21.6 C
Munich

धोनी का सालों पुराना रिकॉर्ड स्वाहा…अब रैना की बारी, केएल राहुल ने एक ही पारी में तोड़ दिए माही के दो बड़े कीर्तिमान

Must read


नई दिल्ली. दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबले में सबकी नजरें दिल्ली के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल पर टिकी थीं. मैदान पर उतरने से पहले राहुल को आईपीएल के सर्वकालिक सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में एमएस धोनी को पीछे छोड़ने के लिए महज 13 रनों की दरकार थी. राहुल ने न केवल इस आंकड़े को पार किया, बल्कि इसे बेहद शानदार अंदाज में एक कड़क चौके के साथ हासिल कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम छठे स्थान पर दर्ज करा लिया.

एमएस धोनी (MS Dhoni) को आईपीएल का सबसे बड़ा लीजेंड माना जाता है. उनके नाम 278 मैचों की 242 पारियों में 5,439 रन दर्ज हैं. धोनी ने यह रन 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं. लेकिन केएल राहुल (KL Rahul) ने अपनी निरंतरता और क्लास के दम पर इस बड़े मुकाम को बहुत कम मैचों में हासिल कर लिया. पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान केएल राहुल ने जैसे ही अपनी पारी के 13 रन पूरे किए, वह धोनी से आगे निकल गए. राहुल ने अब तक खेले गए अपने 152 मैचों में 5,462 से अधिक रन बना लिए हैं. यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने धोनी की तुलना में लगभग 125 मैच कम खेलकर यह जादुई आंकड़ा छुआ है. राहुल का बल्ला इस सीजन में आग उगल रहा है. उन्होंने इस मुकाबले से पहले 6 पारियों में 166.67 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 205 रन बनाए थे, जिसमें 92 रनों का सर्वश्रेष्ठ स्कोर और दो अर्धशतक शामिल थे. पंजाब के खिलाफ उनकी वर्तमान पारी उनके इस कुल योग को और भी विशाल बनाने वाली है.

केएल राहुल ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड.

विकेटकीपर के तौर पर नया ‘किंग’
केएल राहुल ने केवल रनों के मामले में ही धोनी को पीछे नहीं छोड़ा, बल्कि एक खास रिकॉर्ड में भी उन्हें मात दी है. आईपीएल इतिहास में एक ‘डेजिग्नेटेड विकेटकीपर-बल्लेबाज’ के तौर पर सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अब केएल राहुल के नाम हो गया है. राहुल 31 बार पचास प्लस रन बना चुके हैं. जबकि एमएस धोनी ने अपने करियर में बतौर विकेटकीपर 24 बार 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया था. यह आंकड़े गवाही देते हैं कि आधुनिक क्रिकेट में राहुल किस तरह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी के साथ अपनी बल्लेबाजी को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं.

किस्मत का साथ और ताबड़तोड़ प्रहार
आज के मैच की बात करें तो केएल राहुल शुरुआत से ही आक्रामक मूड में नजर आए. उन्होंने तूफानी पारी खेलकर दिल्ली कैपिटल्स को जबरदस्त शुरुआत दिलाई. हालांकि, इस पारी के दौरान किस्मत ने भी राहुल का बखूबी साथ दिया. अर्शदीप सिंह की गेंद पर शशांक सिंह ने उनका एक आसान सा कैच टपका दिया, जिसका फायदा उठाते हुए राहुल ने अगली ही गेंद पर चौका जड़ दिया.

सुरेश रैना का रिकॉर्ड खतरे में
धोनी को छठे स्थान से नीचे धकेलने के बाद अब केएल राहुल की नजरें ‘मिस्टर आईपीएल’ कहे जाने वाले सुरेश रैना पर हैं. रैना आईपीएल इतिहास में 5,528 रनों के साथ पांचवें स्थान पर काबिज हैं. राहुल जिस लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि इसी सीजन में वह रैना को भी पीछे छोड़कर टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे.

आज के मुकाबले की प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.

दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, समीर रिज़वी, अक्षर पटेल (कप्तान), नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article