Last Updated:
Anshul Kamboj creates unwanted records: चेन्नई सुपर किंग्स के इस सीजन के सबसे सफल गेंदबाज अंशुल कंबोज के लिए लखनऊ सुपर जॉयंट्स के खिलाफ मुकाबला एक बुरे सपने जैसा रहा. अंशुल आईपीएल इतिहास में एक ही मैच के दो अलग-अलग ओवरों में लगातार 4-4 छक्के खाने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. मैच में कुल 8 छक्के खाकर उन्होंने यश दयाल के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी की. अंशुल ने 2.4 ओवर में 23.62 की बेहद खराब इकोनॉमी से 63 रन लुटाए, जो आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा इकोनॉमी रेट है.
अंशुल कंबोज ( Anshul Kamboj) जब पारी का 5वां (और अपना दूसरा) ओवर फेंकने आए, तो सामने लखनऊ के खतरनाक बल्लेबाज मिचेल मार्श थे. मार्श ने अंशुल की पहली चार गेंदों पर लगातार 4 गगनचुंबी छक्के जड़ दिए. हालांकि, इसके बाद अंशुल ने वापसी की और अगली दो गेंदों पर केवल 4 रन (एक चौका) ही दिया.

मिचेल मार्श के बाद रही-सही कसर वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन ने पूरी कर दी. जब अंशुल पारी का 17वां (और अपना तीसरा) ओवर कराने आए, तो इस बार स्ट्राइक पर पूरन थे। पूरन ने भी मार्श की तरह अंशुल की शुरुआती चार गेंदों को लगातार 4 छक्कों के लिए बाउंड्री लाइन से बाहर भेज दिया.

अंशुल से पहले आईपीएल के एक मैच में 8 छक्के खाने का रिकॉर्ड केवल यश दयाल के नाम था. दयाल को आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के रिंकू सिंह ने लगातार 5 छक्के मारकर इस आंकड़े तक पहुंचाया था। अब अंशुल कंबोज भी इस सूची में उनके साथ खड़े हो गए हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कम से कम 2 ओवर की गेंदबाजी के पैमाने को देखा जाए, तो अंशुल कंबोज आईपीएल इतिहास में सबसे खराब इकोनॉमी रेट से रन लुटाने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने इस मैच में केवल 2.4 ओवर (यानी 16 गेंदें) फेंके और 23.62 की बेहद महंगी इकोनॉमी से 63 रन लुटा दिए. उन्होंने वाशिंगटन सुंदर (23.00 इकोनॉमी) को पीछे छोड़ दिया.

अंशुल ने मैच में कुल 16 गेंदें फेंकी, जिसमें से 11 गेंदों पर विरोधी बल्लेबाजों ने चौके या छक्के बटोरे. क्रिकबज के आंकड़ों के अनुसार, आईपीएल में न्यूनतम 2 ओवर के कुल 13,059 स्पेल में से यह बाउंड्री प्रतिशत (68.75 प्रतिशत) के मामले में दूसरा सबसे महंगा स्पेल है.

अंशुल कंबोज आईपीएल इतिहास के ऐसे दूसरे गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने 3 या उससे कम ओवर की गेंदबाजी में ही 60 से ज्यादा रन दे डाले. उनसे पहले यह अनचाहा कारनामा भी सीएसके के ही गेंदबाज खलील अहमद (3 ओवर में 65 रन, बनाम आरसीबी, 2025) ने किया था.

चेन्नई सुपर किंग्स के इतिहास की बात करें तो अंशुल का यह स्पेल टीम के इतिहास का दूसरा सबसे महंगा स्पेल बन गया है. इस लिस्ट में शीर्ष पर अभी भी खलील अहमद (65 रन) हैं, जबकि अंशुल (63 रन) के बाद तीसरे स्थान पर लुंगी एनगिडी (62 रन, बनाम मुंबई इंडियंस, 2021) हैं.

इस बेहद खराब और निराशाजनक मैच के बावजूद यह नहीं भूलना चाहिए कि अंशुल कंबोज आईपीएल 2026 के इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. खेल में ऐसे उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, और एक खराब दिन अंशुल की प्रतिभा को कम नहीं कर सकता. उम्मीद है कि वह इस झटके से उबरकर मजबूत वापसी करेंगे. अंशुल ने इस सीजन 12 मैचों में 19 विकेट लिए हैं.सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में वह भुवनेश्वर कुमार और कगिसो रबाडा के बाद तीसरे नंबर पर हैं. भुवी ने 13 मैचों में 22 विकेट लिए हैं वहीं रबाडा ने 13 मैचों में 21 विकेट चटकाए हैं.


