Last Updated:
Abhishek Sharma 8 records after smashed century vs delhi capitals: सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुए आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर बोला. उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में शतक जमाते हुए 135 रनों की पारी खेली. उनकी 68 गेंदों की नाबाद पारी में 10 चौके और इतने ही छक्के भी शामिल रहे. लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक ने यह पारी खेलकर कई रिकॉर्ड भी नाम कर लिए. आइए जानते हैं इस पारी से अभिषेक ने कौन से 8 रिकॉर्ड पर कब्जा जमाया.
अभिषेक शर्मा का यह आईपीएल 2026 में पहला शतक है. वहीं, उनके आईपीएल करियर का यह दूसरा सैकड़ा है. 2025 में अभिषेक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 40 गेंदों में शतक बनाया था. तब उन्होंने 141 रन की पारी खेली थी, जिससे इस लीग में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बने. अब अभिषेक इस लीग में दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी नाम कर चुके हैं.

इस पारी से अभिषेक शर्मा ने ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया है. आईपीएल 2026 में उनके 7 मुकाबलों में 323 रन हो गए हैं. दूसरे स्थान पर उनके टीममेट हेनरिक क्लासेन हैं. क्लासेन ने 7 मैचों में 320 रन बना लिए हैं. गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल 265 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. विराट कोहली (247) और वैभव सूर्यवंशी (246) टॉप-5 में अन्य बल्लेबाज हैं.

अभिषेक शर्मा ने क्रिस गेल का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ डाला. दरअसल, अभिषेक टी20 क्रिकेट में चार बार 130+ का स्कोर बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. गेल और आरोन फिंच ने अपने खेल के दिनों में तीन-तीन यह कारनामा किया था. अभिषेक के 135 रनों की इस पारी से पहले वह आईपीएल में 141 रन बना चुके हैं. वहीं, अन्य दो बार उन्होंने भारतीय टीम (135) की जर्सी और पंजाब (148) के लिए घरेलू टी20 मैच में खेलते हुए 130+ का स्कोर बनाया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अभिषेक आईपीएल में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर आ गए हैं. वह पहले ही इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर भी मौजूद हैं. आईपीएल में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड आज भी ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल के नाम है. उन्होंने 2013 में पुणे वारियर्स इंडिया के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए नाबाद 175 रन बनाए थे. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ब्रेंडन मैकुलम हैं. उन्होंने आईपीएल के सबसे पहले मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलते हुए RCB के खिलाफ मात्र 73 गेंदों में 158 रन ठोक दिए थे. क्विंटन डिकॉक 140 रन की पारी के साथ चौथे स्थान पर हैं.

अभिषेक शर्मा ने विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली. अभिषेक का यह टी20 में नौवां शतक है, जिससे वह भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा टी20 सेंचुरी बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. विराट कोहली के नाम भी 9 ही टी20 शतक दर्ज हैं. टी20 में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड गेल के नाम है. उन्होंने 22 शतक बनाए. बाबर आजम (12), डेविड वॉर्नर (10) इस लिस्ट में अन्य बल्लेबाज हैं.

अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में 350 छक्कों का आंकड़ा भी छू लिया. इसके अलावा अभिषेक सबसे ज्यादा बार एक टी20 पारी में 10 या इससे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 5वीं बार ऐसा किया. अभिषेक ने एविन लेविस और श्रेयस अय्यर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने चार-चार बार ये कारनामा किया था. टॉप पर गेल हैं, जिन्होंने टी20 करियर में 18 बार एक पारी में 10 या इससे ज्यादा छक्के का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया.

अभिषेक शर्मा भारत के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने आईपीएल में एक से ज्यादा बार 50 से कम गेंदों में शतक जड़ा है. इसके अलावा अभिषेक आईपीएल इतिहास के पहले भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने दो बार एक ही पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए. ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा बार पारी में 10 या इससे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है. यह उपलब्धि गेल ने अपने आईपीएल करियर में चार बार हासिल की.


