Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर युजवेंद्र चहल पिछले कुछ समय से गलत वजह से चर्चा में रहे. उन्होंने अपनी लाइफ में की गई गलती पर बात की और बताया कि ड्रिंकिंग छोड़ने के बाद जिंदगी कैसे बदल गई. चहल ने महिला क्रिकेटर हरलीन देओल से ‘कैंडिड विद किंग्स’ पॉडकास्ट में खुलकर अपने दिल की बात रखी.
महिला क्रिकेटर हरलीन देओल के साथ युजवेंद्र चहल
नई दिल्ली. पंजाब किंग्स के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने हाल ही में शराब छोड़ने के बाद अपनी जिंदगी के बारे में खुलकर बात की. लेग स्पिनर ने इंडिया महिला क्रिकेटर हरलीन देओल से ‘कैंडिड विद किंग्स’ पॉडकास्ट के एक एपिसोड में बातचीत की. पंजाब किंग्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर इसे जारी किया गया है. बातचीत में चहल ने शराब से दूरी बनाने, डिप्रेशन से जूझने के अपने अनुभव और क्रिकेट से जुड़े हल्के-फुल्के किस्से भी साझा किए.
हरलीन ने बातचीत की शुरुआत करते हुए पूछा, “आपने ड्रिंकिंग छोड़ दी, है ना?”
चहल ने जवाब दिया, “मुझे लगता है कि ये मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा फैसला है. उसको अपनी लाइफ से हटाने के बाद मैं कह सकता हूं कि मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है. अब मैं अपने परिवार और दोस्तों के साथ ज्यादा वक्त बिताता हूं. अब मुझे अपनी लाइफ में क्या चल रहा है, कौन मेरे साथ है और कौन नहीं, ये सब और ज्यादा क्लियरली समझ आता है. पहले मैं इन सब चीजों के बारे में बहुत सोचता था, लेकिन अब मैं खुद पर फोकस करता हूं. मैं गोल्फ खेलता हूं, गो-कार्टिंग करता हूं.”
पंजाब किंग्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल
उन्होंने आगे कहा, “तो अब मुझे एहसास हुआ कि मैंने अपनी लाइफ में क्या मिस किया. जब मुझे समझ आया कि शराब मेरे लिए सही नहीं है, तब मैंने फैसला किया. ऐसा होता है न कि जब आप लिमिट से बाहर चले जाते हो, मैं भी उस स्टेज पर पहुंच गया था. उस वक्त मैं डिप्रेशन में था, मेंटल हेल्थ भी ठीक नहीं थी. तो मैंने खुद ही डिसाइड किया.”
चहल ने बताया, “मैं यूके में काउंटी क्रिकेट के लिए था, तभी मैंने सोचा कि नहीं, मुझे वापस जाना है और इस चीज को ठीक करना है. अब छह महीने से ज्यादा हो गए हैं और मैं बहुत खुश और आभारी महसूस करता हूं.”
चहल ने पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए इस आईपीएल सीजन के 13 मैचों में अब तक 10 विकेट झटके हैं.
उन्हें टीम ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था. पंजाब किंग्स से पहले चहल राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के लिए भी खेल चुके हैं. कुल मिलाकर उन्होंने 187 आईपीएल मैच खेले हैं और 231 विकेट लिए हैं, जिसमें एक बार पांच विकेट भी शामिल हैं.
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


