23.4 C
Munich

कप्तान से लेकर 10 करोड़ी पेसर तक… 5 खिलाड़ियों से मुंह फेर सकती है फ्रेंचाइजी, प्लेऑफ का टिकट कटाने से चुकी टीम

Must read


नई दिल्ली. आईपीएल में लगातार पांचवीं बार प्लेऑफ की रेस से बाहर होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम गहरे आत्ममंथन के दौर से गुजर रही है. अक्षर पटेल की कप्तानी में इस साल टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगातार दो मैच जीतकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी. फैंस को लगा था कि इस बार खिताबी सूखा खत्म होगा, लेकिन टूर्नामेंट के बीच में टीम ने अपनी लय खो दी. सितारों से सजी होने के बावजूद दिल्ली की टीम बीच मझधार में ऐसी भटकी कि शीर्ष चार में जगह नहीं बना सकी. अब फ्रेंचाइजी का ध्यान आईपीएल 2027 की नीलामी पर है, जहां वह कुछ बड़े और महंगे खिलाड़ियों को रिलीज करके अपनी टीम को नए सिरे से तैयार करने का बड़ा फैसला ले सकती है.

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार पर भारी भरोसा जताते हुए उन्हें 8 करोड़ रुपये की मोटी रकम में खरीदा था. हालांकि, आईपीएल 2026 का सीजन उनके लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ. वह अपनी सटीक यॉर्कर और कसी हुई गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस सीजन में वह पूरी तरह बेअसर दिखे। मुकेश कुमार ने इस साल 10 मैचों में शिरकत की, जिसमें वह केवल 6 विकेट ही अपने नाम कर सके. इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 11.26 का रहा, जो टी20 क्रिकेट के लिहाज से बेहद निराशाजनक है. इतने महंगे दाम पर मिलने वाले प्रदर्शन ने टीम की डेथ ओवरों की रणनीति को पूरी तरह बिगाड़ दिया.

दिल्ली कैपिटल्स इन 5 खिलाड़ियों को कर सकती है रिलीज.

ऐसा ही कुछ हाल तमिलनाडु के अनुभवी तेज गेंदबाज टी नटराजन का भी रहा. नटराजन को दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 10.75 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा था. बाएं हाथ के इस गेंदबाज से टीम को शुरुआती सफलताएं और आखिरी ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की उम्मीद थी. लेकिन आईपीएल 2026 में नटराजन का जादू बिल्कुल नहीं चला. उन्होंने इस सीजन में खेले 10 मैचों में केवल 5 विकेट चटकाए, जबकि इस दौरान उन्होंने 11.18 की इकॉनमी रेट से जमकर रन लुटाए. इतने महंगे गेंदबाजों का इस तरह रन लीक करना दिल्ली के टूर्नामेंट से बाहर होने की एक मुख्य वजह बना.

श्रीलंकाई ओपनर पथुम निसंका को दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी में 4 करोड़ रुपये में खरीदा था. निसंका को शीर्ष क्रम में मजबूती देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. उन्होंने बतौर ओपनर टीम के लिए 10 मुकाबले खेले और कुल 278 रन बनाए. हालांकि, टी20 फॉर्मेट के हिसाब से उनका स्ट्राइक रेट और निरंतरता उम्मीदों के मुताबिक नहीं थी, जिसके कारण सीजन के आखिरी दौर में उन्हें प्लेइंग इलेवन से भी ड्रॉप कर दिया गया. इस बात की पूरी संभावना है कि दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले उन्हें रिलीज कर देगी ताकि किसी अधिक आक्रामक विदेशी बल्लेबाज को मौका दिया जा सके.

इसके अलावा, फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2026 की नीलामी में जम्मू-कश्मीर के अनकैप्ड तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर आकिब नबी डार पर 8.40 करोड़ रुपये का बड़ा दांव खेला था. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब के लिए उनका पहला आईपीएल सीजन बेहद कड़वा रहा. उन्हें इस सीजन में 5 मैचों में खेलने का मौका मिला, लेकिन वह अपने खाते में एक भी विकेट नहीं जोड़ पाए. विकेट न मिलने के साथ-साथ उन्होंने 11.46 की बेहद महंगी इकॉनमी रेट से रन दिए. इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बाद शून्य विकेट का यह प्रदर्शन फ्रेंचाइजी को उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखाने पर मजबूर कर सकता है.

इस फेहरिस्त में अगला नाम श्रीलंकाई तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा का है. चमीरा को आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 75 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा गया था. हालांकि, पिछले दो सीजन में वह टीम के लिए केवल 7 मैच ही खेल पाए हैं. साल 2025 में उन्होंने 6 मैच खेले थे, जबकि आईपीएल 2026 में उन्हें सिर्फ 1 मैच में खेलने का मौका मिला. इन दो सालों में उनके नाम केवल 4 विकेट दर्ज हैं. चोटों और खराब फॉर्म से जूझ रहे चमीरा को भी दिल्ली कैपिटल्स रिलीज करने का मन बना चुकी है.

खराब सीजन के बावजूद कुछ खिलाड़ियों पर दिल्ली कैपिटल्स अपना भरोसा कायम रखेगी. स्टार भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव के लिए आईपीएल 2026 का सीजन उनकी साख के अनुरूप नहीं रहा. उन्होंने इस साल 12 मैचों में गेंदबाजी करते हुए 10 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा.इसके बावजूद, कुलदीप की मैच जिताने की क्षमता को देखते हुए दिल्ली की टीम उन्हें रिलीज करने का जोखिम नहीं उठाएगी.

वहीं, कप्तान अक्षर पटेल के लिए भी यह सीजन बेहद साधारण रहा. वह न तो अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित कर सके, न ही गेंदबाजी से कोई कमाल दिखा पाए. इसके अलावा, उनकी कप्तानी पर भी कई सवालिया निशान खड़े हुए हैं. हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स प्रबंधन उन्हें टीम से अलग नहीं करेगा, भले ही भविष्य में उनसे कप्तानी वापस लेने पर विचार किया जा सकता है. इसके साथ ही, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन, जिन्होंने मिचेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी के बैकअप के रूप में टीम में अपनी भूमिका निभाई, उन्हें आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले बरकरार (रिटेन) रखे जाने की पूरी उम्मीद है.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article