Kal Ka Mausam IMD ki Chetawani: अप्रैल महीने में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां पहले दो हफ्ते बारिश और आंधी तूफान के नाम रहे, तो तीसरे हफ्ते की शुरुआत देश के अधिकांश हिस्सों भीषण गर्मी पड़ रही है. इन दिनों दोतरफा मार देखने को मिल रही है. अप्रैल के महीने में ही मई-जून जैसी चिलचिलाती गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 अप्रैल के लिए अपना ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक, जहां मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में हीटवेव (Heatwave) और उमस भरी गर्मी का प्रकोप रहेगा, वहीं 11 राज्यों में मौसम करवट लेगा और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी.
आईएमडी के ताजा रिपोर्ट देखें तो दिल्ली से लेकर बिहार बंगाल में भीषण गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग के ताजा रिपोर्ट के अनुसार, विदर्भ, मराठवाड़ा और दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40℃ से 44℃ के बीच झुलसा रहा है. इसके अलावा तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दक्षिण हरियाणा और उत्तर प्रदेश (यूपी) के दक्षिणी हिस्सों में भी पारा आसमान छू रहा है. यूपी के बांदा में अधिकतम तापमान 44.4°C दर्ज किया गया.
शुक्रवार के लिए मौसम विभाग की चेतावनी. (फोटो- पीटीआई)
पहाड़ों पर बारिश, मगर तापमान भी बढ़ा
जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1℃ अधिक दर्ज किया गया है. वहीं, दिल्ली-चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम राजस्थान में पारा सामान्य से 3.1℃ से 5.0℃ ऊपर चल रहा है. हालांकि, बिहार और पश्चिम बंगाल (गंगीय क्षेत्र) के कुछ स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वहां के लोगों को भीषण लू से मामूली राहत मिली है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है.
राज्यों में मौसम का हाल
दिल्ली: दिल्ली में भीषण गर्मी के साथ मौसम ने खतरनाक करवट बदला है. दिन के समय गर्म हवाओं की थपेड़ और भीषण गर्मी से ना केवल इंसानों बल्कि जानवरों का बुरा हाल हो गया. दिल्ली में अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40°C से 44°C के बीच झुलसा रहा है. दिल्ली में दिन का तापमान सामान्य से 3.1°C से 5.0°C तक अधिक चल रहा है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का दिन में बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है.
राजस्थान: रेगिस्तान के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान 40°C से 44°C के खतरनाक स्तर पर बना हुआ है. पश्चिमी राजस्थान में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C से 5.0°C तक अधिक दर्ज किया गया है। पूरे राज्य में तापमान में लगातार और तेज उछाल देखा जा रहा है.
हरियाणा: हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों (जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी आदि) में अधिकतम तापमान 40°C से 44°C के बीच पहुंच गया है. पूरे हरियाणा और चंडीगढ़ क्षेत्र में तापमान सामान्य से 3.1°C से 5.0°C ऊपर दर्ज किया गया है. यहां भी फिलहाल गर्मी से किसी तरह की राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
उत्तर प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी और लू का अलर्ट
यूपी में मौसम के तेवर बेहद तल्ख बने हुए हैं और अप्रैल के महीने में ही मई-जून जैसी चिलचिलाती गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है.
- बांदा में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड: मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, यूपी का बांदा जिला इस वक्त देश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है. यहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.
- दक्षिणी यूपी में हीटवेव का कहर: पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों के साथ-साथ राज्य के दक्षिणी हिस्सों में अधिकतम तापमान 40℃ से 44℃ के बीच झुलसा रहा है.
- कल का पूर्वानुमान: आईएमडी की चेतावनी है कि यूपी में गर्मी का यह टॉर्चर अभी थमेगा नहीं। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है.
लू से बुरा हाल हो गया है. (फोटो-पीटीआई)
बिहार में लू से राहत
यूपी के बिल्कुल उलट, बिहार के मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे वहां के लोगों को चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
- पारे में बड़ी गिरावट: आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के कई अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है.
- तापमान सामान्य से काफी नीचे: कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे भी अधिक नीचे चला गया है.
- कल का पूर्वानुमान: कल यानी 17 अप्रैल को भी बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत नरम रहने की संभावना है. आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और फिलहाल लोगों को लू के थपेड़ों का सामना नहीं करना पड़ेगा.
कहां-कहां बारिश होने का पूर्वानुमान
पूर्वोत्तर भारत में शुक्रवार यानी कि 17 अप्रैल को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की प्रबल संभावना है. असम और मेघालय में 17 और 18 अप्रैल को भारी वर्षा हो सकती है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में 18-19 अप्रैल को मूसलाधार बारिश का अलर्ट है.
पहाड़ों के अलावा दक्षिण के राज्यों में बारिश की चेतावनी.
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
पहाड़ी और उत्तर-पश्चिमी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में 16 से 19 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. हिमाचल प्रदेश में 17 से 19 अप्रैल के बीच और उत्तराखंड में 17 अप्रैल को कहीं-कहीं हल्की बारिश संभव है.
दक्षिण में बारिश
दक्षिण भारतीय राज्यों में गर्मी और बारिश का मिश्रित रूप देखने को मिलेगा. आंतरिक कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 18 से 21 अप्रैल के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है.
देश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान कहां दर्ज किया गया है?
देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
अगले 24 घंटों में पूर्वोत्तर भारत के मौसम का क्या हाल रहेगा?
अगले 24 घंटों में पूर्वोत्तर के 7 राज्यों (असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा) में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं की संभावना है. असम और मेघालय में 17 और 18 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है.
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में आने वाले दिनों में तापमान कैसा रहेगा?
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिससे गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा.


