Last Updated:
Jasprit Bumrah IPL Record: मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच में एक शर्मनाक रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया. बुमराह ने आईपीएल में 39वीं बार नो बॉल डालने का कारनामा किया. आईपीएल इतिहास में ये किसी भी गेंदबाज के द्वारा डाला गया सबसे ज्यादा नो बॉल है.
जसप्रीत बुमराह ने नो बॉल का बनाया रिकॉर्ड
नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए आईपीएल 2026 कुछ खास नहीं जा रहा है. लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच में बुमराह ने 4 ओवर की गेंदबाजी की जिसमें उन्होंने 45 रन लुटाए और एक भी विकेट नहीं लिया. अपनी इस गेंदबाजी में बुमराह ने 3 वाइड और 3 नो बॉल भी डाले. इसके साथ ही बुमराह के नाम आईपीएल में एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया.
जसप्रीत बुमराह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा नो बॉल डालने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है. बुमराह के नाम इस लीग में अब कुल 39 नो बॉल हो गए हैं. इस मामले में दूसरे नंबर पर उमेश यादव हैं. उमेश यादव ने आईपीएल में 24 नो बॉल डाले हैं, जबिक श्रीसंत 23 नो बॉल के साथ तीसरे स्थान पर हैं. बता दें कि क्रिकेट के खेल में नो बॉल को किसी क्राइम से कम नहीं माना जाता है और बुमराह इस मामले में सबसे आगे हैं.
मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से जीता मैच
मुंबई के लिए बुमराह ने गेंदबाजी में बेशक अपने नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया, लेकिन उनकी टीम ने लखनऊ के खिलाफ 6 विकेट से दमदार जीत दर्ज की. मैच में लखनऊ की टीम ने निकोलस पूरन की तेज तर्रार 63 रनों की पारी से निर्धारित 20 ओवर के खेल में 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन उसके गेंदबाज इस स्कोर का बचाव नहीं कर पाए.
229 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा और रायन रिकल्टन ने दमदार अर्धशतकीय पारी खेली. रोहित ने मुंबई के लिए 44 गेंद में 84 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 7 छक्के और 6 चौके भी लगाए. इसके अलावा रिकल्टन ने 32 गेंद में 83 रनों का योगदान दिया. रिकल्टन ने अपनी इस पारी में 8 छक्के और 6 चौके लगाए. इन दोनों की दमदार खेल से मंबई ने 8 गेंद पहले ही मैच को अपने नाम किया. इस सीजन में मुंबई की ये तीसरी जीत है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


