Last Updated:
CNG Price Hike: दिन-प्रतिदिन बढ़ती महंगाई अब आम जनता और गरीबों की बर्दाश्त से बाहर होती जा रही है. दूध और कमर्शियल सिलेंडर के बाद अब सीएनजी (CNG) गैस की कीमतों में आए उछाल ने लोगों की कमर तोड़ दी है. आगरा में सीएनजी के दामों में सीधे 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद कीमत बढ़कर 98 रुपये प्रति किलो हो गई है. इस अचानक हुई बढ़ोतरी से सबसे बड़ा झटका ऑटो चालकों और मध्यम वर्ग को लगा है, जिनका मासिक बजट पूरी तरह से तहस-नहस हो गया है. हालात ये हैं कि अब लोगों के सामने घर चलाने और बच्चों को पालने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.
CNG Price Hike: उत्तर प्रदेश के आगरा में वर्तमान में सीएनजी गैस की कीमत 98 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच चुकी है. इस बढ़ी हुई कीमत के बाद सीएनजी पंपों पर गैस डलवाने आए ऑटो चालकों का दर्द छलक पड़ा. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस कमरतोड़ महंगाई में उनका बजट पूरी तरह से तहस-नहस हो रहा है. चालकों के मुताबिक, सीएनजी अब इतनी महंगी हो चुकी है कि उस हिसाब से रोजाना की इनकम नहीं बची है, जिससे ऑटो चलाना अब घाटे का सौदा साबित हो रहा है. सबसे बड़ी समस्या यह है कि सवारी या ग्राहक किराया बढ़ाने को तैयार नहीं हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार लगातार दाम बढ़ा रही है. ऐसे में चालकों के लिए परिवार का पेट पालना बेहद मुश्किल होता जा रहा है.
किराए पर ऑटो लेने से कतरा रहे हैं ड्राइवर, मालिक परेशान
सीएनजी की इस मार से केवल ऑटो ड्राइवर ही नहीं, बल्कि ऑटो मालिक भी गहरे संकट में हैं. आगरा के वीरेश राजपूत ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि उनका मुख्य रूप से ऑटो का ही कारोबार है और उनके पास कई ऑटो हैं, जिन्हें वे ड्राइवरों को किराए पर देते हैं. लेकिन जब से सीएनजी गैस महंगी हुई है, लोग ऑटो किराए पर लेने ही नहीं आ रहे हैं. ड्राइवरों का कहना है कि महंगाई के इस दौर में दिनभर ऑटो चलाने के बाद गैस के दाम तक नहीं निकल पा रहे हैं, तो वे मालिक को किराया कहां से देंगे.
वहीं, दूसरी तरफ आगरा के ही निवासी आकाश ने हताशा जताते हुए कहा कि अब तो ऐसा लगने लगा है कि ऑटो चलाना ही बंद करना पड़ेगा। सरकार हर चीज पर दाम बढ़ाती जा रही है और आम जनता त्रस्त है. उन्होंने सरकार से अपील की है कि बढ़ती महंगाई पर तुरंत रोक लगाई जाए.
सरकार गरीबों की तरफ सोचे, जनता ने लगाई गुहार
आगरा में महंगाई अब अपने चरम सीमा पर पहुंच चुकी है, जिसका सबसे सीधा और घातक असर गरीब और मजदूर तबके पर पड़ रहा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले घरेलू गैस सिलेंडर महंगा हुआ, फिर दूध के दाम बढ़ाए गए और अब सीएनजी गैस की कीमतों ने भी आसमान छूना शुरू कर दिया है. आगरा निवासी शैलेंद्र ने बताया कि आज के समय में हर चीज महंगी होती जा रही है, लेकिन आमदनी का जरिया (सोर्स ऑफ इनकम) लगातार कम हो रहा है.
लोगों के काम-धंधे पहले से ही मंदे चल रहे हैं और ऊपर से यह चौतरफा महंगाई. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ और महंगाई पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में इसके बेहद विपरीत परिणाम देखने को मिल सकते हैं. जनता की मांग है कि सरकार को जल्द से जल्द गरीबों के हित में सोचना चाहिए.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें


