Last Updated:
Sunil Narine IPL Batting Record: सुनील नरेन आईपीएल इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिसने 1 से 11 तक हर नंबर पर बल्लेबाजी की है. वह 2012 से एक ही फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइटराइडर्स का हिस्सा रहे हैं. इस टीम के लिए कई मैचों में नरेन ने ओपनिंग करते हुए रनों का अंबार लगाया है. वह बड़े-बड़े छक्के लगाने में माहिर हैं. उनके नाम एक आईपीएल शतक भी दर्ज है.
सुनील नरेन आईपीएल में 1 से 11 तक हर नंबर पर बल्लेबाजी कर चुके हैं.
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में कई महान बल्लेबाजों ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई, लेकिन एक ऐसा अनोखा कीर्तिमान भी है जिसे 19 साल के लंबे सफर के दौरान सिर्फ एक ही खिलाड़ी अपने नाम कर पाया है. यह रिकॉर्ड है, 1 से 11 तक हर नंबर पर बल्लेबाजी करने का. क्रिकेट के सबसे अनप्रेडिक्टेबल और रोमांचक फॉर्मेट टी20 में अमूमन बल्लेबाजों के नंबर तय होते हैं, मगर आईपीएल में एक ऐसा खिलाड़ी है जिसने पारी की शुरुआत (ओपनिंग) से लेकर नंबर 11 तक, यानी हर एक पोजीशन पर बल्लेबाजी की है. वैसे तो इस खिलाड़ी को उसकी गेंदबाजी के लिए ज्यादा जाना जाता है, लेकिन जब-जब टीम ने उन्हें टॉप ऑर्डर में बैटिंग के लिए भेजा तो इस स्टार ने चौके-छक्कों से तहलका मचाया. आइए जानते हैं इस क्रिकेटर के बारे में…
जिस खिलाड़ी का हम यहां जिक्र कर रहे हैं, वो और कोई नहीं, बल्कि वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर सुनील नरेन हैं. सुनील नरेन ने टी20 क्रिकेट की दुनिया में अपनी एक ऐसी अनोखी पहचान बनाई है. क्रिकेट जगत में नरेन को मुख्य रूप से उनकी ‘मिस्ट्री’ स्पिन गेंदबाजी के लिए जाना जाता है, लेकिन IPL में उन्होंने बल्ले से भी वो गदर मचाया कि अच्छे-अच्छे गेंदबाज उनके सामने आने से कतराते दिखे. खासकर कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक विस्फोटक ओपनर के रूप में उनकी पारियों ने क्रिकेट प्रेमियों को चौंकाया है. वह पहली ही गेंद से गेंदबाजों पर टूट कर पड़ते हैं.
आईपीएल में सुनील नरेन का बल्लेबाजी रिकॉर्ड
नरेन ने आईपीएल में अब तक 126 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए कुल 1820 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका सबसे मजबूत पक्ष उनका स्ट्राइक रेट रहा है, जो 165.30 का है. यह दर्शाता है कि उनका खेलने के एक ही तरीका है, क्रीज पर आना और गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजना. नरेन का असली रौद्र रूप तब देखने को मिलता है जब वह पारी की शुरुआत (ओपनिंग) करने आते हैं. बतौर ओपनर उन्होंने 1342 रन कूटे हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 177.98 का हो जाता है. ओपनिंग करते हुए नरेन के बल्ले से 1 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं. उनका आईपीएल में बेस्ट स्कोर 109 रन है, जिसमें उन्होंने विरोधी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी. सुनील नरेन के बल्लेबाजी के आंकड़े यह साबित करते हैं कि वह निचले क्रम के साधारण बल्लेबाज नहीं, बल्कि एक खतरनाक हिटर हैं.
हर नंबर पर की बैटिंग
आंकड़ों से एक दिलचस्प बात यह भी सामने आती है कि जब नरेन को नंबर 4, 5 या 6 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाता है, तो उनका प्रदर्शन गिर जाता है. इन नंबरों पर बल्लेबाजी करते हुए उनका औसत 10 रन से भी कम का है. वह कभी-कभार निचले क्रम में भी उपयोगी साबित होते हैं, लेकिन उनका असली दम टॉप-ऑर्डर में ही दिखता है. 2012 से एक ही फ्रेंचाइजी केकेआर के लिए खेल रहे नरेन को टीम ने 1 से 11 तक बैटिंग में हर नंबर पर आजमाया है, लेकिन उनका बेस्ट टॉप ऑर्डर में ही बल्लेबाजी करते हुए देखने को मिला.
गेंद से बरपाते हैं कहर
नरेन की पहचान एक मुख्य स्पिन गेंदबाजी है. उनके गेंदबाजी आंकड़े किसी भी बल्लेबाज के मन में खौफ पैदा करने के लिए काफी हैं. सुनील नरेन आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले चुनिंदा गेंदबाजों में से एक हैं. वह टॉप विकेट टेकर में तीसरे नंबर पर हैं. उनके नाम 207 आईपीएल विकेट दर्ज हैं. वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे बड़े विकेट-टेकर रहे हैं और लगातार मैचों में उन्होंने टीम को ब्रेकथ्रू दिलाए हैं. नरेन की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ विकेट लेना ही नहीं, बल्कि रनों पर लगाम लगाना भी है. आईपीएल में जहां बल्लेबाज गेंदबाजों को रिमांड पर लेते हैं, वहीं नरेन का ओवरऑल इकोनॉमी रेट 7 के आसपास रहता है. वह आईपीएल में कई बार एक मैच में 4 या इससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


