Last Updated:
kumar Sangakkara reveals rajasthan royals strategy: राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने दबाव के पलों में संयम बनाए रखने और अपनी योजनाओं पर टिके रहने के लिए गेंदबाजों की जमकर तारीफ की. उन्होंने मैच के दौरान जोफ्रा आर्चर को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजने के रणनीतिक फैसले का बचाव करते हुए उन्हें टीम के प्रति समर्पित खिलाड़ी बताया. इसके साथ ही, संगकारा ने अनुभवी बल्लेबाजों के सामने शांत रहकर शानदार गेंदबाजी करने वाले युवा स्पिनर यश राज पुंजा के प्रदर्शन को भी सराहा.
जोफ्रा आर्चर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने दबाव भरे पलों में संयम बनाए रखने के लिए गेंदबाजों की तारीफ की है. संगकारा ने कहा कि उनकी टीम अपनी योजनाओं पर टिकी रही और आखिरी समय तक अपना संयम नहीं खोयी. जोफ्रा आर्चर के हरफनमौला खेल की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराकर प्लेऑफ का टिकट पक्का किया. आर्चर ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लड़खड़ाने के बाद 32 रन की अहम पारी खेली और गेंदबाजी में चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए.बृजेश शर्मा (चार ओवर में 26 रन), नांद्रे बर्गर (चार ओवर में 43 रन) और यश राज पुंजा (चार ओवर में 44 रन) ने दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया.
कुमार संगकारा (Kumar Sangakkara) ने कहा, ‘पिछले टाइम-आउट के दौरान, हमारी बातचीत का मुख्य मुद्दा यही था कि हम अपनी योजनाओं पर टिके रहें और अपना संयम नहीं खोएं. सभी गेंदबाजों ने शानदार काम किया.’ रॉयल्स ने लगातार अंतराल पर विकेट गिरने के बावजूद अपने करो या मरो मैच में आठ विकेट पर 205 रन बनाने के बाद मुंबई की पारी को नौ विकेट पर 175 रन पर रोक दिया. इस जीत के साथ ही रॉयल्स के 14 मैचों में 16 अंक हो गए और उसने अंक तालिका में चौथा स्थान पक्का कर लिया. इसके साथ ही पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीदें खत्म हो गईं.
जोफ्रा आर्चर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
संगकारा ने आर्चर को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजने के फैसले के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा, ‘यह हमेशा एक तरह का अंदाजा ही होता है. जब यह काम कर जाता है तो बहुत अच्छा लगता है। हम जानते हैं कि जोफ्रा बल्ले से क्या कर सकते हैं. हम चाहते थे कि वह मैदान पर जाएं और थोड़ा जोखिम लें. वह हर मैच में ऐसे ही रहे हैं। टीम के लिए पूरी तरह से समर्पित, सबकी मदद करते हैं. शुरुआत से ही वह टीम की अगुवाई कर रहे हैं.’
प्लेऑफ की दौड़ से पहले से ही बाहर मुंबई इंडियंस का अभियान नौवें स्थान पर खत्म हुआ. टीम के लिए सूर्यकुमार यादव ने 60, जबकि कप्तान हार्दिक पंड्या ने 34 और विल जैक्स ने 33 रन का योगदान दिया. संगकारा ने युवा स्पिनर यश राज पुंजा (44 रन देकर दो विकेट) की भी तारीफ की, जिन्होंने अनुभवी बल्लेबाजों के सामने शांत रहकर गेंदबाजी की. तेज गेंदबाज आर्चर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, उन्होंने कहा कि अनुशासित लाइन और लेंथ पर टिके रहने और तेज गति से गेंदबाजी करने का उन्हें फायदा मिला. उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह मेरा अब तक का सबसे अच्छा सत्र है. जब भी मैं गेंद हाथ में लेता हूं, तो मेरा मकसद सही जगहों पर गेंद डालना होता है. हर बार इसका इनाम नहीं मिलता, लेकिन खुशी है कि आज एक अहम दिन पर मुझे इसका फल मिला.’
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर राजस्थान की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही, लेकिन ध्रुव जुरेल ने 26 गेंद में 38, आर्चर ने 15 गेंद में 32, दासुन शनाका ने 15 गेंद में 29 और यशस्वी जायसवाल ने 17 गेंद में 27 रन का अहम योगदान दिया. रविंद्र जडेजा (नाबाद 19) और नांद्रे बर्गर (नाबाद 10) ने आखिरी ओवरों में 13 गेंद में 30 रन की साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया. मुंबई इंडियंस के लिए दीपक चाहर ने 43 और शार्दुल ठाकुर ने 41 रन देकर दो-दो विकेट लिए.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


