Last Updated:
आम के सीजन की शुरुआत के साथ ही बाजार में अल्फांसो आम की मांग तेजी से बढ़ जाती है. शहद जैसी मिठास, बिना रेशा वाला गूदा और तेज खुशबू के कारण यह आम लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. महाराष्ट्र के रत्नागिरी क्षेत्र से आने वाला यह आम अपने केसरिया गूदे और मलाईदार स्वाद के लिए खास पहचाना जाता है.
आम का सीजन शुरू होने वाला है. मार्केट में धीरे-धीरे आम आने शुरू हो जाएंगे और आमों की अलग-अलग वैरायटी भी देखने को मिलेगी. बहुत से लोग ऐसे हैं, जिन्हें अल्फांसो आम बेहद पसंद होता है. अल्फांसो का स्वाद शहद जैसा मीठा होता है, जबकि कम पका हुआ आम हल्का खट्टा भी होता है, जो स्वाद में संतुलन बनाता है. यह आम मुंह में जाते ही घुल जाता है. अपने बेहतरीन स्वाद और खुशबू की वजह से यह लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. अन्य आमों के साथ-साथ अल्फांसो आम की भी अच्छी डिमांड रहती है.
बहुत गाढ़ा होता है गूदा
कृषि वैज्ञानिक डॉ. दीपक मेहंदीरत्ता ने बताया कि अल्फांसो आम का नाम पुर्तगाली सैन्य अधिकारी अफोंसो डी अल्बुकर्क के नाम पर रखा गया है. इस आम का गूदा बहुत गाढ़ा होता है और इसका स्वाद बेहद मीठा होता है. साथ ही इसमें तेज और आकर्षक सुगंध होती है. इसकी खुशबू अन्य आमों की तुलना में अधिक शानदार होती है, जिसकी वजह से यह आम काफी मशहूर और डिमांड में रहता है. यह मुख्य रूप से महाराष्ट्र के रत्नागिरी क्षेत्र में पाया जाता है, लेकिन अब धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों में भी उपलब्ध होने लगा है और लगभग हर शहर की मार्केट में मिल जाता है. इसका आकार मध्यम होता है और रंग पीला होता है. इसके अंदर गूदे की मात्रा भी अधिक होती है, जो इसकी खासियत है.
यह है खासियत
यह आम पूरी तरह रेशारहित होता है और मक्खन की तरह मलाईदार व मीठा लगता है. पकने पर इसकी तेज और मीठी सुगंध पूरे कमरे को महका देती है. इसका बाहरी हिस्सा सुनहरे-पीले रंग का होता है, जबकि गूदा केसरिया रंग का होता है. अन्य आमों की तरह यह भी काफी डिमांड में रहता है और लोगों को खूब पसंद आता है. आम का सीजन शुरू होते ही कई लोग खासतौर पर अल्फांसो आम की मांग करते हैं और इसे खाना ही पसंद करते हैं.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें


