Last Updated:
PBKS vs LSG Highlights: पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में जीत का सिक्सर लगते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से धूल चटा दी. मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले में प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली पंजाब किंग्स की इस बड़ी जीत के नायक रहे. दोनों ने तूफानी अर्धशतक जड़ते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया.
पंजाब किंग्स ने लगाया जीत का शिकस्त सिक्सर.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की टीम विजयरथ पर सवार है. लखनऊ सुपर जायंट्स भी पंजाब का जीत का सिलसिला रोकने में कामयाब नहीं हुई. सीजन के 29वें मुकाबले को नाम कर पंजाब ने अपने अजेय रहने का क्रम जारी रखते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से धूल चटा दी. अपने होम ग्राउंड मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली के तूफानी अर्धशतकों से 254 रन का विशाल स्कोर बनाया था. लक्ष्य का पीछा करते हुए पंत की टीम पूरे ओवर खेलकर 200 रन तक ही पहुंच सकी. पंजाब की यह छठी जीत है, जबकि लखनऊ को चौथी हार का सामना करना पड़ा है. टॉप पर मौजूद पंजाब किंग्स इस जीत के साथ ही 10 अंकों का आंकड़ा पार करने वाली सीजन की पहली टीम बन गई है.
प्रियांश-कोनोली ने एकतरफा बनाया मैच
सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य की 37 गेंद में 93 रन की अर्धशतकीय पारी और कूपर कोनोली (87 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 182 रन की साझेदारी से पंजाब किंग्स ने टीम को 250 से ऊपर के स्कोर तक पहुंचाकर मुकाबले को पहले ही एकतरफा कर दिया. पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ के बल्लेबाजों ने कोशिश पूरी की, लेकिन कामयाब नहीं हुए. दिल्ली के 24 साल के युवा बल्लेबाज प्रियांश ने अपनी पारी के दौरान नौ छक्के और चार चौके लगाए, जबकि ऑस्ट्रेलिया के कोनोली की 46 गेंद की पारी में आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे. मार्कस स्टोइनिस ने पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले 29 रन का योगदान दिया.
पंजाब किंग्स ने लगाया जीत का शिकस्त सिक्सर.
पावरप्ले में बने 63 रन
पावरप्ले में एक विकेट पर 63 रन का स्कोर अच्छा था, लेकिन सातवें से 11वें ओवर के बीच का मध्य चरण और भी बेहतर रहा जिसमें 66 रन बने. मजबूत कद-काठी वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज प्रियांश काफी कम फुटवर्क के बस एक जगह खड़े होकर पूरी ताकत और बल्ले की पूरी गति से शॉट लगाते रहे जिससे गेंदें तेजी से बाउंड्री के पार जाती रहीं. उन्होंने फुल लेंथ गेंदों को सीधे या एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से मारा. छोटी और वाइड गेंदों को उन्होंने कट या रैंप शॉट से खेला जबकि कंधे की ऊंचाई पर आई बाउंसर गेंदों को उन्होंने बिना चेहरे पर कोई भाव लाए, पुल या हुक शॉट से बाउंड्री के पार भेज दिया. वहीं कोनोली का अंदाज बिल्कुल अलग था. एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से उनके ऊंचे छक्के और फ्रंट-फुट पर आकर डीप मिड-विकेट स्टैंड में लगाए गए पुल-शॉट देखकर उनकी फ्रेंचाइजी के कोच रिकी पोंटिंग को भी उन पर गर्व हुआ होगा.
शतक से चूके दोनों बल्लेबाज
दोनों की बल्लेबाजी शैली एक-दूसरे से बिल्कुल अलग थी. प्रियांश ने अपना अर्धशतक सिर्फ 19 गेंदों में पूरा किया जबकि अगले 43 रन बनाने के लिए उन्होंने 18 गेंदें लीं. दूसरी ओर कोनोली ने थोड़ा समय लिया, उन्होंने 35 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किया, लेकिन अगले 37 रन सिर्फ 12 गेंदों में बना दिए. दिल्ली का यह युवा खिलाड़ी तब भी बिल्कुल भी विचलित नहीं हुआ, जब उसका पारी की शुरूआत करने वाला जोड़ीदार प्रभसिमरन सिंह मोहम्मद शमी की एक आउटस्विंगर गेंद पर किनारा लगने से अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो गया.
कोनोली और प्रियांश दोनों ही बहुत कम समय के अंतराल पर आउट हो गए. हालांकि, उस समय दोनों का शतक लगाना आसान लग रहा था. यह भारतीय युवा खिलाड़ी अपना 10वां छक्का लगाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मिचेल मार्श ने बाउंड्री लाइन पर उसे कैच कर लिया. एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका राहत की सांसा लेते हुए नजर आए. वहीं दूसरी ओर प्रियांश और कोनोली की जोड़ी ने जो नुकसान पहले ही कर दिया था, उसकी भरपाई करना अब नामुमकिन सा लग रहा था.
पंत से हो गई बड़ी भूल
एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत को निश्चित रूप से इस बात का पछतावा होगा कि जब पारी की शुरुआत में ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने कोनोली को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया था तो उन्होंने डीआरएस का इस्तेमाल क्यों नहीं किया. रिप्ले से यह साफ हो गया कि अगर डीरआरएस लिया जाता तो टीवी अंपायर कोनोली को आउट करार दे देते. इसके बाद मोहसिन का आत्मविश्वास डगमगा गया और उन्होंने अपने तीसरे ओवर में 20 रन लुटा दिए जिससे मैच की पूरी लय एलएसजी के हाथों से निकल गई. उनके लिए एकमात्र राहत की बात प्रिंस यादव (चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट) रहे.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


