Last Updated:
IPL 2026 MI vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के 33वें मैच में मुंबई इंडियंस को 103 रनों से हार मिली. इस हार के साथ ही अब मुंबई इंडियंस की टीम एक बड़े विवाद में फंसती हुई दिख रही है. ये विवाद है मिचेल सैंटनर के कंन्कशन रिप्लेसमेंट को लेकर. सैंटनर की जगह मुंबई ने शार्दुल ठाकुर को मैदान पर उतारा था.
मुंबई के हेड कोच महेला जयवर्धने
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के 33वें मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 103 रनों से शर्मनाक हार मिली. सीजन में मुंबई की ये 5वीं हार थी. इस हार के साथ ही मैच में मुंबई के एक रिप्लेसमेंट को लेकर बवाल मच गया है, जिस पर टीम के हेड कोच महेला जयर्वधने ने सफाई भी दी है. सिर्फ इतना ही नहीं, मुंबई को लेकर ये कहा जा रहा है कि टीम ने चीटिंग की है.
दरअसल, सीएसके के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस के मिचेल सैंटनर कैच लेने की कोशिश में चोटिल हो गए, जिससे उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा. सैंटनर ने कैच तो ले लिया, लेकिन उन्हें कंधे में चोट लग गई. ये घटना सीएसके की पारी के 17वें ओवर की है, लेकिन अब सवाल ये उठ रहा है कि सैंटनर को जब चोट कंधे में लगी तो फिर टीम ने कन्कशन रिप्लेसमेंट क्यों लिया.
सैंटनर की जगह शार्दुल ठाकुर ने की बैटिंग
मिचेल सैंटनर के चोटिल होने के बाद मुंबई की टीम ने कन्कशन रिप्लेसमेंट की मांग की. टीम को रिप्लेसमेंट मिल भी गया और शार्दुल ठाकुर सैंटनर की जगह बल्लेबाजी के लिए उतरे. इस पर टीम के हेड कोच महेला जयर्वधने ने बताया कि कैच लेते हुए सैंटनर का सिर भी जमीन पर लगा था और वह अस्थिर और चक्कर महसूस कर रहे थे, इसलिए टीम ने कन्कशन की मांग की.
जयवर्धने ने मैच के बाद कहा, “मुझे लगता है कि पहले उनका सिर, फिर गर्दन और फिर कंधा लगा. वह स्कैन के लिए गए क्योंकि वापस आने के बाद उन्हें चक्कर आ रहे थे, इसलिए वह लेट गए थे. कंधे पर आइसिंग तो थी, लेकिन उन्हें लगा कि वह स्थिर नहीं हैं. हमने उस स्थिति में उन्हें स्कैन के लिए ले गए इसलिए हमने कन्कशन की मांग की.”
चोटिल होने से पहले सैंटनर ने डाले 4 ओवर
मुंबई की इस मांग के बाद मैच रेफरी और अंपायर की अनुमति से शार्दुल ठाकुर को खेलने दिया गया. इस पूरे मामले पर जयवर्धने ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मिच को निराशा होगी कि उनकी बल्लेबाजी ताकत शार्दुल ठाकुर से मैच की गई, लेकिन जैसा है वैसा है. उम्मीद है उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है. जब वह वापस आएंगे तब देखेंगे.”
बता दें कि चोटिल होने से पहले सैंटनर ने अपने चार ओवर पूरे कर लिए थे और उन्होंने 44 रन देकर सिर्फ एक विकेट लिया जो सरफराज खान का था. दूसरी तरफ उनके रिप्लेसमेंट शार्दुल ठाकुर ज्यादा असरदार नहीं रहे उन्होंने नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ छह रन बनाए. इस तरह मुंबई की टीम ने सीएसके के खिलाफ 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19 ओवर में 104 रन बनाकर सिमट गई.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


