Last Updated:
Job News: सेवा योजन विभाग का पोर्टल खासतौर पर उन अभ्यर्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है, जो इंटर, बीए या किसी भी स्किल आधारित कोर्स की पढ़ाई कर चुके हैं या कर रहे हैं. आइए इस पोर्टल के बारे में ज्यादा जानकारी जानते हैं.
जौनपुर: आज के समय में युवाओं के लिए रोजगार की तलाश आसान बनाने के उद्देश्य से सरकार की ओर से कई डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किए गए हैं. इन्हीं में से एक प्रमुख प्लेटफॉर्म है Sewayojan Portal, जो प्रदेश के लाखों युवाओं को नौकरी के अवसरों से जोड़ रहा है. सेवा योजन विभाग का पोर्टल खासतौर पर उन अभ्यर्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है, जो इंटर, बीए या किसी भी स्किल आधारित कोर्स की पढ़ाई कर चुके हैं या कर रहे हैं.
इस पोर्टल पर करें आवेदन
जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने बताया कि इस पोर्टल पर पंजीकरण करना बेहद सरल है. छात्र-छात्राएं sewayojan.up.nic.in वेबसाइट पर जाकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और कौशल से संबंधित विवरण भरकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इसके बाद उन्हें एक लॉगिन आईडी मिलती है, जिसके माध्यम से वे अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न विभागों में आने वाली भर्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं. खास बात यह है कि यहां समय-समय पर आउटसोर्सिंग के जरिए भी वैकेंसी निकाली जाती है, जिससे युवाओं को निजी और सरकारी दोनों क्षेत्रों में अवसर मिलते हैं.
अधिक से अधिक युवाओं को मिले रोजगार
इस प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित की जाती है. बैठक में आईटीआई, पॉलीटेक्निक, जिला उद्योग केंद्र और नर्सिंग संस्थानों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने यहां अध्ययनरत अधिक से अधिक छात्रों का इस पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराएं. इसका उद्देश्य यह है कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके.
भर्तियों की जानकारी कराएं उपलब्ध
छात्रों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, क्योंकि इस पोर्टल के माध्यम से उन्हें एक ही स्थान पर कई विभागों की भर्तियों की जानकारी मिल जाती है. इससे उन्हें अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत नहीं पड़ती और वे घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं. अधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों से भी अपील की है कि वे अपने छात्रों को इस पोर्टल के प्रति जागरूक करें और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित करें.
जो भी छात्र-छात्राएं अभी तक पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, वे जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ उठाएं. सही जानकारी और समय पर आवेदन से रोजगार पाने की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं और यह पोर्टल इसी दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.


