Bahraich News: देश में साल 2011 के बाद एक बार फिर जनगणना का शंखनाद हो चुका है. उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नागरिक अब डिजिटल युग के साथ कदम मिलाते हुए अपनी और अपने परिवार की गणना खुद कर सकेंगे. इस बाबत जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ (स्व-गणना) के महाभियान का आगाज किया है. 7 मई से 21 मई तक चलने वाली इस प्रक्रिया में नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर ‘SE ID’ प्राप्त कर सकते हैं.
ऐसे करना होगा प्रक्रिया को सम्पन्न!
बहराइच डीएम सिलसिलेवार जनगणना से संबंधित कॉलम को भरने की पूरी प्रक्रिया साझा की है. सेल्फ एन्यूमरेशन, यानी स्व-गणना भरने के लिए भारत के नागरिक को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाना होगा. इसके बाद लॉगिन करें, जिसे मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट आदि उपकरणों से आसानी से किया जा सकता है. सबसे पहले ‘हाउस होल्ड रजिस्ट्रेशन’ करना होगा. यहां परिवार के मुखिया का नाम दर्ज होगा.
ध्यान रहे कि मुखिया का नाम बाद में बदला नहीं जा सकेगा, इसलिए इसमें कोई गलती न करें. इसके साथ एक मोबाइल नंबर डालना जरूरी है, जो हर एक परिवार के लिए अलग होना अनिवार्य है. इसके बाद आप अपनी पसंद की 16 भाषाओं (जैसे हिंदी, इंग्लिश, उर्दू, तमिल और बंगाली आदि) में से कोई एक चुन सकते हैं. मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी (OTP) से वेरिफिकेशन करने के बाद लोकेशन डिटेल भरें. इसमें जिला, इलाका, मोहल्ला और आसपास के लैंडमार्क की जानकारी भरनी होगी, आप पिन कोड भी डाल सकते हैं.
मैप पर घर की लोकेशन मार्क करना अनिवार्य
प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मैप पर घर की लोकेशन मार्क करना है. यह लोकेशन 200 मीटर के दायरे के अंदर तक की हो सकती है. यह एक जरूरी स्टेप है, जिससे अधिकारियों को आपके सटीक क्षेत्र की पहचान करने में मदद मिलेगी और वे आगे की जनगणना प्रक्रिया को सुगमता से पूरा कर सकेंगे.
घर-परिवार से जुड़ी जानकारी भी ऐसे भरें
इसके बाद आपको घर और परिवार से जुड़ी विस्तृत जानकारी भरनी होगी. इसमें मकान की स्थिति, कमरों की संख्या, परिवार के सदस्यों की संख्या जैसी डिटेल्स शामिल हैं. साथ ही पानी, बिजली, वॉशरूम और किचन जैसी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी भी देनी होगी.
फॉर्म भरने के बाद सारी जानकारी को ध्यान से चेक करें. यदि कोई सुधार की आवश्यकता हो, तो उसे दोबारा सही कर सकते हैं या ड्राफ्ट के रूप में सेव कर सकते हैं. अंत में सबमिशन करने के बाद आपको 11 अंकों का एसई आईडी (SE ID) प्राप्त होगा, जिसे सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है. जब सरकारी अधिकारी आपके घर आएंगे, तो उन्हें यही आईडी दिखानी होगी. यदि प्रक्रिया में कोई समस्या आए, तो वेबसाइट पर दिए गए ट्यूटोरियल वीडियो की मदद ली जा सकती है.


