Last Updated:
Haryanvi Actress Divyanka Death: परिवार के अनुसार, दिव्यांका का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था. उनका पैतृक गांव भी बुलंदशहर में है. हालांकि वह फिलहाल अपने भाई और बहन के साथ गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसाइटी में रह रही थीं.
हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की हुई मौत.
गाजियाबादः हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की उभरती हुई कलाकार दिव्यांका सिरोही (30) का मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया. जानकारी के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन स्थित अपने घर पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ीं, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट लगी. दिव्यांका के असामयिक निधन की खबर से हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी.
भाई-बहन के साथ राजनगर में रहती थीं दिव्यांका
परिवार के अनुसार, दिव्यांका का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था. उनका पैतृक गांव भी बुलंदशहर में है. हालांकि वह फिलहाल अपने भाई और बहन के साथ गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसाइटी में रह रही थीं. अविवाहित दिव्यांका अपने परिवार के काफी करीब थीं और मृदु स्वभाव की थी. घटना के बारे में परिवार ने बताया कि मंगलवार को वह सामान्य थीं और उन्होंने अपने भाई के लिए खाना भी बनाया था.
कमरे में दिव्यांका मृत अवस्था में मिलीं
हालांकि उन्होंने हल्की तबीयत खराब होने की बात जरूर कही थी. इसी बीच उनका भाई किसी जरूरी काम से बाहर चला गया था. बाहर जाते समय उसने घर का गेट बंद करने के लिए मैसेज किया, जिसका दिव्यांका ने ‘ओके’ में जवाब भी दिया था. लेकिन जब परिवार के लोग वापस लौटे, तो दिव्यांका मृत अवस्था में मिलीं. परिजनों के मुताबिक, उनका शरीर अकड़ा हुआ था और हल्की सूजन भी दिखाई दे रही थी. अचानक क्या हुआ, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. शुरुआती आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण साफ नहीं है.
50 से अधिक हरियाणवी गानों में किया था काम
दिव्यांका सिरोही सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उनके इंस्टाग्राम पर करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे. उन्होंने 50 से अधिक हरियाणवी गानों में काम किया था. खास तौर पर सुनंदा शर्मा के चर्चित गाने “मेरी मम्मी नू पसंद नी तू” पर बनाया गया उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिससे उन्हें व्यापक पहचान मिली. उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया और केडी जैसे कलाकारों के साथ भी काम किया था.
एक्टिंग से पहले नौकरी करती थीं दिव्यांका
सिरसा के जेसीडी कॉलेज में आयोजित एक लाइव शो में मासूम शर्मा के साथ मंच साझा करने के बाद उनकी लोकप्रियता में तेजी से इजाफा हुआ था. अभिनय में कदम रखने से पहले दिव्यांका नौकरी भी कर चुकी थीं. उनके सहज स्वभाव और मेहनत के कारण इंडस्ट्री में उनकी अलग पहचान बन रही थी. हरियाणवी कलाकार मंजीत सहित कई कलाकारों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और सभी सदमे में हैं. बुधवार को दिव्यांका सिरोही का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम विदाई के दौरान परिवार, रिश्तेदारों और करीबी लोगों की आंखें नम रहीं.
About the Author

Prashant Rai am currently working as Chief Sub Editor at News18 Hindi Digital, where he lead the creation of hyper-local news stories focusing on politics, crime, and viral developments that directly impact loc…और पढ़ें


