Last Updated:
श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “उस व्यक्ति से मेरा कोई रिश्ता नहीं है. मैं उसे भाई कहता था. लेकिन पिछले 1-2 महीने में उसने वह विज्ञापन किया और अब मैंने उसे इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया है. उसने उस घटना पर एक विज्ञापन बना दिया. उसने उससे करीब 80 लाख से 1 करोड़ रुपये कमाए.
एस श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर लगाए गंभीर आरोप, इंस्टाग्राम पर किया ब्लॉक
नई दिल्ली. साल 2008 के ‘स्लैपगेट’ विवाद का भूत एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग का पीछा कर रहा है. भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर हमला बोला है. आरोप लगाया है कि पूर्व ऑफ स्पिनर ने उस घटना से फायदा उठाया, जिसने टूर्नामेंट के पहले सीजन को विवादों में डाल दिया था. करीब दो दशक बाद ‘स्लैपगेट’ घटना के बाद श्रीसंत ने हाल ही में एक विज्ञापन को लेकर हरभजन सिंह की सार्वजनिक रूप से आलोचना की है. इसमें उनके पुराने विवाद का जिक्र किया गया था. पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि समय के साथ तनाव कम हो गया था, लेकिन उस घटना को व्यावसायिक रूप में बदलने के फैसले ने उनकी सोच पूरी तरह बदल दी.
यह विवाद 2008 में आईपीएल के पहले सीजन के दौरान हुआ था. मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई झड़प ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था. श्रीसंत की परेशान तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं. इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई थी, जिसमें हरभजन को टूर्नामेंट के बाकी मैचों से निलंबित कर दिया गया था.
हाल ही में श्रीसंत ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात असली घटना नहीं, बल्कि उसका व्यावसायिक इस्तेमाल था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस विज्ञापन से काफी कमाई हुई और उन्हें सोशल मीडिया पर उसे प्रमोट करने के लिए कहा गया, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया. श्रीसंत ने मलयालम न्यूज पोर्टल ‘मातृभूमि’ से कहा, “मैंने कभी किसी इंटरव्यू में भज्जी के बारे में बात नहीं की. यह पहली बार है.”


