल हो गए. इसके कारण ना सिर्फ पाथिराना बल्कि केकेआर की टीम भी बुरी तरह से ट्रोल हो रही है.
पाथिराना को ऑक्शन में मिले थे 18 करोड़ रुपए
आईपीएल 2025 के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स से रिलीज किए गए पाथिराना को इस सीजन के लिए केकेआर ने 18 करोड़ रुपए देकर अपनी टीम में शामिल किया. केकेआर को श्रीलंका के इस गेंदबाज से काफी उम्मीदें थी, लेकिन नए सीजन से ठीक पहले उन्हें चोट लग गई. चोट से ठीक हुए तो केकेआर को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के एनओसी का इंतजार करना पड़ा. पाथिराना को जब एनओसी मिली तो केकेआर ने उन्हें बेंच पर बिठा कर रखा और ऐसे समय में उन्हें मैदान पर उतारा जबक उसके लिए हर मैच करो या मरो का है.
यही कारण है कि अब पाथिराना को लेकर कहा जा रहा है कि वह आईपीएल इतिहास की सबसे घटिया खरीददारी हैं. क्योंकि लंबे समय इंतजार के बाद जब मैदान पर उतरे तो अपने पहले ही मैच में उन्हें चोट लग गई. ऐसे में अब केकेआर सिर्फ यही उम्मीद कर सकती है कि पाथिराना उसके बचे हुए दो मैचों के लिए फिट होकर मैदान पर वापसी करें ताकि उसकी बॉलिंग लाइनअप को मजबूती मिले.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


