Last Updated:
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए मैदान पर उतरे थे. सैंटनर सीजन में सिर्फ 4 मैच ही खेल पाए. उन्हें कंधे में चोट लगी, जिसके कारण सैंटनर टूर्नामेंट से बाहर हो गए. वहीं अब न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया कि सैंटनर आगामी आयरलैंड सीरीज में भी अब नहीं खेल पाएंगे.
एक महीने तक क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे सैंटनर
नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के लिमिटेड ओवरों की टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण कम से कम एक महीने तक मैदान से बाहर रहेंगे. इस 34 वर्षीय खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच 23 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं कंधे में चोट लग गई थी. हालांकि, चोटिल होने के बावजूद उन्होंने शानदार कैच लपका था.
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शुक्रवार को कहा, ‘‘सैंटनर इस सप्ताह न्यूजीलैंड लौट आए हैं और आज सुबह एक विशेषज्ञ से मिले, जिन्होंने बताया कि उन्हें कम से कम एक महीने के आराम और ‘रिहैबिलिटेशन’ की जरूरत है.’’ सैंटनर ने आईपीएल मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह की गेंद पर सीएसके के कार्तिक शर्मा का डाइव लगाकर कैच लिया, लेकिन इस दौरान उनके कंधे और सिर में चोट लग गई.
आयरलैंड सीरीज से बाहर हुए मिचेल सैंटनर
मिचेल सैंटनर आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. एनजेडसी ने कहा, ‘‘दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में किया जाएगा.’’ न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच एकमात्र चार दिवसीय टेस्ट मैच 27 मई को बेलफास्ट में शुरू होगा. इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स (4-8 जून), द ओवल (17-21 जून) और ट्रेंट ब्रिज (25-29 जून) में तीन टेस्ट मैच खेलेगी.
कैसा रहा आईपीएल में मिचेल सैंटनर का प्रदर्शन
चोटिल होने से पहले आईपीएल में मिचेल सैंटनर के प्रदर्शन की बात करें तो वह कुछ खास नहीं रहा. इस सीजन सैंटनर को मुंबई इंडियंस ने सिर्फ चार मैचों में मैदान पर उतारा, जिसमें उन्होंने गेंदबाजी में 5 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा बल्लेबाजी में सैंटनर ने 26 रन बनाए. सैंटनर इस सीजन में देर से अपनी टीम के साथ जुड़े थे, लेकिन चोट के कारण वह जल्दी टूर्नामेंट से बाहर हो गए.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


