UP News Live In Hindi: अगर आप उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और हर जिले से जुड़ी ताज़ा खबरों पर नज़र रखना चाहते हैं, तो न्यूज18 हिंदी के इस लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें. यहां आपको प्रदेश के कोने-कोने से हर छोटी-बड़ी खबर, ब्रेकिंग अपडेट्स, राजनीतिक हलचल और आपराधिक घटनाओं की सटीक और तेज जानकारी लगातार मिलती रहेगी. हर पल बदलती खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे साथ बने रहें और जानें यूपी की हर अहम हलचल सबसे पहले…
अंबेडकरनगर में लूट का बड़ा खुलासा, सगे भाई ने ही रची थी 13 लाख की साजिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
अंबेडकरनगर में पुलिस ने 13 लाख रुपये की लूट का चौंकाने वाला खुलासा किया है, जहां सगे भाई ने ही पूरी वारदात की साजिश रची थी. पुलिस ने अंतरजनपदीय लूट गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक 11 अप्रैल 2026 को बिहार से वसूली कर लौट रहे दो कपड़ा व्यवसायियों से जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में लूट की वारदात हुई थी. जांच में सामने आया कि पीड़ित व्यवसायी जलाल का भाई शाहिद ही इस वारदात का मास्टरमाइंड था, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिलाया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 5 लाख रुपये, एक तमंचा और घटना में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद की हैं. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य नेटवर्क की भी जांच में जुटी है.
बुलंदशहर शवा हत्याकांड में बड़ा फैसला, 3 आरोपी बरी, 1 दोषी करार, 4 साल जेल में रहे निर्दोष
बुलंदशहर के चर्चित शवा हत्याकांड में जिला न्यायालय ने अहम फैसला सुनाया है. अपर सत्र न्यायाधीश-5 मोहम्मद नसीम की अदालत ने तीन आरोपियों, मुदस्सिर, शादाब और मुजम्मिल को सबूतों के अभाव में निर्दोष करार दे दिया, जबकि चौथे आरोपी आमिर को दोषी पाया गया है. गौरतलब है कि ये तीनों आरोपी चार साल से अधिक समय तक जेल में बंद रहे, जिसके चलते पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठे हैं. यह मामला 9 सितंबर 2021 का है, जब थाना आगौत क्षेत्र के जौलीगढ़ गांव में कुमारी शवा की हत्या हुई थी. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को आरोपी बनाया था, लेकिन ट्रायल के दौरान साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने तीन को बरी कर दिया और एक को दोषी ठहराया. अब इस फैसले के बाद मामले में न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस जांच दोनों पर चर्चा तेज हो गई है.
अयोध्या में 29 अप्रैल को भव्य आयोजन, राम मंदिर परिसर में शिव मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण, सीएम योगी होंगे मुख्य अतिथि
राम नगरी अयोध्या में 29 अप्रैल को राम जन्मभूमि परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. शाम 5 बजे परकोटा स्थित शिव मंदिर के शिखर पर विधिवत ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम के लिए ईशान कोण (उत्तर-पूर्वी कोना) में विशेष मंच तैयार किया जाएगा. राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से करीब 800 से 1000 राम भक्तों को आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है. ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री का संबोधन होगा, इसके साथ ही प्रसाद वितरण और श्रद्धालुओं के लिए मंदिर दर्शन की व्यवस्था भी की जाएगी. इस कार्यक्रम की जानकारी राम मंदिर ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने दी है.
बलिया में बीजेपी नेता पर यौन शोषण का गंभीर आरोप, नाबालिग से दो साल तक शोषण का मामला
बलिया के मनियर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बीजेपी से जुड़े एक नेता पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि आरोपी ने नाबालिग बच्ची के साथ करीब दो साल तक शोषण किया. इसके साथ ही पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसकी बहन के साथ भी छेड़छाड़ और गलत हरकतें कीं. घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कही है.
आगरा में घर में घुसकर तीन लड़कियों से मारपीट, अमित और छोटू पर केस दर्ज
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में दबंगों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं. यहां घर में घुसकर तीन लड़कियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. आरोप है कि अमित और छोटू ने घर में घुसकर तीनों लड़कियों को बुरी तरह पीटा. घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.
सीतापुर में पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक ने चाकू से किया हमला, दो महिलाएं घायल
सीतापुर के रेउसा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी के मायके जाने से नाराज एक युवक ने अपनी पत्नी और मौसी पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, घायल दोनों महिलाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से मौसी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
बरेली में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 92 किलो गांजा बरामद, गिरोह का सरगना समेत तीन गिरफ्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने कंटेनर से 92 किलो गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी उड़ीसा के कटक से सामान के बीच गांजा छिपाकर लाते थे और बरेली समेत आसपास के जिलों में इसकी सप्लाई करते थे. गिरोह का सरगना शाकिर खान बताया जा रहा है, जो अपने साथियों सलमान और अमजद खान के साथ इस अवैध धंधे को अंजाम देता था. फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
बरेली में धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर विवाद, मौलाना शहाबुद्दीन बोले- ‘भड़काऊ बयानबाजी पर हो सख्त कार्रवाई’
वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के पास दिए गए धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर अब बरेली से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने इस बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी भड़काऊ बयानबाजी पर उन्हें शर्म आनी चाहिए. मौलाना ने कहा कि वाराणसी की मस्जिद एक ऐतिहासिक स्थल है और वह हमेशा मस्जिद ही रहेगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि इस मामले पर मुसलमान किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि यह पूरा मामला अदालत में विचाराधीन है, ऐसे में इस तरह के बयान देकर लोगों को भड़काने की कोशिश की जा रही है. मौलाना ने मांग की कि धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि माहौल खराब न हो.
बलिया में बड़ी चोरी, दिल्ली गए दंपति के घर से 30 लाख से ज्यादा के गहने और नकदी साफ
बलिया के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब बंद पड़े घर में भीषण चोरी की वारदात सामने आई. बताया जा रहा है कि इलाज के लिए दिल्ली गए दंपति के घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने 30 लाख रुपये से अधिक के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाने में लगी है.
बरेली में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 92 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
बरेली में थाना इज्जतनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां वाहन चेकिंग के दौरान तीन गांजा तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने कंटेनर की तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर लाई जा रही करीब 92 किलो गांजे की बड़ी खेप बरामद की है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा के कटक से कंटेनर में सामान के बीच गांजा छिपाकर लाते थे और बरेली समेत आसपास के जिलों में इसकी सप्लाई करते थे. पुलिस के मुताबिक शाकिर खान इस तस्करी गिरोह का सरगना है, जो सलमान और अमजद खान के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को अंजाम देता था. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है.
गेहूं खरीद पर बड़ा फैसला: बिना फार्मर रजिस्ट्रेशन भी किसान बेच सकेंगे फसल, सीएम योगी के निर्देश
प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गेहूं खरीद को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए निर्देश दिए हैं कि किसान बिना फार्मर रजिस्ट्रेशन के भी सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेच सकेंगे. यह निर्णय किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि किसी तकनीकी प्रक्रिया के कारण उन्हें परेशानी न उठानी पड़े. अब किसान पहले की तरह आसानी से अपनी उपज सरकारी केंद्रों पर बेच सकेंगे. मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं, जिससे किसानों को समय पर उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके.
जौनपुर में पुलिस मुठभेड़, शातिर गो तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा
जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है. मुठभेड़ में एक शातिर गो तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसे भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली पैर में लगी. घायल तस्कर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चाकू, रस्सी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
संभल केस में आज बड़ा दिन, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, स्टे के चलते रुकी थी कार्रवाई
संभल के चर्चित हरिमंदिर-जामा मस्जिद विवाद को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है. इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ मुस्लिम पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था, जिसके बाद शीर्ष अदालत ने मामले पर स्टे लगा दिया था. इसी स्टे के कारण जिला अदालत में सुनवाई लगातार टलती रही है. स्टे आदेश का असर यह भी रहा कि इस साल ईद से पहले विवादित स्थल की पुताई और सजावट नहीं हो सकी. अब सभी पक्षों की नजर सुप्रीम कोर्ट की आज की सुनवाई पर टिकी है, जिससे आगे की दिशा तय होने की उम्मीद है.
किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट, 25 हजार का इनामी डॉक्टर अफजल गाजियाबाद में ट्रेस, मेरठ में दबिश तेज
अवैध तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट करने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी डॉक्टर अफजल की लोकेशन गाजियाबाद में मिलने की सूचना है. वहीं किडनी दलाल नवीन पांडे के मेरठ में होने की खबर के बाद स्पेशल ऑपरेशन टीम को गाजियाबाद और मेरठ के लिए रवाना कर दिया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. इसी क्रम में उनके रिश्तेदारों के घरों पर भी छापेमारी की गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक पुलिस को जल्द ही दोनों आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है.


