Last Updated:
mohsin khan 5 wicket vs kkr: लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा पेसर मोहसिन खान ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ अपनी रफ्तार से कहर बरपाया. मोहसिन ने केकेआर को खिलाफ पंजा खोला और आईपीएल 2026 में 5 विकेट हॉल हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गए. लखनऊ के लिए इस उपलब्धि को नाम करने वाले मोहसिन सिर्फ तीसरे गेंदबाज हैं.
केकेआर के खिलाफ मोहसिन खान ने लिए 5 विकेट.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के मोहसिन खान ने अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से तबाही मचा दी. लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में कोलकाता नाइटराइडर्स के बल्लेबाजों पर यह 27 वर्षीय पेसर कहर बनकर टूटा और पंजा खोल दिया. अजिंक्य रहाणे, टिम साइफर्ट, कैमरन ग्रीन जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों के पास भी मोहसिन की घातक गेंदों का कोई जवाब नहीं था. मोहसिन ने पारी के 11वें ओवर में ही अपने ओवरों का कोटा पूरा किया और सीजन में 5 विकेट हॉल नाम करने वाले पहले गेंदबाज बन गए.
केकेआर की बैटिंग को किया तहस-नहस
पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की बल्लेबाजी को मोहसिन खान ने तहस-नहस करने का काम किया. पारी का पहला ही ओवर फेंकते हुए आखिरी गेंद पर उन्होंने ओपनर साइफर्ट को बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटा दिया. यहां से उनका विकेट लेने का सिलसिला शुरू हुआ. इसके बाद अपने अगले ही ओवर में मोहसिन ने केकेआर के कप्तान को पवेलियन की राह दिखा दी, जो 10 रन ही बना सके. लगातार दो ओवर कराने के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने मोहसिन को पावरप्ले के बाद अटैक पर लगाया. अपना तीसरा ओवर लेकर आए मोहसिन ने इस बार पहली ही गेंद पर रोवमैन पॉवेल (1) का शिकार कर लिया. पंत ने फिर 11वें ओवर में मोहसिन का रुख किया. अपना चौथा और आखिरी ओवर फेंकते हुए मोहसिन और भी घातक साबित हुए और आखिरी दो गेंदों पर दो विकेट लेकर पंजा खोल दिया. उन्होंने कैमरन ग्रीन (34) और अनुकूल रॉय (0) को चलता किया.
एलएसजी के लिए 5 विकेट हॉल लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने.
एलएसजी के तीसरे गेंदबाज बने
मोहसिन ने अपने चार ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट चटकाए. मोहसिन खान का यह आईपीएल मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है. इसके साथ ही मोहसिन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल में पंजा खोलने वाले सिर्फ तीसरे ही गेंदबाज हैं. इससे पहले मार्क वुड और यश ठाकुर ने ये कारनामा किया था. केकेआर के खिलाफ यह किसी भी गेंदबाज द्वारा लिया गया तीसरा 5 विकेट हॉल का रिकॉर्ड है. जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल भी केकेआर के खिलाफ 5 विकेट ले चुके हैं.
कौन हैं मोहसिन खान?
उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले मोहसिन खान एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जिनका कद 6 फीट 3 इंच है. इस युवा ने 2022 अपने पहले ही आईपीएल सीजन में सबको प्रभावित किया. उन्होंने महज 9 मैचों में 14 विकेट झटके और उनकी इकॉनमी रेट 6 से भी कम रही. उस वक्त उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए एक मजबूत दावेदार माना जा रहा था. हालांकि, एक गंभीर चोट के कारण उनका करियर खत्म होने की कगार पर आ गया था. स्थिति इतनी खराब थी कि उन्हें अपना एक हाथ खोने तक की नौबत आ गई थी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और फिट होकर मैदान पर लौटे.
मोहसिन ने 2023 के दूसरे हाफ में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए वापसी की. 2024 सीजन में भी लखनऊ ने उन पर भरोसा जताया, जहां उन्होंने 10 मैचों में 10 विकेट लिए. इसके बाद उन्हें एक और झटका लगा, जब विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान उन्हें घुटने की चोट की समस्या हुई, जिसके कारण वह 2025 के पूरे आईपीएल सीजन से बाहर हो गए. हालांकि, उनकी प्रतिभा को देखते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें आईपीएल 2026 के लिए फिर से रिटेन किया और अब वह धमाल मचा रहे हैं. लखनऊ में शामिल होने से पहले वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


