Last Updated:
रियान पराग को आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है. बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. उन्हें आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.1 के तहत ‘लेवल 1’ के अपराध का दोषी माना गया है.
रियान पराग पर बीसीसीआई ने लिया एक्शन, लगाया 25% मैच फीस की कटौती का जुर्माना
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रोमांच जब अपने चरम पर होता है, तो खिलाड़ियों का हर कदम कैमरे की पैनी नज़र में रहता है. राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान और युवा सनसनी रियान पराग के लिए यह सबक थोड़ा भारी पड़ा है. पिछले कुछ दिनों से जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए, बीसीसीआई (BCCI) ने आखिरकार पराग के ‘ऑन-कैमरा वेपिंग’ (Vaping) कांड पर डंडा चला दिया है. अनुशासनहीनता के इस मामले ने न केवल पराग की कप्तानी छवि पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि खेल की गरिमा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.
यह घटना मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान की है. मैच के लाइव प्रसारण के दौरान टीवी कैमरों ने राजस्थान रॉयल्स के ड्रेसिंग रूम का एक दृश्य कैद किया, जिसमें कप्तान रियान पराग कथित तौर पर ई-सिगरेट (Vape) का इस्तेमाल करते हुए दिखाई दिए यह वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया, जिसके बाद क्रिकेट जगत में उनकी इस हरकत की कड़ी आलोचना हुई. प्रशंसकों और पूर्व खिलाड़ियों ने सवाल उठाया कि क्या एक कप्तान को सार्वजनिक रूप से ऐसी गतिविधियों में लिप्त होना चाहिए.
BCCI की सख्त कार्रवाई
बीसीसीआई ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए रियान पराग को आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है. बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. उन्हें आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.1 के तहत ‘लेवल 1’ के अपराध का दोषी माना गया है. यह धारा मुख्य रूप से ऐसे व्यवहार से संबंधित है जो ‘खेल की प्रतिष्ठा को नुकसान’ पहुँचाता है. पराग ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा लगाए गए जुर्माने को भी मंजूर कर लिया है. नियम के मुताबिक, लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होता है.
कप्तानी और जिम्मेदारी का सवाल
रियान पराग इस सीजन में न केवल अपने बल्ले से बल्कि राजस्थान रॉयल्स के नेतृत्वकर्ता के रूप में भी चर्चा में रहे हैं. एक कप्तान के तौर पर खिलाड़ियों से उम्मीद की जाती है कि वे युवाओं के लिए रोल मॉडल बनें. आईपीएल जैसे वैश्विक मंच पर, जहाँ करोड़ों बच्चे अपने पसंदीदा सितारों को फॉलो करते हैं, ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करना एक गलत संदेश भेजता है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि आईपीएल के सख्त नियमों के बावजूद ऐसी घटना का होना खिलाड़ियों के बीच अनुशासन की कमी को दर्शाता है. बीसीसीआई की यह त्वरित कार्रवाई अन्य खिलाड़ियों के लिए भी एक चेतावनी है कि मैदान के अंदर या बाहर, खेल की गरिमा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
रियान पराग एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन इस विवाद ने उनके शानदार प्रदर्शन पर ‘धुएं’ का साया डाल दिया है. 25 प्रतिशत मैच फीस का नुकसान शायद बड़ा न लगे, लेकिन प्रतिष्ठा पर लगा यह दाग उन्हें लंबे समय तक याद रहेगा.
About the Author

मैं, राजीव मिश्रा, वर्तमान में नेटवर्क 18 में एसोसिएट स्पोर्ट्स एडिटर के रूप में कार्यरत हूँ. इस भूमिका में मैं डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट की योजना, संपादकीय रणनीति और एंकरिंग की जिम्मेदारी निभाता हूँ. खेल पत्रका…और पढ़ें


