Last Updated:
संगकारा ने कहा, “मेरा वैभव के लिए संदेश बहुत सीधा है, हर चीज का मजा लो. चाहे 35 गेंद में 100 रन हों, 15 गेंद में 50 रन या पहली ही गेंद पर आउट होना. तुम्हें रन बनाने का भी हक है और असफल होने का भी. यह क्रिकेट का हिस्सा है.”
पिछले मैच में शून्य पर आउट होकर लौटे वैभव सूर्यवंशी को टीम को हेड का साफ मैसेज
नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का सबसे बड़ा आकर्षण बन गए हैं. 15 साल के इस खिलाड़ी ने अपनी बेबाक बल्लेबाजी से पूरे देश का ध्यान खींचा है. चाहे लीग के दिग्गज गेंदबाज हों उन्होंने हर किसी को जमकर कूटा है. दुनिया के सबसे बड़े टूर्नामेंट में सुर्खियों में वैभव ही इस समय सबसे ज्यादा सुर्खियों में हैं. पिछले मैच में शून्य पर आउट के बाद अब उनपर और भी नजरें हैं. राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच और क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने वैभव को सतर्कता बरतने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि वैभव को बिना किसी दबाव के अपने क्रिकेट का मजा उठाना चाहिए.
संगकारा ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा, “मेरा वैभव के लिए संदेश बहुत सीधा है, हर चीज का मजा लो. चाहे 35 गेंद में 100 रन हों, 15 गेंद में 50 रन या पहली ही गेंद पर आउट होना. तुम्हें रन बनाने का भी हक है और असफल होने का भी. यह क्रिकेट का हिस्सा है.”
संगकारा ने सूर्यवंशी की तेज तरक्की के पीछे की मेहनत को भी सराहा. उन्होंने कहा, “वैभव एक बेहद रोमांचक युवा खिलाड़ी है. लोग उसकी प्रतिभा की बात करते हैं, लेकिन उन्हें यह भी समझना चाहिए कि वह नेट्स पर कितनी मेहनत करता है. वह खेल को अच्छी तरह पढ़ता है, परिस्थितियों को भांपता है और गेंदबाजों के खिलाफ अच्छी योजना बनाता है.”
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी
अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में भी धमाकेदार शुरुआत की. उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ओपनिंग मैच में सिर्फ 17 गेंद में 52 रन ठोक डाला और बताया कि वो किस फॉर्म चल रहे हैं. पांच पारियों के बाद उनका स्ट्राइक रेट 263 से भी ज्यादा है. उनका बेखौफ अंदाज तब दिखा जब उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी उन्होंने हेजलवुड की गेंदों पर लगातार चौके-छक्के लगाए. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में वह प्रफुल हिंगे की पहली ही गेंद पर आउट हो गए.
इस विकेट पर संगकारा ने चिंता नहीं जताई. उन्होंने कहा, “आज के टी20 क्रिकेट में ओपनिंग का मतलब है पूरी तरह आक्रामक खेलना. वह धीरे-धीरे सब कुछ सीख जाएगा. ऐसे खिलाड़ियों के लिए कभी-कभी कम बोलना ही बेहतर होता है. मैं चाहता हूं कि वह वही 15 साल का बच्चा बना रहे, जो मैदान पर जाकर उत्साह के साथ बल्लेबाजी करता है. इसी तरह वह सच में आगे बढ़ेगा. कम स्कोर तो उसके साथ और बाकी सभी के साथ भी होंगे, लेकिन मुझे बहुत खुशी है कि वैभव हमारी टीम का हिस्सा है.”
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें


