Last Updated:
Ghaziabad News : गाजियाबाद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ती जा रही है. अब चौराहों पर खड़े होकर हर वाहन की निगरानी करना जरूरी नहीं. योजना के तहत शहर के 41 प्रमुख चौराहों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर समय ट्रैफिक पर नजर रखते हैं. पिछले एक महीने में 41546 चालान काटे गए हैं. इनमें सबसे ज्यादा मामले हेलमेट न पहनने के हैं. इस दौरान दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के 2041 चालान, जेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन करने पर 181 और रेड लाइट जंप करने पर 306 चालान काटे गए हैं.
गाजियाबाद. यूपी के गाजियाबाद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है. गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस और गाजियाबाद नगर निगम ने मिलकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम से राहत दिलाने के लिए आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) योजना लागू की है. इस योजना के तहत शहर के 41 प्रमुख चौराहों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर समय ट्रैफिक पर नजर रखते हैं. इन कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है. आईटीएमएस योजना लागू होने के बाद से ट्रैफिक पुलिस को काफी मदद मिली है. अब चौराहों पर खड़े होकर हर वाहन की निगरानी करना जरूरी नहीं क्योंकि कैमरे खुद ही नियम उल्लंघन करने वालों को रिकॉर्ड कर लेते हैं. इसके बाद वीडियो फुटेज के आधार पर चालान जारी किया जाता है. इससे न सिर्फ नियमों का पालन बढ़ा है बल्कि ट्रैफिक जाम की स्थिति को भी काफी हद तक नियंत्रित किया गया है.
पुलिसवालों के भी काटे चालान
पिछले एक महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 41546 चालान किए गए हैं. इनमें सबसे ज्यादा मामले हेलमेट न पहनने के हैं जिनकी संख्या 39018 रही. दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के 2041 चालान किए गए. जेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन करने पर 181 और रेड लाइट जंप करने पर 306 चालान काटे गए हैं. ये आंकड़े साफ बताते हैं कि लोग अभी भी कई जरूरी नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं. आईटीएमएस के अलावा ट्रैफिक पुलिस मैन्युअल कार्रवाई भी लगातार कर रही है. रोजाना 2000 से ज्यादा चालान मौके पर ही किए जा रहे हैं. नियमों के मामले में किसी को भी छूट नहीं दी जा रही. यहां तक कि पुलिसकर्मियों के वाहन भी जांच के दायरे में हैं. बीते तीन दिनों में 25 पुलिसकर्मियों के वाहनों का चालान किया गया है.
क्या बोले पुलिस उपायुक्त
लोकल 18 से गाजियाबाद पुलिस उपायुक्त (DCP) यातायात त्रिगुण बिसेन बताते हैं कि आईटीएमएस के तहत लगाए गए कैमरे, रेड लाइट और लाउडस्पीकर मिलकर रियल टाइम मॉनिटरिंग करते हैं. इससे यह भी पता चलता है कि जाम कहां और क्यों लग रहा है. नियम तोड़ने वाले वाहन सीधे कैमरे में कैद हो जाते हैं जिसके आधार पर चालान जारी किया जाता है.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें


