Raghav Chadha Resignation LIVE Updates: राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के बीजेपी में जाने पर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने मोर्चा खोल दिया है. केजरीवाल ने इसे पंजाबियों को दिया गया “धक्का” बताते हुए बीजेपी की मंशा पर सवाल उठाए. वहीं, पंजाब के सीएम मान ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी हमेशा से पंजाब विरोधी रही है. उन्होंने साफ किया कि डरपोक नेता अपनी “जान बचाने” के लिए भगवा चोला ओढ़ रहे हैं, लेकिन व्यक्ति से बड़ी हमेशा पार्टी होती है. आम आदमी पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आप को भ्रष्टाचार का दलदल बताकर बीजेपी का दामन थाम लिया. चड्ढा ने हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल के भी साथ छोड़ने का दावा कर सियासी हलचल तेज कर दी है. उन्होंने खुद को गलत पार्टी में सही आदमी बताते हुए पीएम मोदी के 12 साल के बेमिसाल नेतृत्व पर भरोसा जताया है.
दिल्ली और पंजाब की राजनीति में आज एक ऐसा सियासी भूकंप आया है जिसने आम आदमी पार्टी (AAP) की बुनियाद हिला दी है. पार्टी के सबसे चमकते चेहरे और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आप को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है. अकेले चड्ढा ही नहीं बल्कि उनके साथ राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भी एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया. राघव चड्ढा ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि उनके साथ हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रमजीत साहनी और राजेंद्र गुप्ता जैसे बड़े नामों ने भी आम आदमी पार्टी छोड़ दी है. एक समय में अरविंद केजरीवाल के संकटमोचक कहे जाने वाले चड्ढा ने भावुक होकर कहा, “मैं एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) का करियर छोड़कर भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना लेकर आया था, लेकिन आज यह पार्टी खुद भ्रष्टाचार के दलदल और समझौतावादी लोगों के चंगुल में फंस चुकी है.”
बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक ‘गलत पार्टी में सही आदमी’ थे. उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में मोदी सरकार ने जो साहसिक फैसले लिए हैं, उन पर जनता का तीन बार भरोसा जताना इसकी सफलता का प्रमाण है. ‘आप’ के रणनीतिक स्तंभों के इस तरह टूटने से राज्यसभा में पार्टी की ताकत लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गई है.
Aam Aadmi Party Split in Punjab’बीजेपी ने ठगवाल को पैदा किया, अब सारे प्यादे छीनकर पंजाब में ठिकाने लगाने की तैयारी’, अलका लांबा का तीखा वार
आम आदमी पार्टी में टूट: कांग्रेस नेता अलका लांबा ने राघव चड्ढा की बगावत पर ‘आप’ और बीजेपी दोनों को घेरते हुए इसे ‘जैसी करनी वैसी भरनी’ करार दिया है. लांबा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पहले दिल्ली की सत्ता से कांग्रेस को हटाने के लिए केजरीवाल का इस्तेमाल किया और अब वही रणनीति पंजाब में अपनाई जा रही है. उनके अनुसार, बीजेपी का प्लान अब ‘आप’ के बड़े नेताओं को अपने पाले में कर पंजाब में केजरीवाल को पूरी तरह राजनीतिक रूप से ठिकाने लगाने का है. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को दिल्ली और पंजाब की जनता के साथ धोखा बताया.
Raghav Chadha Resignation LIVE UPDATES: नितिन नवीन बीजेपी दफ्तर पहुंचे, थोड़ी देर में राघव चड्ढा समेत अन्य AAP सांसदों को दिलाएंगे शपथ
राघव चड्ढा का त्यागपत्र लाइव अपडेट्स: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंच चुके हैं. कुछ ही देर में वे राघव चड्ढा सहित आम आदमी पार्टी के 7 बागी सांसदों को आधिकारिक रूप से बीजेपी की सदस्यता दिलाएंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार चड्ढा के साथ संदीप पाठक, अशोक मित्तल और अन्य नेता मौजूद हैं. इस ज्वाइनिंग के बाद राघव चड्ढा और बीजेपी अध्यक्ष एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे.
Raghav Chadha Resignation LIVE UPDATES: केजरीवाल के गैंग में अब सिर्फ चोर और भ्रष्टाचारी बचें हैं… कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी पर बोला हमला
राघव चड्ढा का त्यागपत्र लाइव अपडेट्स: बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने राघव चड्ढा और उनके साथियों के फैसले को साहसिक बताते हुए अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है. मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल के गैंग में अब केवल चोर और भ्रष्टाचारी ही बचे हैं. उन्होंने दावा किया कि जिस व्यक्ति की भी आत्मा जीवित है, वह ‘आप’ में ज्यादा दिन नहीं टिक सकता. कपिल मिश्रा के अनुसार, इन नेताओं का बीजेपी में आना पंजाब की जनता को केजरीवाल की लूट से बचाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा.
Raghav Chadha Resignation LIVE UPDATES: ये लोग केवल अपनी जान बचाने के लिए वहां गए हैं… राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों की बगावत पर बोले पंजाब के सीएम भगवंत मान
राघव चड्ढा का त्यागपत्र लाइव अपडेट्स: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के इस्तीफे पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी की पंजाब और पंजाबियों से कभी नहीं बनी. मान ने इसे बीजेपी की ‘गंदी राजनीति’ करार देते हुए कहा कि यह पंजाब की छवि खराब करने की एक नाकाम कोशिश है. उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति में पार्टी बड़ी होती है, व्यक्ति नहीं. भगवंत मान के अनुसार, जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, वे केवल अपनी ‘जान बचाने’ (जांच एजेंसियों से बचने) के लिए वहां गए हैं, लेकिन बीजेपी में भी उनका कोई भविष्य नहीं होने वाला है.
Raghav Chadha Resignation LIVE UPDATES: शरद पवार, शिवसेना (UBT) के लिए भी यही वॉशिंग मशीन इस्तेमाल होती थी… भगवंत मान ने बीजेपी को घेरा
राघव चड्ढा का त्यागपत्र लाइव अपडेट्स: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राघव चड्ढा की बगावत पर बीजेपी को ‘वॉशिंग मशीन’ बताते हुए घेरा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पंजाब को धोखा दिया है. जिस तरह उन्होंने शरद पवार, शिवसेना और कांग्रेस को तोड़ने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया, वही गंदा खेल अब पंजाब में खेला जा रहा है. मान ने तंज कसा कि बीजेपी का पंजाब में कोई आधार नहीं है.
Aam Aadmi Party Split: ‘बीजेपी ने पंजाबियों को फिर दिया धक्का’, राघव चड्ढा की बगावत पर अरविंद केजरीवाल का पहला रिएक्शन
Aam Aadmi Party Split: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राघव चड्ढा के इस्तीफे को पंजाब के अपमान से जोड़ दिया है. केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी ने एक बार फिर पंजाब के लोगों को “धक्का” देने का काम किया है. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को पंजाब की जनादेश के खिलाफ साजिश बताया. केजरीवाल के अनुसार, बीजेपी पंजाब की तरक्की से जलती है और इसीलिए उनके नेताओं को तोड़कर राज्य के विकास में रोड़ा अटकाना चाहती है.
Aam Aadmi Party Split: ‘जो केजरीवाल की चाटुकारिता कर सकें वही AAP में रहेगा’, राघव चड्ढा के पाला बदलते ही सचदेवा का तीखा हमला
Aam Aadmi Party Split: दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने राघव चड्ढा और उनके साथियों के बीजेपी में शामिल होने के फैसले का स्वागत करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला है. सचदेवा ने कहा कि यह निर्णय साबित करता है कि स्वाभिमानी व्यक्ति अब भ्रष्टाचारी और देश विरोधी पार्टी में नहीं रहना चाहता. सचदेवा के अनुसार AAP का चरित्र ऐसा है कि वहां देश सेवा करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल की पार्टी में सिर्फ वही लोग टिक सकते हैं जो भ्रष्ट हों या चाटुकारिता में माहिर हों. सचदेवा ने दावा किया कि जिसका भी थोड़ा स्वाभिमान बचा है, वह इस पार्टी का साथ छोड़ देगा. यह घटनाक्रम AAP के गिरते नैतिक स्तर का परिणाम है.
Aam Aadmi Party Split: बीजेपी ने अपने ऑपरेशन लोटस को एक्टिव कर दिया है… संजय सिंह ने गृह मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
Aam Aadmi Party Split: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और विशेष रूप से गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है. सिंह ने कहा कि बीजेपी ने पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाकर पंजाब की सरकार को अस्थिर करने और भगवंत मान के विकास कार्यों को रोकने की घिनौनी साजिश रची है. उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों (ED-CBI) के जरिए दबाव बनाकर सांसदों को तोड़ा गया है. संजय सिंह के अनुसार, पंजाब की जनता इस विश्वासघात और गंदी राजनीति के लिए बीजेपी और गद्दारों को कभी माफ नहीं करेगी.
Aam Aadmi Party Split: पंजाब के भरोसे के साथ गद्दारी… राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के इस्तीफे पर जमकर बरसे संजय सिंह
Aam Aadmi Party Split: संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के इस्तीफे पर कहा कि ये पंजाब की जनता के साथ बड़ा विश्वासघात बताया है. उन्होंने कहा कि जिस राघव चड्ढा को पार्टी ने विधायक से सांसद तक बनाया और पंजाब के लोगों ने बेशुमार प्यार दिया, उन्होंने ही 7 सांसदों के साथ मिलकर पीठ में छुरा घोंपा है. सिंह ने चेतावनी दी कि पंजाब के लोग इस धोखे के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे.
Raghav Chadha Resignation: ‘आप’ के घर में ‘चड्ढा’ की सेंध, बीजेपी ने एक झटके में ढहाया केजरीवाल का किला!
राघव चड्ढा का त्यागपत्र: आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने सांसदों के इस्तीफे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे बीजेपी की पुरानी ‘पार्टी तोड़ो’ रणनीति का हिस्सा बताया है. विधायक संजीव झा ने कहा कि बीजेपी ने इससे पहले भी NCP, शिवसेना और जदयू जैसी पार्टियों को तोड़ने का प्रयोग किया है और अब यही मॉडल पंजाब में दोहराने की कोशिश हो रही है. झा ने आरोप लगाया कि पार्टी को खत्म करने की यह साजिश काफी समय से चल रही थी. उन्होंने दावा किया कि 5 दिन पहले एक सांसद के घर हुई ED की रेड इसी योजना का हिस्सा थी. ‘आप’ के अनुसार, राघव चड्ढा और अमित शाह मिलकर यह दबाव बना रहे थे ताकि नेताओं को डराकर पार्टी छोड़ने पर मजबूर किया जा सके.


