Last Updated:
Litton das kkr ipl: बांग्लादेश के स्टार बल्लेबाज लिटन दास ने आईपीएल 2023 में केकेआर के साथ अपने खराब अनुभव को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि फ्रेंचाइजी से उन्हें उम्मीद के मुताबिक सपोर्ट और सम्मान नहीं मिला। लिटन का कहना है कि उनके साथ सही तरीके से पेश नहीं आया गया. लिटन दास को सिर्फ एक ही मैच में मौका मिला, जिसमें वह बल्ले के साथ-साथ विकेटकीपिंग में भी कुछ खास नहीं कर सके.
लिटन दास ने केकेआर को लेकर दिया बड़ा बयान.
नई दिल्ली. बांग्लादेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास ने आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ अपने छोटे से सफर को लेकर एक बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि टीम ने उन्हें वैसा सपोर्ट नहीं दिया जैसी उन्हें उम्मीद थी. उस सीजन में लिटन ने केकेआर के लिए सिर्फ एक मैच खेला था और फिर फैमिली मेडिकल इमरजेंसी की वजह से वो घर लौट गए थे. उन्होंने कहा कि उन्हें महसूस हुआ कि फ्रेंचाइजी को सच में उनकी कोई खास जरूरत नहीं थी. साथ ही लिटन ने यह भी कहा कि किसी भी खिलाड़ी को प्लेइंग-11 में शामिल होने की जानकारी मैच से एक दिन पहले दे दी जाती है, लेकिन उनके साथ ऐसा नहीं हुआ.
एक पॉडकास्ट में बात करते हुए लिटन ने खुलकर बात की. बता दें कि आईपीएल 2023 ऑक्शन में केकेआर ने उन्हें 50 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन बांग्लादेश के इंटरनेशनल मैचों की वजह से वो शुरुआत से टीम के साथ नहीं जुड़ पाए थे. जब तक वो पहुंचे, तब तक केकेआर की टीम सही कॉम्बिनेशन बनाने के लिए जूझ रही थी. शाकिब अल हसन पहले ही टूर्नामेंट से हट चुके थे, जेसन रॉय को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया था और विदेशी खिलाड़ियों का कॉम्बिनेशन लगातार बदल रहा था.
एक मैच खेलकर लगा फुल स्टॉप
लिटन ने 20 अप्रैल 2023 को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया. यह उस सीजन का उनका इकलौता मैच साबित हुआ. उन्होंने जेसन रॉय के साथ ओपनिंग की, 4 गेंदों में 4 रन बनाए और विकेट के पीछे भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. केकेआर यह लो स्कोरिंग मैच 4 विकेट से हार गई. इस सीजन के बाद से वह आईपीएल का हिस्सा नहीं हैं.
‘केकेआर को मेरी जरूरत नहीं थी’
लिटन ने कहा, ‘मुझे लगा कि केकेआर को मेरी उतनी जरूरत नहीं थी. टीम ने भी मुझे उस तरह का सपोर्ट नहीं दिया जैसी मुझे उम्मीद थी.’ उनका सबसे बड़ा दावा मैच से पहले की बातचीत को लेकर था. उन्होंने कहा कि आमतौर पर खिलाड़ियों को चुने जाने से पहले थोड़ा संकेत दे दिया जाता है, लेकिन उनके साथ ऐसा नहीं हुआ. लिटन ने बताया, ‘आमतौर पर, मैच से पहले खिलाड़ी को बता दिया जाता है कि वो अगले दिन खेलने वाला है या ऐसी ही कोई बात. मैं दो मैचों से बाहर बैठा हुआ था और मुझसे इस बारे में कोई बातचीत ही नहीं की गई थी. अचानक रात के 11 बजे मुझे एक मैसेज मिला कि तुम कल खेलोगे.’
लिटन ने माना कि वो इकलौता मैच उनके फेवर में नहीं रहा, लेकिन उन्होंने इसे सिर्फ एक खराब प्रदर्शन मानने के बजाय एक मुश्किल परिस्थिति बताया. उन्होंने कहा, ‘मुझमें जितनी एनर्जी थी, मैंने पूरी कोशिश की. क्रिकेट में कभी चीजें आपके पक्ष में होती हैं, कभी नहीं. वो दिन बस मेरा नहीं था.’ मैच में लिटन की विकेटकीपिंग पर भी सवाल उठे. उन्होंने दिल्ली की बैटिंग के दौरान स्टंपिंग के मौके छोड़े, जिसमें ललित यादव का एक अहम स्टंपिंग चांस भी शामिल था. इस वजह से उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं, खासकर तब जब केकेआर पहले से ही जीत और सही टीम कॉम्बिनेशन के लिए दबाव में थी. इसके बाद उन्हें दूसरा मैच खेलने का मौका नहीं मिला. कुछ समय बाद पारिवारिक वजहों से वो बांग्लादेश लौट गए और केकेआर ने भी बयान जारी कर इसकी पुष्टि की थी.
केकेआर ने तब कहा था, ‘लिटन दास को अचानक फैमिली मेडिकल इमरजेंसी की वजह से बांग्लादेश लौटना पड़ रहा है. हमारी शुभकामनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं.’ केकेआर ने उनकी जगह वेस्टइंडीज के जॉनसन चार्ल्स को 50 लाख रुपये में टीम में शामिल किया था. लिटन का केकेआर का सफर जितनी जल्दी शुरू हुआ, उतनी ही जल्दी खत्म हो गया. एक मैच के बाद उन्हें फिर मौका नहीं मिला और वह फिर टूर्नामेंट से ही बाहर हो गए.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


