Last Updated:
srh vs dc turning point: सनराइजर्स हैदराबाद से मिले 243 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 10 ओवर में दो विकेट खोकर 107 रन बना लिए थे. दिल्ली यहां भी रन चेज में बनी हुई थी, लेकिन 11वें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर दो विकेट लेकर ईशान मलिंगा ने बाजी पलट दी. यहां से दिल्ली की टीम मैच में लौट नहीं पाई.
दिल्ली कैपिटल्स के हाथ से कहां फिसल गया मैच.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया. राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एसआरएच से मिले 243 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 195 रन ही बना सकी. यह एसआरएच की इस सीजन की चौथी जीत है. वहीं, दिल्ली को तीसरी हार का सामना करना पड़ा है. अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 135 रन ठोके और हैदराबाद को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. अभिषेक के तूफान के बावजूद दिल्ली की टीम एक समय तक रन चेज में कायम थी, लेकिन 11वें ओवर को दो गेंदों के बाद उसकी वापसी हो गई. यही दो गेंदें दिल्ली के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुईं.
दो गेंदों ने दिल्ली को मैच में पीछे कर दिया
दिल्ली को शुरुआत में ही झटका जरूर लगा, लेकिन केएल राहुल और नीतीश राणा ने दूसरे विकेट के लिए 86 रन की पार्टनरशिप कर दिल्ली को मैच में बनाए रखा. राहुल 23 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हो गए. 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 107/2 था. यहां तक दिल्ली मैच में बनी हुई थी, लेकिन 11वां ओवर लेकर आए ईशान मलिंगा ने शुरुआती दो गेंदों पर दिल्ली को दो बड़े झटके दे दिया. पहली गेंद पर अर्धशतक बनाकर खेल रहे नीतीश राणा (57) को चलता कर दिया और दूसरी गेंद पर खतरनाक बल्लेबाज डेविड मिलर (0) का शिकार कर लिया. इसके बाद से दिल्ली की टीम वापसी नहीं कर सकी.
बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे ईशान-हर्ष
दिल्ली के लिए पथुम निसांका सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने जोर जरूर लगाया, लेकिन साकिब हुसैन और मलिंगा ने उन्हें आउट कर दिल्ली को जीत से दूर कर दिया. राहुल 23 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए. वहीं नीतीश ने 30 गेंदों में 57 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए.
ईशान मलिंगा ने दो गेंदों में लिए दो विकेट.
ट्रिस्टन स्टब्स अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 16 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हो गए. आशुतोष शर्मा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. वह 14 रन बनाकर पवेलियन आउट हुए. समीर रिजवी 28 गेंदों में 41 रन बनाकर हर्ष दुबे का शिकार बने. उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 2 छक्के लगाए. कप्तान अक्षर पटेल सिर्फ 2 रन ही बना सके, तो लुंगी एनगिडी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. SRH की ओर से गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं, हर्ष दुबे ने 2 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट निकाले.
अभिषेक ने जड़ा तूफानी शतक
इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 242 रन बनाए. अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने टीम को दमदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 8.5 ओवर में 97 रन जोड़े. हेड 26 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन अभिषेक का तूफान जारी रहा. ईशान किशन और अभिषेक ने दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 79 रनों की साझेदारी निभाई. ईशान 13 गेंदों में 25 रन बनाकर रनआउट हुए.
अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में 350 छक्कों का आंकड़ा छू लिया.
अभिषेक ने एक छोर से अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी और अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक लगाया. अभिषेक ने 68 गेंदों का सामना करते हुए 135 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 10 छक्के लगाए. वहीं, हेनरिक क्लासेन 13 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद रहे. अभिषेक-क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 66 रनों की अटूट साझेदारी निभाई. डीसी की ओर से गेंदबाजी में एकमात्र विकेट अक्षर पटेल को मिला.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


