Last Updated:
तिलक ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होने वाले मैच से पहले कहा, ‘मैं खास तौर पर रोहित भाई से बात कर रहा था. उन्होंने मुझे कहा 15-20 गेंद खेलो और तुम जानते हो कि तुम क्या कर सकते हो.
तिलक वर्मा ने शतक के लिए दिया रोहित शर्मा को क्रेडिट
नई दिल्ली. तिलक वर्मा ने बुधवार को बताया कि रोहित शर्मा ने उन्हें आईपीएल में शतक लगाने और फॉर्म में लौटने में मदद की जब उन्होंने सलाह दी कि मैच की स्थिति के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है, बस शुरुआती 15 से 20 गेंद खेलो. तिलक ने नाबाद 101 रन बनाए जिससे मुंबई इंडियंस ने अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर लगातार चार मैच की हार का सिलसिला तोड़ दिया.
तिलक ने 45 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके और सात छक्के लगाए. उनकी शुरुआत थोड़ी धीमी थी और एक समय वह 22 गेंद पर 19 रन बना रहे थे. तिलक ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होने वाले मैच से पहले कहा, ‘मैं खास तौर पर रोहित भाई से बात कर रहा था. उन्होंने मुझे कहा 15-20 गेंद खेलो और तुम जानते हो कि तुम क्या कर सकते हो.
रोहित ने दिखाया रास्ता
उन्होंने कहा, ‘अगर तुम 15 गेंदें खेल लेते हो तो सब जानते हैं कि उसके बाद तुम क्या करोगे. बस स्थिति या किसी और चीज के बारे में मत सोचो, 15 गेंद खेलो और देखेंगे कि क्या होता है.’ तिलक ने कहा, ‘इससे मुझे आत्मविश्वास मिला और मैंने मन में ठान लिया कि मैं 15 गेंद खेलूंगा और उसके बाद बाकी चीजें देखूंगा. जब मैंने वे 15 गेंद खेल लीं तो अपने आप ही समझ आ गया कि मुझे बड़े शॉट लगाने हैं.
पिछले मैचों का नहीं लिया दबाव
तिलक ने कहा कि आईपीएल की खराब शुरुआत के बाद उन्होंने खुद पर कोई दबाव नहीं लिया. पिछले मैच से पहले उन्होंने 20, 00, 14, 01 और 08 रन बनाए थे. उन्होंने कहा, ‘(पिछले कुछ मैच में) मुझे विकेट पर ज्यादा समय नहीं मिला और मुझे शुरू से ही बड़े शॉट लगाने पड़े. कभी-कभी गेंद मेरे बल्ले पर आती है और कभी-कभी मैं आउट हो जाता हूं, इसलिए मैंने इस बात का ज्यादा दबाव नहीं लिया कि मैं अच्छी फॉर्म में नहीं हूं.’ तिलक ने कहा कि मौजूदा आईपीएल में अब तक सिर्फ एक अर्धशतक लगाने वाले सूर्यकुमार यादव एक बड़ी पारी खेलने से ज्यादा दूर नहीं हैं.


