Last Updated:
Saharanpur News: सहारनपुर के युवाओं के लिए पंजाब नेशनल बैंक सुनहरा मौका लेकर आया है. माटकी स्थित PNB ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में डेयरी फार्मिंग और वर्मी कंपोस्ट की निशुल्क ट्रेनिंग शुरू होने जा रही है. 15 मई से शुरू होने वाले इस 12 दिवसीय कोर्स में न केवल पशुपालन की बारीकियां सिखाई जाएंगी, बल्कि गोबर से खाद बनाकर उसे ऑनलाइन बेचने और मार्केटिंग करने के गुर भी सिखाए जाएंगे. खास बात यह है कि ट्रेनिंग के दौरान रहने और खाने का कोई पैसा नहीं लगेगा.
सहारनपुर: अगर आप अपना खुद का काम शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. सहारनपुर का ‘पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान’ (RSETI) माटकी, युवाओं को सशक्त बनाने के लिए 15 मई से एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है. इस कार्यक्रम के तहत डेयरी फार्मिंग और वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) बनाने की बारीकियां सिखाई जाएंगी. यह ट्रेनिंग पूरी तरह निशुल्क है और इसका उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए तैयार करना है.
संस्थान से जुड़े अमित कुमार चौबे ने बताया कि मई के महीने में 12 दिनों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा. इसमें डेयरी फार्मिंग जैसे पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक तरीके से करने के गुर सिखाए जाएंगे. अक्सर युवा पशुपालन तो करते हैं, लेकिन उन्हें पशुओं की सही नस्ल, उनके रोगों की पहचान और सही देखरेख की जानकारी नहीं होती. इस ट्रेनिंग में इन सभी तकनीकी पहलुओं के साथ-साथ सफल उद्यमी बनने के 15 गुण भी सिखाए जाएंगे, जैसे मार्केटिंग कैसे करें, ग्राहकों से बात (कम्युनिकेशन स्किल) कैसे करें और अपने ब्रांड को ऑनलाइन कैसे बेचें.
इस ट्रेनिंग का एक अहम हिस्सा वर्मी कंपोस्ट यानी केंचुआ खाद बनाना है. पशुओं के गोबर और वेस्ट का सही इस्तेमाल कर कैसे खाद तैयार की जाए, उसकी पैकेजिंग कैसे हो और उसे बाजार में कैसे उतारा जाए, इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी. इससे डेयरी चलाने वाले किसान अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद युवाओं को दो सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे, जो भविष्य में लोन लेने या बिजनेस शुरू करने में मददगार साबित होंगे.
यह भी पढ़ें: एक बार लगाओ, 30 साल तक कमाओ! ₹1000 किलो तक बिकने वाला ये ड्राई फ्रूट कम लागत में बना देगा सेठ
रहने और खाने की व्यवस्था भी फ्री
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें शामिल होने वाले युवक-युवतियों के रहने और खाने का पूरा खर्च संस्थान ही उठाएगा. प्रतिभागियों को अपनी जेब से एक भी पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा. ट्रेनिंग का मुख्य फोकस युवाओं को जॉब ढूंढने वाले के बजाय ‘जॉब देने वाला’ यानी खुद का मालिक बनाना है.
आवेदन के लिए जरूरी योग्यता
इस खास ट्रेनिंग का हिस्सा बनने के लिए आवेदक का सहारनपुर जनपद का ही स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है. योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का कम से कम आठवीं कक्षा पास होना और उसे लिखना-पढ़ना आना जरूरी है. इसके लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है. ध्यान रहे कि यह ट्रेनिंग ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर दी जाएगी, जिसमें कुल 30 से 35 सीटें ही उपलब्ध हैं, इसलिए इच्छुक युवाओं को समय रहते आवेदन करना होगा.
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार 15 मई (शुक्रवार) से पहले अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इसके लिए संस्थान द्वारा दिए गए लिंक पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं या संस्थान के मोबाइल नंबर पर अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर मैसेज कर सकते हैं. 15 मई से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें


