Last Updated:
Bahraich Crime News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कैसरगंज में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शादी के जश्न के बीच 7 साल के मासूम बच्चे की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मंझारा तौकली गांव की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. परिजनों ने पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तीन टीमों का गठन किया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र जहां एक तरफ पूरा गांव शादी के जश्न में डूबा हुआ था और डीजे की धुन पर लोग थिरक रहे थे, वहीं दूसरी ओर कुछ बेरहम हाथों ने महज 7 साल के मासूम बच्चे को मौत के घाट उतार दिया. मंझारा तौकली गांव के मजरा दयाल पुरवा में हुई इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटे का माहौल है.
दावत देखने निकला था धनंजय, नहीं लौटा वापस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंझारा तौकली गांव के निवासी धनंजय (7 वर्ष) अपने चार भाइयों के साथ बुधवार की रात गांव में आयोजित एक शादी समारोह की दावत में शामिल होने गया था. डीजे बज रहा था और गांव में काफी चहल-पहल थी. धनंजय की मां सोनम ने बताया कि देर रात तक जब बच्चा घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को लगा कि शायद वह छोटे बच्चों के साथ किसी के घर सो गया होगा. लेकिन जैसे ही सुबह हुई, एक ऐसी खबर आई जिसने परिवार के पैरों तले जमीन खिसका दी.
झाड़ियों में मिला लहूलुहान शव, गले पर थे गहरे निशान
गुरुवार की सुबह जब गांव की महिलाएं शौच के लिए खेत की तरफ गईं, तो उन्होंने घर से महज 100 मीटर की दूरी पर मूंज के झुरमुट (झाड़ियों) में एक बच्चे का शव पड़ा देखा. पास जाकर देखा गया तो वह मासूम धनंजय था. हत्यारों ने बड़ी बेरहमी से धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया था. शव मिलते ही गांव में कोहराम मच गया. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों का कहना है कि शादी में डीजे इतनी तेज बज रहा था कि बच्चे की चीख-पुकार किसी के कानों तक नहीं पहुंच सकी.
पुरानी रंजिश का शक, पुलिस ने शुरू की धरपकड़
परिजनों ने प्राथमिक तौर पर गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है. माँ सोनम का कहना है कि उनकी कुछ लोगों से पुरानी दुश्मनी चली आ रही है और इसी का बदला लेने के लिए उनके मासूम बेटे को निशाना बनाया गया. परिजनों की तहरीर के आधार पर कैसरगंज पुलिस ने संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया है जिससे गोपनीय स्थान पर पूछताछ की जा रही है.
जांच के लिए पुलिस की 3 टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह, सीओ कैसरगंज और एसडीएम कैसरगंज ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया. फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य और उंगलियों के निशान एकत्र किए हैं.
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि, ‘परिजनों की तहरीर पर रंजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं. जल्द ही इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर दिया जाएगा.’
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
मासूम की हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है. स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि एक सात साल के निर्दोष बच्चे के साथ ऐसी दरिंदगी कैसे की जा सकती है. फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संदिग्धों से पूछताछ के जरिए मुख्य कातिलों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें


