Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लगातार 4 हार झेलने के बाद मुंबई इंडियंस की टीम ने धमाकेदार जीत दर्ज की. गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली 99 रन की जीत का फायदा टीम को अंक तालिका में हुआ. तिलक वर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस ने सोमवार, 20 अप्रैल को अपनी चार मैचों की हार का सिलसिला तोड़ते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में तिलक वर्मा के पहले आईपीएल शतक (45 गेंदों में 101 रन) की बदौलत मुंबई ने 5 विकेट पर 199 रन बनाए. गुजरात टाइटंस को 15.5 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट कर जीत हासिल की. टीम को जीत का फायदा प्वाइंट्स टेबल पर मिला.
अहमदाबाद में गुजरात पर मिली जीत के बाद मुंबई इंडियंस ने अंक तालिका में तीन स्थान की छलांग लगाई. अब वह सातवें नंबर पर पहुंच गई है. मुंबई के छह मैचों में 4 अंक हैं. उसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स हैं. केकेआर ने अब तक 7 मैचों में 3 अंक हासिल किए हैं, जबकि सीएसके और एलएसजी के भी 4-4 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (एनआरआर) के चलते मुंबई उनसे आगे है. गुजरात टाइटंस अंक तालिका में छठे स्थान पर बनी हुई है. अहमदाबाद की इस टीम ने छह मैचों में 6 अंक जुटाए हैं.
ऑरेंज कैप
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे हैं. उनके बाद गुजरात के कप्तान शुभमन गिल का नाम है. गिल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 13 गेंद में 14 रन बनाए और अब उनके पांच मैचों में कुल 265 रन हैं. वह क्लासेन से 18 रन पीछे हैं, जिन्होंने छह मैचों में 283 रन बनाए हैं. आरसीबी के विराट कोहली 247 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं. उनके बाद राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी (246) और आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार (230) का नंबर है.
पर्पल कैप
सीएसके के तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज आईपीएल 2026 में पर्पल कैप की दौड़ में सबसे आगे हैं. उन्होंने छह मैचों में 13 विकेट लिए हैं. गुजरात के खिलाफ मुंबई इंडियंस के मैच में एक विकेट लेकर प्रसिद्ध कृष्णा दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनके नाम इस सीजन के छह मैचों में 12 विकेट हैं. गुजरात के लिए प्रसिद्ध के अलावा कागिसो रबाडा ने तीन विकेट लिए और अब उनके कुल 10 विकेट हो गए हैं, जिससे वह पर्पल कैप लीडरबोर्ड में छठे स्थान पर हैं. मुंबई इंडियंस के लिए अश्वनी कुमार ने आईपीएल 2026 के अपने पहले मैच में चार विकेट झटके, जबकि अल्लाह गजनफर ने 2.5 ओवर में 17 रन देकर गुजरात के दो बल्लेबाजों को आउट किया.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें


