Last Updated:
कार्तिक शर्मा ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक मैच जिताऊ पारी खेली. उन्होंने मुश्किल में आकर टीम के लिए फिफ्टी ठोकी और फिर महेंद्र सिंह धोनी के स्टाइल में गन सेलिब्रेशन किया. कार्तिक ने बताया कि वो सोच कर आए थे अगर अच्छा प्रदर्शन किया तो ऐसा कुछ करेंगे.
गन सेलिब्रेशन कर कार्तिक शर्मा ने दिलाई महेंद्र सिंह धोनी की याद
नई दिल्ली. चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक अनजान चेहरे ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ ऐसी पारी खेली जिसने हर किसी को उनके नाम से पहचान कराया. कार्तिक शर्मा ने शनिवार को चेन्नई की आठ विकेट से जीत में अपनी भूमिका निभाई. मैच की आखिरी गेंद के बाद जो हुआ उसने सबका ध्यान खींच लिया. युवा सीएसके बल्लेबाज ने गन-पॉइंटेड जेस्चर किया जो दो दशक पहले महेंद्र सिंह धोनी के आइकॉनिक सेलिब्रेशन की याद ताजा कर गया.
कार्तिक ने बताया कि बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले ही उन्होंने सोच लिया था कि अगर रन बनेंगे तो इसी अंदाज में जश्न मनाएंगे. उन्होंने यह भी साफ किया कि इसके पीछे धोनी का कोई प्रभाव नहीं था. यह सिर्फ उनका अपना पल था, अपनी मेहनत का जश्न मनाने का उनका तरीका था. कार्तिक की 40 गेंद में नाबाद 54 रन की पारी संयम भरी पारी खेली और फिर वो सेलिब्रेशन किया. उन्होंने कहा, “मैंने पहले ही प्लान कर लिया था कि अगर आज रन बनाऊंगा तो ऐसे ही सेलिब्रेट करूंगा.”
धोनी का वो गन सेलिब्रेशन
अक्टूबर 2005 में, 24 साल के धोनी ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ एक ऐतिहासिक वनडे पारी खेली थी. 299 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत दबाव में था, तभी धोनी ने कमान संभाली. उन्होंने 145 गेंद में नाबाद 183 रन बनाए. इसमें 15 चौके और 10 छक्के शामिल थे और भारत को 46.1 ओवर में चार विकेट पर 303 रन तक पहुंचाया. जब उन्होंने शतक पूरा किया, तो गन-पॉइंटेड जेस्चर के साथ जश्न मनाया, जो क्रिकेट के सबसे यादगार पलों में से एक बन गया.
कार्तिक के लिए यादगार पारी
हालांकि कार्तिक को अभी लंबा सफर तय करना है. 20 साल और छह दिन की उम्र में ही उन्होंने अपनी छाप छोड़नी शुरू कर दी है. शनिवार को उनकी फिफ्टी ने उन्हें आईपीएल में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे सबसे युवा सीएसके बल्लेबाज बना दिया, उनसे आगे सिर्फ आयुष म्हात्रे हैं. चेज के लिहाज से उनकी पारी बेहद अहम थी. संजू सैमसन के जल्दी आउट होने और उर्विल पटेल के 24 रन बनाकर पवेलियन लौटने के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 46 रन था. कार्तिक आए और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (48 गेंद में नाबाद 67 रन) के साथ पारी को संभाला. दोनों ने जरूरी रन जोड़ते हुए चेन्नई को मुंबई के 159/7 के स्कोर को आठ विकेट और 29 गेंद शेष रहते पार करा दिया.
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


