नई दिल्ली. आईपीएल के नॉकआउट स्टेज की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है. राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रनों के बड़े अंतर से मात दी. इस धमाकेदार जीत के साथ ही हैदराबाद ने आईपीएल 2026 की टॉप-3 टीमों में अपनी जगह पक्की कर ली है. हालांकि, इस हार के बाद भी आरसीबी को बड़ा नुकसान नहीं हुआ है. बेंगलुरु की टीम 18 अंकों और बेहतरीन +0.783 के नेट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर यानी टॉप पर बनी हुई है. हैदराबाद की जीत के बाद अब यह भी तय हो गया है कि इस सीजन के पहले क्वालिफायर में किन दो धुरंधर टीमों के बीच महामुकाबला होने जा रहा है.
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो लीग स्टेज के अंत में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद तीनों ही टीमों के पास 18-18 अंक हैंण् लेकिन बेहतर नेट रन रेट के मामले में आरसीबी (+0.783) पहले और गुजरात टाइटंस (+0.695) दूसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद (+0.524) का रन रेट थोड़ा कम होने की वजह से वह तीसरे स्थान पर है. नियम के मुताबिक, पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमें पहले क्वालिफायर में भिड़ती हैं, इसलिए अब फाइनल में सीधे एंट्री मारने के लिए पहले क्वालिफायर में आरसीबी का सामना गुजरात टाइटंस से होगा. इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाएगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालिफायर 2 के जरिए फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा.
आरसीबी वर्सेस जीटी के बीच खेला जाएगा आईपीएल का पहला क्वालीफायर.
दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद को तीसरे नंबर पर रहने के कारण अब एलिमिनेटर मैच खेलना होगा. चौथे स्थान के लिए अभी भी तीन टीमों राजस्थान रॉयल्स (14 अंक), पंजाब किंग्स (13 अंक) और कोलकाता नाइट राइडर्स (13 अंक) के बीच कांटे की टक्कर चल रही है. एलिमिनेटर में हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा, जबकि जीतने वाली टीम क्वालिफायर 2 में पहले क्वालिफायर की हारने वाली टीम से मुकाबला करेगी.
प्लेऑफ के मुकाबलों का पूरा शेड्यूल:
पहला क्वालिफायर: 26 मई को धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा.
एलिमिनेटर मैच: 27 मई को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा.
दूसरा क्वालिफायर: 29 मई को मुल्लांपुर में ही खेला जाएगा.
फाइनल: 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां इस सीजन की चैंपियन टीम का फैसला होगा.
क्वालिफायर 1 (Qualifier 1) से जुड़े 4 बड़े सवाल और उनके जवाब:
आईपीएल 2026 का पहला क्वालिफायर कब खेला जाएगा?
आईपीएल 2026 का पहला क्वालिफायर मुकाबला मंगलवार, 26 मई 2026 को खेला जाएगा.
आरसीबी और जीटी के बीच क्वालीफायर 1 मुकाबला कहां खेला जाएगा?
आरसीबी और जीटी के बीच क्वालीफायर 1 मैच धर्मशाला के खूबसूरत ‘हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम’ में खेला जाएगा.
पहला क्वालिफायर मैच भारतीय समयानुसार कितने बजे शुरू होगा?
पहला क्वालिफायर मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि इसका टॉस शाम 7:00 बजे किया जाएगा.
इस मैच का लाइव टेलीकास्ट और लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं?
भारत में टीवी पर इसका लाइव टेलीकास्ट ‘स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क’ (Star Sports Channel) पर देखा जा सकता है. वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जिया हॉटस्टार (JioHotstar app) पर बिल्कुल फ्री में देखी जा सकती है.


